Wednesday, 6 May 2026

आजमगढ़ डबल मर्डर केस में 7 दोषियों को उम्रकैद प्रधानी चुनाव विवाद में 2020 में हुई थी दोहरी हत्या, प्रत्येक दोषी पर ₹1.01 लाख का जुर्माना


 आजमगढ़ डबल मर्डर केस में 7 दोषियों को उम्रकैद



प्रधानी चुनाव विवाद में 2020 में हुई थी दोहरी हत्या, प्रत्येक दोषी पर ₹1.01 लाख का जुर्माना


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय की अदालत ने सात आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक दोषी पर एक लाख एक हजार पांच सौ रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। 


अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी संतरा देवी निवासी अकबेलपुर नाउपुर थाना देवगांव 13 अगस्त 2020 को अपने पति हीरालाल उर्फ मिठाई और बेटों विनोद यादव व तेज कुमार यादव के साथ दवा लेने लालगंज बाजार गई थीं। वापस लौटते समय घोड़सहना गांव में फेंकू यादव के घर के सामने आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। 


बताया गया कि सुरेन्द्र पुत्र फेंकू यादव और प्रदीप उर्फ दिलीप ने हीरालाल और तेज कुमार को प्रधानी चुनाव के संबंध में बातचीत के बहाने घर के अंदर बुला लिया, जबकि संतरा देवी और उनका बेटा विनोद बाहर ही खड़े रहे। इसी दौरान अन्य आरोपी—लाल बहादुर, अजय यादव, उमेश यादव, रणजीत और कमली देवी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही प्रदीप उर्फ दिलीप और सुरेन्द्र ने हीरालाल को गोली मार दी। घटना देख तेज कुमार भागने लगे, लेकिन अन्य आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाल बहादुर व रणजीत ने गोली मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। सुनवाई के दौरान एक आरोपी फेंकू यादव की मृत्यु हो गई। 


अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता प्रियदर्शी पियूष त्रिपाठी, दीपक कुमार मिश्रा और सुधन प्रसाद एडवोकेट ने पैरवी करते हुए कुल आठ गवाह न्यायालय में पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने प्रदीप उर्फ दिलीप, सुरेन्द्र, लाल बहादुर, उमेश यादव, अजय यादव, रणजीत और कमली देवी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।

जालौन दबिश देने गई पुलिस के 4 जवान समेत 5 की मौत आमने-सामने की टक्कर में दर्दनाक हादसा, कई जिलों में शोक की लहर


 जालौन दबिश देने गई पुलिस के 4 जवान समेत 5 की मौत


आमने-सामने की टक्कर में दर्दनाक हादसा, कई जिलों में शोक की लहर



उत्तर प्रदेश जालौन, अपहरण के एक मामले में कार्रवाई करने हरियाणा गई कोतवाली उरई पुलिस टीम मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नूंह जनपद के तावड़ू सदर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में चार पुलिसकर्मियों समेत एक वादी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। 


मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। टीम आरोपियों की तलाश में तावड़ू क्षेत्र पहुंची थी, तभी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) ने भी दम तोड़ दिया।


 सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवा दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद उरई समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। 


जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि एक मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम हादसे का शिकार हुई, जिसमें चार पुलिसकर्मियों व एक वादी की मौत हो गई। एक साथ पांच लोगों की मौत से जालौन समेत कन्नौज, कासगंज, रायबरेली और बांदा में भी शोक की लहर है। मृतकों के घरों पर मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


अपहरण मामले का वादी अमरीक सिंह पंजाब के जनपद संगरूर थाना मूनक गांव बुसेरा का रहने वाला था। वह करीब दो साल से सदर कोतवाली के रिनिया गांव में किराए पर रह कर बटाई की खेती कर रहा था। उनके साथ उनका मौसेरा भाई ब्रजेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह निवासी सब्जी मंडी रोड अमरहेड़ी थाना सिविल लाइन जनपद जींद (हरियाणा) भी रह कर खेती कर रहा था।



ऐ हैं दिवंगत पुलिसकर्मी व वादी 

दिवंगत पुलिस कर्मियों में सदर उरई कोतवाली में तैनात जनपद कासगंज थाना जटमाली ग्राम अलीपुर निवासी उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, जनपद कन्नौज थाना सौरिख ग्राम आदमपुर निवासी उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, जनपद रायबरेली थाना मिल एरिया निवासी आंबेडकर नगर निवासी सर्विलांस सेल में तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार, जनपद बांदा थाना बबेरू ग्राम ब्योवजा निवासी आरक्षी अशोक कुमार व वादी अमरीक सिंह शामिल हैं।