Wednesday, 17 June 2026

आजमगढ़ सिधारी, एक-एक लाख रुपये के इनामी 2 अभियुक्त गिरफ्तार 10 साल बाद शिकंजे में आए आजमगढ़ जेल से फरार 2 इनामी बंदी 2016 में जिला कारागार से हुए थे फरार, पंजाब में छिपकर कर रहे थे मजदूरी


 आजमगढ़ सिधारी, एक-एक लाख रुपये के इनामी 2 अभियुक्त गिरफ्तार


10 साल बाद शिकंजे में आए आजमगढ़ जेल से फरार 2 इनामी बंदी


2016 में जिला कारागार से हुए थे फरार, पंजाब में छिपकर कर रहे थे मजदूरी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से वर्ष 2016 में जिला कारागार आजमगढ़ से फरार हुए दो इनामी बंदियों को एसटीएफ लखनऊ और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों अभियुक्तों पर शासन द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2016 को जिला कारागार आजमगढ़ से तीन विचाराधीन बंदी फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 157/2016 अंतर्गत धारा 223/224 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में भेजा गया, लेकिन अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे। बुधवार को एसटीएफ लखनऊ एवं थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर चन्द्रशेखर उर्फ शेखर पुत्र स्व. लालजी मुसहर तथा प्रकाश मुसहर पुत्र बुद्धन मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था।


 पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे वर्ष 2016 में अपने एक साथी के साथ जिला कारागार से फरार हो गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे विभिन्न स्थानों पर छिपते रहे और लंबे समय से पंजाब में रहकर मजदूरी एवं खेती का कार्य कर रहे थे। कई वर्षों तक फरार रहने के बाद वे गाजीपुर जाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार चन्द्रशेखर उर्फ शेखर मूल रूप से वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र के लस्करपुर गांव का निवासी है, जबकि वर्तमान में गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में रह रहा था। वहीं प्रकाश मुसहर गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुसी गांव का निवासी है। इस कार्रवाई में एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा थाना सिधारी के निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी एवं पुलिस टीम शामिल रही।


https://youtu.be/Dak8WuYrbcM?si=ty3OZrd1S9Q4C_nR

आजमगढ़ बिलरियागंज,नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी 40-45 वर्षीय महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव


 आजमगढ़ बिलरियागंज,नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी



40-45 वर्षीय महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोलनापुर नहर के पास बुधवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतका की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


 पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। महिला का रंग सांवला, कद मध्यम तथा बाल काले और लंबे हैं। उसने पीले रंग की काले डिजाइन वाली साड़ी, लाल रंग का ब्लाउज पहन रखा था। हाथों में हरे रंग की चूड़ियां तथा नाक में लौंग (नोज पिन) भी मिली है। बिलरियागंज पुलिस द्वारा पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आसपास के थानों एवं अन्य जनपदों में भी महिला के संबंध में सूचना प्रसारित की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा उसकी पहचान कर सके तो तत्काल थाना बिलरियागंज या निकटतम पुलिस चौकी को सूचित करें।


 पहचान के विशेष विवरण: महिला की उम्र लगभग 40-45 वर्ष, सांवला रंग, पीले रंग की काले डिजाइन वाली साड़ी, लाल ब्लाउज, हाथों में हरी चूड़ियां तथा नाक में लौंग मॉडल की नोज पिन है। जानकारी देने के लिए थाना बिलरियागंज पुलिस के मोबाइल नंबर 9454402906 एवं 8546012000 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

आजमगढ़ अतरौलिया पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद; साथी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ अतरौलिया पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार 



लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद; साथी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 की रात करीब नौ बजे रीठिया क्षेत्र के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भंजय सिंह की मोटरसाइकिल रोककर उनकी अपाचे बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। 

बुधवार की रात अपराधियों की तलाश में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ मदियापार की ओर से बहरादेव मंदिर की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान रवि मिश्रा (22) पुत्र अनिल मिश्रा निवासी खदेरूपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में थाना अतरौलिया में संबंधित धारा के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 मई 2026 को बाइक और मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस घटना में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


https://youtu.be/KJ2mCDglLe0?si=vb139VjrD6pLabDE

आजमगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस स्कूल मान्यता में रिश्वत मांगने के आरोप से शिक्षा विभाग में हड़कंप बीएसए ने मांगा तीन दिन में जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी


 आजमगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस


स्कूल मान्यता में रिश्वत मांगने के आरोप से शिक्षा विभाग में हड़कंप


बीएसए ने मांगा तीन दिन में जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में विद्यालय की मान्यता प्रक्रिया में कथित अनियमितता और रिश्वत मांगने के आरोपों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक ने अजमतगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुलदीप नारायण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 13 जून 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो एवं वीडियो में किंड्स किंगडम स्कूल, भरौली के प्रबंधक ने आरोप लगाया था कि विद्यालय की मान्यता के लिए निरीक्षण कर अनुकूल रिपोर्ट भेजने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई। मामले के सार्वजनिक होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


 बीएसए द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि उपलब्ध ऑडियो-वीडियो सामग्री के आधार पर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि धनराशि को लेकर संबंधित अधिकारी की बातचीत सामने आई है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो यह आचरण सरकारी सेवक के दायित्वों और उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956 के प्रावधानों के विपरीत माना जाएगा। नोटिस में बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें तथा आवश्यक साक्ष्यों के साथ लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा है कि पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।