Tuesday, 16 June 2026

आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव



शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। वह पिछले कई दिनों से बहन के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। सोमवार की रात बारात आने के बाद परिवार वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त था। इसी दौरान करन घर से कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। 


मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने एक शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है। करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रभारी थानाध्यक्ष बरदह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment