Saturday, 13 June 2026

आजमगढ़ देवगांव वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौत देवगांव के बरडीहा मोड़ के पास ट्रेलर से टकराई आर्टिका कार, एक गंभीर घायल


 आजमगढ़ देवगांव वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौत



देवगांव के बरडीहा मोड़ के पास ट्रेलर से टकराई आर्टिका कार, एक गंभीर घायल


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरडीहा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब एक आर्टिका कार ट्रेलर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। 


पुलिस की मदद से सभी घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि कार में सवार सभी लोग झारखंड राज्य के पलामू जिले के मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को फोन के माध्यम से दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई ह।

आजमगढ़ शहर कोतवाली वृद्ध हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार 15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी अभय उर्फ मत्तू को दबोचा; तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद


 आजमगढ़ शहर कोतवाली वृद्ध हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी अभय उर्फ मत्तू को दबोचा; तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध भुआल चौहान की गला रेतकर की गई हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार 10/11 जून 2026 की रात भुआल चौहान अपने घर के बाहर स्थित पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के पुत्र कर्मराज चौहान की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़ा आरोपी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।


 पूछताछ में आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पूर्व उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित दो चाकू, खून लगा गमछा तथा खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।