Thursday, 2 July 2026

आजमगढ़ अतरौलिया करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की मौत खेत की सिंचाई के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ अतरौलिया करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की मौत


खेत की सिंचाई के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) गांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


 जानकारी के अनुसार, सुक्खीपुर (पहिया बुजुर्ग) निवासी अनुराग यादव (18) पुत्र भीम यादव बुधवार की शाम करीब आठ बजे खेत की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत में पड़े विद्युत के खुले तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अतरौलिया के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


 बताया गया कि अनुराग ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वर्तमान में जय मंगल यादव इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। वह जुड़वा भाइयों में बड़ा था। परिवार में उसके छोटे भाई अभिषेक यादव और बहन आराध्य हैं। पिता भीम यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अनुराग की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना देने लगे। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से बीए की छात्रा की हुई मौत घर के भीतर घरेलू कार्य करते समय बनाया शिकार, गांव में शोक की लहर


 आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से बीए की छात्रा की हुई मौत



घर के भीतर घरेलू कार्य करते समय बनाया शिकार, गांव में शोक की लहर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में घर के अंदर काम कर रही एक युवती की सर्पदंश से मौत हो गई। उपचार के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। 


जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की 21 वर्षीय पुत्री महिमा बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर के भीतर घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान घर में मौजूद एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। महिमा की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी बिगड़ती हालत देखकर तत्काल अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। परिजन उसे वहां के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। 


परिजनों ने बताया कि घटना के बाद घर में तलाश करने पर एक सांप को पकड़ लिया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिमा को उसी सांप ने काटा था या किसी अन्य विषैले जीव ने। महिमा स्नातक (बीए) की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी थी और छोटे भाई-बहनों का सहारा भी थी। उसके निधन से छोटे भाई करण (19), पवन (15) और बहन अंतिमा (17) सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां शीला देवी अपनी बड़ी बेटी को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। युवती की असमय मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

आजमगढ़ दीदारगंज 2 लोगों ने फांसी लगाकर दी जान मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे लटका मिला दोनों का शव


 आजमगढ़ दीदारगंज 2 लोगों ने फांसी लगाकर दी जान



मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे लटका मिला दोनों का शव



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग गांवों में 24 घंटे के भीतर दो लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पहली घटना थाना क्षेत्र के खेतापट्टी गांव की है। यहां निवासी गरुण राजभर (35) पुत्र रामरतन राजभर बुधवार रात खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित मंडई में सोने चले गए। देर रात उन्होंने मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी आशा, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। 


दूसरी घटना मगहां (पल्थी) गांव की है। यहां निवासी हरिश्चंद्र (55) पुत्र बेचन राम ने गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित मंडई की बल्ली में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हरिश्चंद्र वेल्डिंग का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी जायत्री, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


 सूचना मिलने पर दीदारगंज थाने के उपनिरीक्षक रमेश चंद्र यादव एवं सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।