Tuesday, 16 June 2026

आजमगढ़ रानी की सराय ट्रेलर की टक्कर से किशोरी की मौत, 2 घायल ननिहाल लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बालक जिला अस्पताल रेफर, चालक ट्रेलर समेत फरार


 आजमगढ़ रानी की सराय ट्रेलर की टक्कर से किशोरी की मौत, 2 घायल



ननिहाल लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बालक जिला अस्पताल रेफर, चालक ट्रेलर समेत फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला कट के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। 


जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के चेवार पूर्व गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिया भारती दो दिन पहले अपने ननिहाल देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव आई थी। मंगलवार को उसके मामा रमेश भारती किसी कार्य से बाइक से आजमगढ़ आ रहे थे। इस दौरान प्रिया और रमेश का 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु भी साथ चलने की जिद करने लगे, जिस पर रमेश दोनों को अपने साथ लेकर आजमगढ़ चले गए। शाम करीब चार बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी की सराय क्षेत्र के कोटिला कट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिया सड़क पर गिरकर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रमेश भारती और उनका पुत्र प्रियांशु सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रमेश को छुट्टी दे दी गई, जबकि प्रियांशु की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली, नकली गहने के आरोप पर ज्वेलर्स की दुकान में हंगामा, ग्राहक-दुकानदार में मारपीट पुरानी कोतवाली स्थित सर्राफा दुकान पर हुआ विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को लेकर आई कोतवाली


 आजमगढ़ शहर कोतवाली, नकली गहने के आरोप पर ज्वेलर्स की दुकान में हंगामा, ग्राहक-दुकानदार में मारपीट



पुरानी कोतवाली स्थित सर्राफा दुकान पर हुआ विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को लेकर आई कोतवाली


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित जितेंद्र कुमार सुधीर कुमार ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार को ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


 जानकारी के अनुसार, ग्राहक ने कुछ समय पूर्व उक्त दुकान से गहने खरीदे थे। बाद में गहनों के नकली होने की शिकायत को लेकर वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से इस संबंध में बातचीत करने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने ग्राहक से गहने छीन लिए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया तथा दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्राहक ने दुकानदार पर नकली सोना देने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ पुलिस का साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 448 शिकायतों से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ फर्जी फर्मों और म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹10 लाख की रकम फ्रीज


 आजमगढ़ पुलिस का साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 448 शिकायतों से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़


फर्जी फर्मों और म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹10 लाख की रकम फ्रीज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "साइबर ठगी के जड़ में वार" के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और अहरौला पुलिस की संयुक्त टीम ने देशभर में साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके बैंक खातों से जुड़ी 448 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन की निगरानी में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि फर्जी फर्मों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। एक खाते में मात्र तीन दिनों में करीब 40 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया। पुलिस ने तकनीकी एवं वित्तीय जांच के आधार पर दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि फ्रीज कराई गई। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, फर्जी आधार, पैन व वोटर आईडी, कूटरचित मुहरें, विदेशी सिम कार्ड, मोबाइल फोन, ब्लैंक चेक, एक महिंद्रा थार रॉक्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


 पुलिस के अनुसार गिरोह भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाकर उनके दस्तावेज अपने कब्जे में ले लेता था और उन्हीं खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करता था। मामले में थाना अहरौला में संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव



शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। वह पिछले कई दिनों से बहन के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। सोमवार की रात बारात आने के बाद परिवार वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त था। इसी दौरान करन घर से कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। 


मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने एक शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है। करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रभारी थानाध्यक्ष बरदह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।