Sunday, 5 April 2026

आजमगढ़ मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आजमगढ़ में ट्रैफिक डायवर्जन लागू 6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई मार्ग रहेंगे बंद, वैकल्पिक रास्तों से आवागमन की अपील


 आजमगढ़ मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आजमगढ़ में ट्रैफिक डायवर्जन लागू


6 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई मार्ग रहेंगे बंद, वैकल्पिक रास्तों से आवागमन की अपील



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में 6 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर यातायात विभाग ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह कार्यक्रम थाना कंधरापुर क्षेत्र के ग्राम मीरिया रेहड़ा में आयोजित होना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जारी निदेर्शों के अनुसार, सेहदा अंडरपास से बिलरियागंज की ओर जाने वाले सभी छोटे और बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वाहन सेहदा अंडरपास से भंवरनाथ चौराहा होते हुए जुनैदगंज चौराहा के रास्ते बिलरियागंज जा सकेंगे।


 इसी तरह, बिलरियागंज चौराहा से सेहदा अंडरपास की ओर जाने वाले वाहनों को सियराहा तिराहा से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन जुनैदगंज चौराहा और भंवरनाथ चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। यह ट्रैफिक डायवर्जन 6 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। यातायात प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।

आजमगढ़ मुबारकपुर सूदखोरों की दबंगई, असलहा लेकर पीड़ित के घर पहुंचे, वीडियो वायरल ब्याज चुकाने के बावजूद फिर मांग, विरोध पर बढ़ा विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर जांच में जुटी


 आजमगढ़ मुबारकपुर सूदखोरों की दबंगई, असलहा लेकर पीड़ित के घर पहुंचे, वीडियो वायरल



ब्याज चुकाने के बावजूद फिर मांग, विरोध पर बढ़ा विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाकर जांच में जुटी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पाही गांव में सूदखोरों की दबंगई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे गांव का ही एक दबंग व्यक्ति, जो सूदखोरी का काम करता है, कुछ बाहरी असलहाधारी लोगों के साथ एक पीड़ित के घर पहुंच गया और ब्याज के पैसे को लेकर विवाद करने लगा। 


पीड़ित के अनुसार उसने कुछ महीने पहले उक्त व्यक्ति से ₹20,000 उधार लिया था, जिसे बाद में जमीन बेचकर ब्याज सहित चुका दिया गया। इसके बावजूद सूदखोर द्वारा और ब्याज बाकी होने की बात कहकर दबाव बनाया जा रहा था। इसी को लेकर रविवार को दबंग पक्ष असलहा लेकर पीड़ित के घर पहुंच गया। घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने विरोध जताया और पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस बीच पीड़ित की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सूदखोरों का जाल फैला हुआ है, जिसके चलते इस तरह की दबंगई की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं।

आजमगढ़ मेहनगर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, निरीक्षक व उपनिरीक्षक का हुआ तबादला

आजमगढ़ मेहनगर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, निरीक्षक व उपनिरीक्षक का हुआ तबादला




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक स्तर पर तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार यह स्थानांतरण जनहित एवं रिक्तियों के सापेक्ष तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। निरीक्षक स्तर पर किए गए तबादलों में निरीक्षक निहार नन्दन कुमार को क्राइम ब्रांच से प्रभारी निरीक्षक मेहनगर बनाया गया है। वहीं निरीक्षक संजय कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक मेहनगर से स्थानांतरित कर पुलिस लाइन भेजा गया है।


 इसके अलावा उपनिरीक्षक स्तर पर भी बदलाव किया गया है। उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को थाना सिधारी से हटाकर कोतवाली थाना क्षेत्र की बलरामपुर पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन सुनिश्चित करें।