Tuesday, 30 June 2026

आजमगढ़ पवई, खड़े ट्रक से टकराई कार, चालक की मौत हादसे में कार सवार गंभीर घायल, ट्रक चालक वाहन लेकर फरार


 आजमगढ़ पवई, खड़े ट्रक से टकराई कार, चालक की मौत


हादसे में कार सवार गंभीर घायल, ट्रक चालक वाहन लेकर फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर खड़े ट्रक से कार टकराने के कारण चालक की मौत हो गई, जबकि कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। 


पुलिस के अनुसार छपरा (बिहार) निवासी अमरेंद्र सिंह अपने चालक महिपाल सिंह (36) निवासी अजमेर (राजस्थान) के साथ टाटा हैरियर कार से बिहार से अजमेर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:35 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पिलर संख्या 185.08 के पास दक्षिणी लेन पर खड़े ट्रक से उनकी कार टकरा गई। हादसे में चालक महिपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पवई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। क्षतिग्रस्त कार को पुलिस ने थाने लाकर कब्जे में ले लिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

बहराइच महिला सिपाही ने बैरक में फंदे से लगाई फांसी शादी तय होने के बाद हुई घटना, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट; मोबाइल की होगी जांच


 बहराइच महिला सिपाही ने बैरक में फंदे से लगाई फांसी


शादी तय होने के बाद हुई घटना, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट; मोबाइल की होगी जांच


उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हुजूरपुर थाने में तैनात 25 वर्षीय महिला आरक्षी ज्योति पासवान का शव सोमवार शाम थाना परिसर स्थित बैरक के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराजगंज जनपद की निवासी ज्योति पासवान वर्ष 2019 बैच की आरक्षी थीं और पिछले एक वर्ष से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं। परिजनों के अनुसार हाल ही में उनकी शादी तय हुई थी।


 सोमवार को उनकी ड्यूटी एक युवती का बयान दर्ज कराने में लगी थी। बयान दर्ज कराने के बाद वह शाम करीब चार बजे थाने लौटीं और आमद दर्ज कराने के बाद अपने कमरे में चली गईं। शाम करीब 6:30 बजे बगल के कमरे में रहने वाली महिला आरक्षी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो ज्योति पासवान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।


 पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के मोबाइल की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Monday, 29 June 2026

आजमगढ़ दीदारगंज परदेश से घर लौटे युवक की सड़क हादसे में मौत निजी कार्य से पैदल जाते समय पंचायत भवन के सामने हुआ हादसा


 आजमगढ़ दीदारगंज परदेश से घर लौटे युवक की सड़क हादसे में मौत



निजी कार्य से पैदल जाते समय पंचायत भवन के सामने हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली से घर लौटे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


 जानकारी के अनुसार, पुष्पनगर निवासी सुरजीत गौतम (पुत्र शिवचरन गौतम) रविवार को ही दिल्ली से अपने घर लौटे थे। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह किसी निजी कार्य से पैदल पुष्पनगर सोसायटी से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरायमीर-दीदारगंज मार्ग पर मीर अहमदपुर तिलक स्थित पंचायत भवन के सामने हैदराबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरजीत गौतम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। 


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दीदारगंज थाने के उपनिरीक्षक अवधेश पाल और उपनिरीक्षक रज्जन द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया गया कि मृतक सुरजीत गौतम तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां किसमत्ती देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Sunday, 28 June 2026

आजमगढ़ फूलपुर सार्वजनिक भूमि व शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप, 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज राजस्व विभाग की शिकायत पर कार्रवाई, जांच में सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर निर्माण कर कब्जे का आरोप


 आजमगढ़ फूलपुर सार्वजनिक भूमि व शत्रु संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप, 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज


राजस्व विभाग की शिकायत पर कार्रवाई, जांच में सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर निर्माण कर कब्जे का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऊदपुर में सार्वजनिक उपयोग की भूमि एवं शत्रु संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले में राजस्व विभाग की शिकायत पर पुलिस ने 11 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। राजस्व निरीक्षक वासुदेव यादव की तहरीर के आधार पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम ऊदपुर स्थित गाटा संख्या 424, जो सार्वजनिक उपयोग की भूमि है, तथा गाटा संख्या 430, जो शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज है, की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कराई गई।


 जांच में आरोप है कि इन दोनों भूखंडों पर मकान और दुकान का निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया है। पुलिस ने इस मामले में इम्तियाज अहमद, समीम अहमद, कुलसुम, मोहम्मद अकरम, मोहम्मद असलम, मोहम्मद आजम, मोहम्मद ईशा, शेख अहमद, शेख शाहिद, शाहिन नसीम और सालिम नसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी फूलपुर क्षेत्र के टेवंगा गांव के निवासी बताए गए हैं। एफआईआर के अनुसार, गाटा संख्या 424 की लगभग 90 वर्गमीटर तथा गाटा संख्या 430 की लगभग 110 वर्गमीटर भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का आरोप है। 


प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धाराओं 2, 3 एवं 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Saturday, 27 June 2026

आजमगढ़ ग्रामीणों के विरोध से फरिहा तिराहे पर दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश नाकाम रात में जेसीबी संग पहुंचे ठेकेदार पर अवैध बैरियर लगाने का आरोप, थानाध्यक्ष बोले-मामले की जानकारी नहीं

आजमगढ़ ग्रामीणों के विरोध से फरिहा तिराहे पर दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश नाकाम


रात में जेसीबी संग पहुंचे ठेकेदार पर अवैध बैरियर लगाने का आरोप, थानाध्यक्ष बोले-मामले की जानकारी नहीं



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मोहम्मदपुर फरिहा तिराहे पर अमौड़ा टोल प्लाजा के तत्कालीन ठेकेदार द्वारा कथित रूप से बिना अनुमति दोबारा बैरियर लगाने का प्रयास ग्रामीणों के विरोध के चलते विफल हो गया। आरोप है कि बीती रात करीब दो बजे ठेकेदार जेसीबी मशीन और 25-30 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तथा सड़क के बीच बैरियर लगाने का कार्य शुरू करा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना प्रशासनिक अनुमति बैरियर लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि बैरियर लगाने की अनुमति है तो उसका आदेश सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा किसी भी कीमत पर सार्वजनिक मार्ग पर अवैध बैरियर नहीं लगाने दिया जाएगा। विरोध बढ़ने पर बैरियर लगाने का कार्य रोकना पड़ा।


 ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रयास से इसी स्थान पर लगाया गया कथित अवैध बैरियर हटाया गया था। इसके बावजूद दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मोहम्मदपुर फरिहा तिराहा मंत्री के क्षेत्र, एयरपोर्ट मार्ग तथा शाहगंज, अतरौलिया और अंबेडकर नगर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में यहां बैरियर लगाने से लोगों को अनावश्यक रूप से दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिना अनुमति बैरियर लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं गंभीरपुर थाना प्रभारी ने इस संबंध में कहा कि उन्हें सड़क के बीच बैरियर लगाए जाने की कोई जानकारी नहीं है।

 

लखनऊ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, बिल्डर हत्याकांड का था मुख्य शूटर कई जिलों में हत्या और रंगदारी के दर्ज हैं गंभीर मुकदमे


 लखनऊ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, बिल्डर हत्याकांड का था मुख्य शूटर


कई जिलों में हत्या और रंगदारी के दर्ज हैं गंभीर मुकदमे


लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इंदिरा कैनाल रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी और कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। वह हाल ही में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। 


पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान इंदिरा कैनाल रोड पर संजय उर्फ संजीव से पुलिस का सामना हो गया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल संजय को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


 मृतक संजय उर्फ संजीव पुत्र हरीराम, जनपद अम्बेडकरनगर के थाना अहिरौली क्षेत्र के ग्राम चक कोदार का निवासी था। वह 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, संजय एक आदतन और जघन्य अपराधी था। उसने अम्बेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा तथा खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम दिया था। उसके विरुद्ध अम्बेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जनपदों में हत्या समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Friday, 26 June 2026

शामली पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, दरोगा भी गोली लगने से हुआ घायल साथी फरार, बिना नंबर की बाइक और 9 एमएम पिस्टल बरामद

शामली पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, दरोगा भी गोली लगने से हुआ घायल


साथी फरार, बिना नंबर की बाइक और 9 एमएम पिस्टल बरामद



उत्तर प्रदेश शामली, कांधला क्षेत्र में शुक्रवार सुबह खंद्रावली पुलिस चौकी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहताब मारा गया, जबकि कांधला थाने में तैनात दरोगा दीपचंद गोली लगने से घायल हो गए। घायल दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मेहताब के एक साथी ने मौके से फरार होकर पुलिस को चकमा दे दिया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि खंद्रावली पुलिस चौकी के पास कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मेहताब गोली लगने से घायल हो गया, जबकि बदमाशों की गोली से दरोगा दीपचंद भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मेहताब को मृत घोषित कर दिया।


 पुलिस ने घटनास्थल से बिना नंबर की एक बाइक, 9 एमएम पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि मेहताब कैराना के मोहल्ला आलकलां का रहने वाला था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसने एक मार्च को पानीपत में तैनात महिला कांस्टेबल से सोने के कुंडल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा आदर्श मंडी क्षेत्र में किसानों से लूट की घटना में भी वह शामिल था। पुलिस के अनुसार मेहताब पर हत्या, लूट, डकैती सहित विभिन्न धाराओं में 25 मुकदमे दर्ज थे। वह शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में भी अपने गिरोह के साथ सक्रिय होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह की कमान भी मेहताब के हाथ में थी।

 

आजमगढ़ तहबरपुर पुलिस ने पकड़ा अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य, 50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही थी लग्जरी एसयूवी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करता था सप्लाई; दिल्ली में भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे


 आजमगढ़ तहबरपुर पुलिस ने पकड़ा अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य, 50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद



दिल्ली से चोरी कर मणिपुर ले जाई जा रही थी लग्जरी एसयूवी


फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करता था सप्लाई; दिल्ली में भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग के दौरान अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 50 लाख रुपये कीमत की चोरी की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। आरोपी दिल्ली से चोरी कर लग्जरी वाहनों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर पहुंचाने का काम करता था। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार तड़के तहबरपुर पुलिस मोहर्रम के मद्देनजर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरदहा अंडरपास के पास एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 226.3 पर रेस्ट लेन में एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर खड़ी मिली। पुलिस के पहुंचते ही चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। 


पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तोइजम नटराज सिंह (37) निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में बताई। जांच में पता चला कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसका वास्तविक नंबर DL10CA0100 था और वह दिल्ली से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति लग्जरी वाहनों की चोरी कर उसे उपलब्ध कराता था। वह चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मणिपुर के उखरूल स्थित सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था, जहां उन्हें आगे बेच दिया जाता था। प्रत्येक वाहन की डिलीवरी के बदले उसे 30 हजार रुपये मिलते थे। उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह दो चोरी की गाड़ियां दिल्ली से मणिपुर पहुंचा चुका है। इस बार भी वह 25 जून 2026 को दिल्ली से फॉर्च्यूनर लेकर मणिपुर जा रहा था, लेकिन रास्ते में नींद आने पर एक्सप्रेस-वे पर वाहन खड़ा कर सो गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर, वाहन के मूल दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध तहबरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवीन्द्र प्रताप यादव, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल ताहिर अली, कांस्टेबल सत्यम सिंह तथा रिक्रूट कांस्टेबल आनंद राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Thursday, 25 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस टीम पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला पत्नी को दौड़ाकर मारने की सूचना पर गई थी पुलिस चौकी प्रभारी व सिपाही ने भाग कर बचाई अपनी जान

आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस टीम पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला


पत्नी को दौड़ाकर मारने की सूचना पर गई थी पुलिस


चौकी प्रभारी व सिपाही ने भाग कर बचाई अपनी जान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया हुसैनाबाद गांव में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक युवक द्वारा बांका से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 की रात करीब 12:13 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चकिया हुसैनाबाद निवासी आयशा पत्नी अबू ओसामा ने शिकायत की है कि उसका पति बांका लेकर उसे जान से मारने के लिए दौड़ा रहा है। 


सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा अपने हमराह कांस्टेबल रवि कुमार मौर्य के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि अबू ओसामा पुत्र इदरीश अपनी पत्नी का पीछा कर रहा था। पुलिस द्वारा हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया। काफी समझाने-बुझाने और प्रयास के बाद जब दरवाजा खुलवाया गया तो आरोपी ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए कथित रूप से बांका से चौकी प्रभारी पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपना बचाव किया, हालांकि इस दौरान चौकी प्रभारी और उनके हमराह सिपाही जमीन पर गिर गए, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय में चिकित्सीय परीक्षण कराया। इस संबंध में चौकी प्रभारी की तहरीर पर निजामाबाद थाने में आरोपी अबू ओसामा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

 

आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के 2 इनामी लुटेरे घायल दोनों के पैर में लगी गोली, फायरिंग के बाद दबोचे गए अवैध तमंचे, लूट का सामान और केटीएम बाइक बरामद


 आजमगढ़ फूलपुर पुलिस मुठभेड़ में 25-25 हजार के 2 इनामी लुटेरे घायल



दोनों के पैर में लगी गोली, फायरिंग के बाद दबोचे गए

अवैध तमंचे, लूट का सामान और केटीएम बाइक बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिलाओं से लूट और छिनैती की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का माल, अवैध असलहे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर पुत्र अफसर निवासी सहजेरपुर थाना फूलपुर तथा शिव कुमार राजभर उर्फ लाला पुत्र ललई राजभर निवासी चकबहार थाना फूलपुर के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 


पुलिस के मुताबिक 17 जून 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ऑटो रिक्शा से फूलपुर से दुर्वाषा की ओर जा रही थी। रास्ते में सदरपुर बरौली के पास केटीएम बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर महिला का पर्स छीन लिया था। पर्स में मोबाइल फोन, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी की पायल, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा 14 जून को सरायमीर थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह ने ऑटो से जा रही एक महिला का पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड और अन्य सामान रखा हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय था। 24 और 25 जून 2026 की रात थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट और छिनैती की घटनाओं में शामिल दो बदमाश बिना नंबर प्लेट की केटीएम मोटरसाइकिल से मुड़ियार ईदगाह के पास मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस वाहन की हेडलाइट भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वे फायरिंग करते रहे। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 


गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध देशी तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक जोड़ी चांदी की पायल, 1577 रुपये नकद तथा केटीएम-250 मोटरसाइकिल संख्या UP50DL3584 बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे केटीएम बाइक की तेज रफ्तार का फायदा उठाकर महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाते थे। सुनसान स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर असलहा दिखाकर लोगों को आतंकित करते और तुरंत फरार हो जाते थे। अभियुक्तों ने फूलपुर और सरायमीर क्षेत्र की दोनों लूट की घटनाओं को स्वीकार किया है। इसके अलावा माहुल, पवई और अन्य क्षेत्रों में मोबाइल छिनैती की कई घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उनके अन्य सहयोगियों और कई पुरानी घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में थाना फूलपुर पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतापगढ़ राजा भैया, उनके पिता और 13 समर्थक किए गए नजरबंद सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन की कार्रवाई, भारी पुलिस बल तैनात


 प्रतापगढ़ राजा भैया, उनके पिता और 13 समर्थक किए गए नजरबंद



सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन की कार्रवाई, भारी पुलिस बल तैनात


उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मोहर्रम के दौरान जिले में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, उनके पिता राजा उदय प्रताप सिंह तथा 13 समर्थकों को एहतियातन हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत भदरी कोठी के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।


 पुलिस सूत्रों के अनुसार कुंडा क्षेत्र के शेखपुर गांव में वर्ष 2012 में एक बंदर की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे हनुमान मंदिर का निर्माण कराया था। राजा उदय प्रताप सिंह द्वारा इसी मंदिर में प्रत्येक वर्ष मोहर्रम के दिन हनुमान पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाता है। प्रशासन को आशंका थी कि इस आयोजन और मोहर्रम जुलूस के एक ही समय पर होने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। 


बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 और 2014 में भी जुलूस और भंडारे के एक साथ आयोजित होने के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इस बार पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए नजरबंदी की कार्रवाई की है। पुलिस ने राजा भैया के आवास के बाहर हाउस अरेस्ट का नोटिस चस्पा कर दिया है। नजरबंद किए गए समर्थकों में निर्भय सिंह बेंती, जुगनू विश्वकर्मा (हथिगवां), हनुमान पांडेय (कुंडा), जीतेंद्र यादव, आनंद पाल, रमाकांत मिश्रा, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह, केशरी नंदन पांडेय, जमुना प्रसाद मौर्य, गया प्रसाद प्रजापति तथा मोहन (हथिगवां) शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस ने बताया कि सभी संबंधित लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दी गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात नौ बजे तक हाउस अरेस्ट की कार्रवाई प्रभावी रहेगी।

Wednesday, 24 June 2026

आजमगढ़ मेहनगर डीएम ने की बड़ी कार्रवाई, 3 के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा चारागाह, पोखरी और बाहा की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला, दिए सख्त निर्देश


 आजमगढ़ मेहनगर डीएम ने की बड़ी कार्रवाई, 3 के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा



चारागाह, पोखरी और बाहा की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला, दिए सख्त निर्देश



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक मार्ग, चारागाह, पोखरी, बंजर एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही फर्जी अभिलेखों के माध्यम से सरकारी भूमि पर कब्जा करने के प्रयासों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। इसी क्रम में तहसील मेहनगर प्रशासन ने विभिन्न मामलों की जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। 


उपजिलाधिकारी मेहनगर भूपाल सिंह के नेतृत्व में हुई जांच में ग्राम लौदह ईमादपुर निवासी पंकज पुत्र श्यामा द्वारा चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। इस मामले में धारा 173 बीएनएसएस तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 2 एवं 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ग्राम जाफरपुर निवासी सल्टन पुत्र सुखदेव चौहान एवं जियालाल पुत्र कालीचरन के खिलाफ बाहा खाते की भूमि पर अवैध निर्माण कराने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा ग्राम सरदागंज निवासी बद्री विशाल पुत्र दुनम द्वारा पोखरी की भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए जाने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने अतिक्रमित भूमि को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।


 जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। चारागाह, पोखरी, बाहा, बंजर, सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों की पहचान कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जनपद में अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Tuesday, 23 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से पोखरे में गिरा कक्षा एक का छात्र, पूरे गांव में शोक की लहर


 आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत


घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से पोखरे में गिरा कक्षा एक का छात्र, पूरे गांव में शोक की लहर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फरिहा के सवाई मोहल्ला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार फरिहा के सवाई मोहल्ला निवासी अशफाक अहमद का छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद युसुफ मंगलवार सुबह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। सुबह करीब नौ बजे खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित पोखरे के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। मासूम के पोखरे में गिरते ही साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने युसुफ को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद युसुफ कक्षा एक का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पोखरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

आजमगढ़ जीयनपुर गैंगस्टर आरोपी ने बगीचे में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत प्रधान चुनाव लड़ने की कर रहा था तैयारी, 9 एमएम पिस्टल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ जीयनपुर गैंगस्टर आरोपी ने बगीचे में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत



प्रधान चुनाव लड़ने की कर रहा था तैयारी, 9 एमएम पिस्टल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी गैंगस्टर आरोपी नागेंद्र यादव (27) ने मंगलवार सुबह खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।


 जानकारी के अनुसार, नागेंद्र यादव मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव से लगभग 200 मीटर दक्षिण दिशा में स्थित मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुआं गांव के एक बगीचे में पहुंचा। वहां उसने 9 एमएम पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा तथा मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। 


पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध गैंगस्टर, चोरी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में जीयनपुर कोतवाली और अन्य थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के पास 9 एमएम पिस्टल कहां से आई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Monday, 22 June 2026

आजमगढ़ सरायमीर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ सरायमीर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत



सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तूपट्टी गांव के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी जान चली गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान चककोट खानकाह निवासी मिथलेश यादव (27) और गाहूखोर हसनपुर निवासी सचिन कुमार (25) के रूप में हुई है। 


बताया गया कि मिथलेश अपने एक रिश्तेदार से मिलने संजरपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम जा रहे थे। बाइक उनके मित्र सचिन कुमार चला रहे थे। रविवार की रात करीब 11.30 बजे जब दोनों संजरपुर बाजार से पहले छित्तूपट्टी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, मिथलेश यादव एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और अपने तीन भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटे थे। वहीं सचिन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे तथा वाहन चलाने का कार्य करते थे। दोनों की असामयिक मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। 


थाना प्रभारी सरायमीर भुवनेश चौबे ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sunday, 21 June 2026

आजमगढ़ दीदारगंज, विधायक व सांसद की मौजूदगी में दीदारगंज विधानसभा में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक संपन्न.....


 आजमगढ़ दीदारगंज, विधायक व सांसद की मौजूदगी में दीदारगंज विधानसभा में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक संपन्न.....




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के दीदारगंज विधानसभा की सिसवारा में शनिवार को दोपहर में समाजवादी पार्टी की बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देश पर विधानसभा की बूथ कमेटी का पुनर्गठन करके संगठन को मजबूत करके 2027 में पूर्ण बहुमत से सपा की सरकार बनाना है। बैठक में संगठन के सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से अपनी बात विधायक व सांसद के समक्ष रखी व क्षेत्र में जनता की समस्याओं का भी ध्यान में रखकर निदान करने की बात की गई। 


विधायक कमलाकांत राजभर ने कहा कि पार्टी के निर्देश पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है और समय-समय पर समीक्षा भी की जाती है। आज पूरे देश में भाजपा का नकली चेहरा जनता के सामने दिखाई दे रहा है। भाजपा झूठ फेरेब हिंदू मुस्लिम करके जनता के बीच सांप्रदायिक माहौल पैदा करने का काम करती है। भाजपा सरकार में महंगाई चरम सीमा पर है जिससे देश और प्रदेश की जनता बेहाल है। 

आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा को नष्ट - नाबूत करने के लिए तैयार है। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाकर 2027 में सपा की सरकार बनायेगी।


लालगंज सांसद दरोगा प्रसाद सरोज ने भाजपा को जुमलेबाज पार्टी बताया और कहा कि भाजपा पी.डी.ए.के लोगों को गुमराह कर रही है। गांव में घूम घूम कर लोगों को एक दूसरी जाति से लड़ने का काम कर रही है। वहीं सांसद ने कहा सुभासपा का सिर्फ राजभर जाति के लोगों को वोट बेचने का काम कर रही है ।आज तक एक भी अपने बेटे के अलावा किसी भी राजभर जाति के एक व्यक्ति को टिकट नहीं दिया। सुभासपा पैसा लेकर अन्य जाति के लोगों को अपना टिकट बेच देती है। इसलिए भाजपा पिछड़ा दलित व अल्पसंख्यक विरोधी पार्टी है ।इससे सावधान रहने की जरूरत है।


भाजपा का चाल चरित्र दोहरा व  पीडीए विरोधी पार्टी है। इसलिए समाजवादी पार्टी के सभी पदाधिकारी को एकजुट होकर भाजपा की गलत नीतियों का जन-जन तक पहुंचना आवश्यक है। समाजवादी पार्टी की 2027 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाना है। 


इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रामअचल यादव ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह सामंतवादियों व हिटलर की सरकार है । बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष राम आसरे चौहान ने किया।


बैठक में आशा राजभर, सरोजा, आरती राजभर, विश्वनाथ राजभर, राम सिंगार , पंधारी यादव, रामचेत, आफताब, सीताराम यादव, राजीव गौतम, श्याम देव प्रजापति, ललित राजभर, अरविंद कश्यप, अमरेज, गौरव यादव, रवि शंकर यादव, अफ्फान अबरार, त्रिभुवन बिंद, अरशद शेख ,दीपचंद यादव आदि लोगउपस्थित थे।


आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

आजमगढ़ जहानागंज प्यार का खौफनाक अंत, बड़ैला ताल से युवती का कंकाल बरामद, प्रेमी गिरफ्तार 22 मई से लापता थी ममता, पूछताछ में प्रेमी ने कबूला राज, सिर अब भी गायब


 आजमगढ़ जहानागंज प्यार का खौफनाक अंत, बड़ैला ताल से युवती का कंकाल बरामद, प्रेमी गिरफ्तार


22 मई से लापता थी ममता, पूछताछ में प्रेमी ने कबूला राज, सिर अब भी गायब


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र स्थित बड़ैला ताल से शनिवार शाम एक युवती का कंकाल बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल अवस्था में मिला। बरामद अवशेषों में केवल हाथ और पैर के कुछ हिस्से ही सुरक्षित मिले हैं, जबकि सिर गायब है। पुलिस ने मृतका की पहचान मेंहनगर थाना क्षेत्र के नई गांव निवासी ममता (24) के रूप में की है, जो बीते 22 मई से लापता थी। पुलिस जांच में सामने आया कि ममता का प्रेम संबंध जहानागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मुरहा से था। दोनों पिछले डेढ़ वर्ष से संपर्क में थे। ममता की मां गीता देवी ने 19 जून को मेंहनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी 22 मई की रात मनोज के साथ गई थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


 पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 22 मई को दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें धक्का लगने से ममता की मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को जहानागंज क्षेत्र के बड़ैला ताल में झाड़ियों के बीच छिपा दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ताल से कंकाल बरामद कर लिया। मृतका के चाचा छोटेलाल राजभर ने बताया कि बरामद शव का धड़ मिला है, लेकिन सिर अब तक नहीं मिला है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने 16 जून को ही मेंहनगर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार का कहना है कि उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि वे किसी को फंसाना चाहते हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां एसपी डॉ. अनिल कुमार के हस्तक्षेप के बाद मामले में तेजी आई और आरोपी को हिरासत में लिया गया। मामले में एक नया पहलू भी सामने आया है। मृतका के चाचा के अनुसार आरोपी मनोज यादव के जीजा रितेश यादव ने ही परिवार को ममता की हत्या की जानकारी दी थी। 


बताया गया कि रितेश यादव और मनोज के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा है। रितेश को यह सूचना उसकी बहन से मिली थी, जिसकी शादी आरोपी के घर के पास हुई है। इसी जानकारी के आधार पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया है। चूंकि शव कंकाल अवस्था में मिला है और सिर गायब है, इसलिए मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Saturday, 20 June 2026

मेरठ प्रेम संबंध छिपाने के लिए मां ने कराई बेटे की हत्या, प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश मां ने ही चॉकलेट दिलाने के बहाने कार में बैठाया, चैट और सीसीटीवी फुटेज से खुली साजिश की परतें


 मेरठ प्रेम संबंध छिपाने के लिए मां ने कराई बेटे की हत्या, प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश


मां ने ही चॉकलेट दिलाने के बहाने कार में बैठाया, चैट और सीसीटीवी फुटेज से खुली साजिश की परतें


उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में सात वर्षीय बालक अंगदवीर के अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मासूम की हत्या की साजिश उसकी मां ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने आरोपी मां गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।


 जानकारी के अनुसार बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज निवासी सात वर्षीय अंगदवीर का चार दिन पहले अपहरण कर लिया गया था। बाद में उसकी हत्या कर शव को हस्तिनापुर के जंगल में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मामले में मीरापुर निवासी अर्पित पाराशर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के दौरान सामने आया कि अर्पित और अंगदवीर की मां गुरप्रीत कौर के बीच प्रेम संबंध थे। 


पुलिस जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले अंगदवीर ने अपनी मां और अर्पित को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। गुरप्रीत को आशंका थी कि बेटा इस संबंध की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दे सकता है। इसी डर से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन गुरप्रीत कौर ने ही बेटे को यह कहकर अर्पित की कार में बैठाया था कि अंकल उसे चॉकलेट दिलाने ले जा रहे हैं। मां की बात पर भरोसा कर मासूम कार में बैठ गया। हालांकि आरोपियों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस मार्ग से कार गुजरी, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई थीं। पुलिस को दोनों के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण चैट और संदेश भी मिले हैं। एक संदेश में कथित रूप से लिखा था, “काम हो गया है, तेरे बेटे को मार दिया है, टेंशन मत ले।” इन चैट्स ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने घटना के बाद कहीं और जाकर शादी करने और फरार होने की योजना बनाई थी।


 पूछताछ में गुरप्रीत कौर ने बताया कि वह अपने पति गुरसेवक सिंह से तलाक चाहती थी। गुरसेवक सिंह सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उसने कई बार तलाक की बात की थी, लेकिन पति इसके लिए तैयार नहीं था। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि गुरप्रीत कौर ने अपने प्रेमी अर्पित पाराशर के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अन्य साक्ष्यों के संकलन और मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Friday, 19 June 2026

आजमगढ़ जहानागंज शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट व गैंगस्टर समेत 18 मुकदमे दर्ज


 आजमगढ़ जहानागंज शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट व गैंगस्टर समेत 18 मुकदमे दर्ज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का शारीरिक शोषण करने तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 


पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को थाना जहानागंज में प्राप्त तहरीर के आधार पर ग्राम गम्भीरवन निवासी रोशन सिंह उर्फ विक्की सिंह पुत्र स्वर्गीय देवेन्द्र सिंह के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से इंकार करने तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं। थानाध्यक्ष के निर्देशन में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार कुशवाहा ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को परदेशी मोड़ क्षेत्र से आरोपी रोशन सिंह उर्फ विक्की सिंह (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध जहानागंज, बरदह, निजामाबाद, मेहनगर और कोतवाली थानों में हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, महिला उत्पीड़न, मारपीट और धमकी सहित कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना जहानागंज का हिस्ट्रीशीटर भी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार कुशवाहा, कांस्टेबल श्रीप्रकाश सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

आजमगढ़ हत्या के मामले में 2 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा एवं प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का लगा जुर्माना 2 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में वर्ष 2023 में हुई थी बेलाल की हत्या


 आजमगढ़ हत्या के मामले में 2 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा एवं प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का लगा जुर्माना



2 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में वर्ष 2023 में हुई थी बेलाल की हत्या



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में हत्या के एक चर्चित मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। यह फैसला विशेष सत्र न्यायाधीश ओम प्रकाश मिश्रा की अदालत ने शुक्रवार को सुनाया। न्यायालय के फैसले के बाद दोनों दोषियों को जेल भेज दिया गया।


 अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी शबनम निवासी सदरपुर बरौली थाना फूलपुर ने मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में आरोप लगाया गया था कि उसके पुत्र बेलाल ने गांव के ही कासिम और फहीम से दो लाख रुपये उधार लिए थे। उधार की रकम वापस लेने के लिए दोनों आरोपी अक्सर बेलाल पर दबाव बनाते थे और उससे पैसों की मांग किया करते थे। इसी लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। अभियोजन के मुताबिक, 6 नवंबर 2023 की शाम लगभग साढ़े सात बजे कासिम और फहीम बेलाल को गांव के एक ट्यूबवेल के पास ले गए। वहां पहले से ही दोनों ने हत्या की योजना बना रखी थी। आरोप है कि दोनों ने बेलाल पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।


 घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों कासिम और फहीम के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता निर्मल कुमार शर्मा, ओमप्रकाश सिंह तथा रविंद्र नाथ उपाध्याय ने प्रभावी पैरवी की। अभियोजन ने न्यायालय के समक्ष कुल सात गवाहों को प्रस्तुत किया, जिनकी गवाही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी पाया। दोनों पक्षों की दलीलों और अभिलेखों पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद विशेष सत्र न्यायाधीश ओम प्रकाश मिश्रा ने आरोपी कासिम तथा फहीम को हत्या का दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अदालत के इस फैसले को पीड़ित पक्ष के लिए न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Thursday, 18 June 2026

आजमगढ़ देवगांव, शराब ठेके के विरोध में महिलाओं ने किया रोड जाम शराब की दुकान हटाने की मांग, एसडीएम को लिखित शिकायत देने की दी गई सलाह


 आजमगढ़ देवगांव, शराब ठेके के विरोध में महिलाओं ने किया रोड जाम


शराब की दुकान हटाने की मांग, एसडीएम को लिखित शिकायत देने की दी गई सलाह


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगेहता में खुले शराब ठेके के विरोध में ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर उतर आया। नाराज महिलाओं ने गांव के मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर शराब की दुकान हटाए जाने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। 


जानकारी के अनुसार, देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अगेहता गांव में हाल ही में शराब का ठेका खोला गया है। ठेका खुलने के बाद से गांव की महिलाओं में नाराजगी व्याप्त है। महिलाओं का कहना है कि गांव के बीच शराब की दुकान संचालित होने से सामाजिक वातावरण खराब होगा तथा आए दिन विवाद और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर सड़क पर उतर आईं और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। रोड जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


 सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाया कि वे अपनी आपत्ति लिखित रूप से उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि मामले की विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी से गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Wednesday, 17 June 2026

आजमगढ़ सिधारी, एक-एक लाख रुपये के इनामी 2 अभियुक्त गिरफ्तार 10 साल बाद शिकंजे में आए आजमगढ़ जेल से फरार 2 इनामी बंदी 2016 में जिला कारागार से हुए थे फरार, पंजाब में छिपकर कर रहे थे मजदूरी


 आजमगढ़ सिधारी, एक-एक लाख रुपये के इनामी 2 अभियुक्त गिरफ्तार


10 साल बाद शिकंजे में आए आजमगढ़ जेल से फरार 2 इनामी बंदी


2016 में जिला कारागार से हुए थे फरार, पंजाब में छिपकर कर रहे थे मजदूरी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से वर्ष 2016 में जिला कारागार आजमगढ़ से फरार हुए दो इनामी बंदियों को एसटीएफ लखनऊ और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों अभियुक्तों पर शासन द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2016 को जिला कारागार आजमगढ़ से तीन विचाराधीन बंदी फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 157/2016 अंतर्गत धारा 223/224 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में भेजा गया, लेकिन अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे। बुधवार को एसटीएफ लखनऊ एवं थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर चन्द्रशेखर उर्फ शेखर पुत्र स्व. लालजी मुसहर तथा प्रकाश मुसहर पुत्र बुद्धन मुसहर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था।


 पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे वर्ष 2016 में अपने एक साथी के साथ जिला कारागार से फरार हो गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे विभिन्न स्थानों पर छिपते रहे और लंबे समय से पंजाब में रहकर मजदूरी एवं खेती का कार्य कर रहे थे। कई वर्षों तक फरार रहने के बाद वे गाजीपुर जाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार चन्द्रशेखर उर्फ शेखर मूल रूप से वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र के लस्करपुर गांव का निवासी है, जबकि वर्तमान में गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र में रह रहा था। वहीं प्रकाश मुसहर गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुसी गांव का निवासी है। इस कार्रवाई में एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा थाना सिधारी के निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी एवं पुलिस टीम शामिल रही।


https://youtu.be/Dak8WuYrbcM?si=ty3OZrd1S9Q4C_nR

आजमगढ़ बिलरियागंज,नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी 40-45 वर्षीय महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव


 आजमगढ़ बिलरियागंज,नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी



40-45 वर्षीय महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम मोलनापुर नहर के पास बुधवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतका की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


 पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। महिला का रंग सांवला, कद मध्यम तथा बाल काले और लंबे हैं। उसने पीले रंग की काले डिजाइन वाली साड़ी, लाल रंग का ब्लाउज पहन रखा था। हाथों में हरे रंग की चूड़ियां तथा नाक में लौंग (नोज पिन) भी मिली है। बिलरियागंज पुलिस द्वारा पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आसपास के थानों एवं अन्य जनपदों में भी महिला के संबंध में सूचना प्रसारित की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा उसकी पहचान कर सके तो तत्काल थाना बिलरियागंज या निकटतम पुलिस चौकी को सूचित करें।


 पहचान के विशेष विवरण: महिला की उम्र लगभग 40-45 वर्ष, सांवला रंग, पीले रंग की काले डिजाइन वाली साड़ी, लाल ब्लाउज, हाथों में हरी चूड़ियां तथा नाक में लौंग मॉडल की नोज पिन है। जानकारी देने के लिए थाना बिलरियागंज पुलिस के मोबाइल नंबर 9454402906 एवं 8546012000 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला की शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

आजमगढ़ अतरौलिया पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद; साथी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ अतरौलिया पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गोली लगने से हुआ घायल, गिरफ्तार 



लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद; साथी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 की रात करीब नौ बजे रीठिया क्षेत्र के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भंजय सिंह की मोटरसाइकिल रोककर उनकी अपाचे बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। 

बुधवार की रात अपराधियों की तलाश में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ मदियापार की ओर से बहरादेव मंदिर की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान रवि मिश्रा (22) पुत्र अनिल मिश्रा निवासी खदेरूपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूट में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में थाना अतरौलिया में संबंधित धारा के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 मई 2026 को बाइक और मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस घटना में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


https://youtu.be/KJ2mCDglLe0?si=vb139VjrD6pLabDE

आजमगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस स्कूल मान्यता में रिश्वत मांगने के आरोप से शिक्षा विभाग में हड़कंप बीएसए ने मांगा तीन दिन में जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी


 आजमगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस


स्कूल मान्यता में रिश्वत मांगने के आरोप से शिक्षा विभाग में हड़कंप


बीएसए ने मांगा तीन दिन में जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में विद्यालय की मान्यता प्रक्रिया में कथित अनियमितता और रिश्वत मांगने के आरोपों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजीव पाठक ने अजमतगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कुलदीप नारायण सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 13 जून 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो एवं वीडियो में किंड्स किंगडम स्कूल, भरौली के प्रबंधक ने आरोप लगाया था कि विद्यालय की मान्यता के लिए निरीक्षण कर अनुकूल रिपोर्ट भेजने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई। मामले के सार्वजनिक होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


 बीएसए द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि उपलब्ध ऑडियो-वीडियो सामग्री के आधार पर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि धनराशि को लेकर संबंधित अधिकारी की बातचीत सामने आई है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो यह आचरण सरकारी सेवक के दायित्वों और उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956 के प्रावधानों के विपरीत माना जाएगा। नोटिस में बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें तथा आवश्यक साक्ष्यों के साथ लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के भीतर संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा है कि पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

Tuesday, 16 June 2026

आजमगढ़ रानी की सराय ट्रेलर की टक्कर से किशोरी की मौत, 2 घायल ननिहाल लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बालक जिला अस्पताल रेफर, चालक ट्रेलर समेत फरार


 आजमगढ़ रानी की सराय ट्रेलर की टक्कर से किशोरी की मौत, 2 घायल



ननिहाल लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बालक जिला अस्पताल रेफर, चालक ट्रेलर समेत फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला कट के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत फरार हो गया। 


जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के चेवार पूर्व गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिया भारती दो दिन पहले अपने ननिहाल देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव आई थी। मंगलवार को उसके मामा रमेश भारती किसी कार्य से बाइक से आजमगढ़ आ रहे थे। इस दौरान प्रिया और रमेश का 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु भी साथ चलने की जिद करने लगे, जिस पर रमेश दोनों को अपने साथ लेकर आजमगढ़ चले गए। शाम करीब चार बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी की सराय क्षेत्र के कोटिला कट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिया सड़क पर गिरकर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रमेश भारती और उनका पुत्र प्रियांशु सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रमेश को छुट्टी दे दी गई, जबकि प्रियांशु की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली, नकली गहने के आरोप पर ज्वेलर्स की दुकान में हंगामा, ग्राहक-दुकानदार में मारपीट पुरानी कोतवाली स्थित सर्राफा दुकान पर हुआ विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को लेकर आई कोतवाली


 आजमगढ़ शहर कोतवाली, नकली गहने के आरोप पर ज्वेलर्स की दुकान में हंगामा, ग्राहक-दुकानदार में मारपीट



पुरानी कोतवाली स्थित सर्राफा दुकान पर हुआ विवाद, पुलिस दोनों पक्षों को लेकर आई कोतवाली


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित जितेंद्र कुमार सुधीर कुमार ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार को ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


 जानकारी के अनुसार, ग्राहक ने कुछ समय पूर्व उक्त दुकान से गहने खरीदे थे। बाद में गहनों के नकली होने की शिकायत को लेकर वह दोबारा दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से इस संबंध में बातचीत करने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने ग्राहक से गहने छीन लिए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया तथा दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि ग्राहक ने दुकानदार पर नकली सोना देने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ पुलिस का साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 448 शिकायतों से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ फर्जी फर्मों और म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹10 लाख की रकम फ्रीज


 आजमगढ़ पुलिस का साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 448 शिकायतों से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़


फर्जी फर्मों और म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹10 लाख की रकम फ्रीज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "साइबर ठगी के जड़ में वार" के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और अहरौला पुलिस की संयुक्त टीम ने देशभर में साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके बैंक खातों से जुड़ी 448 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन की निगरानी में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि फर्जी फर्मों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। एक खाते में मात्र तीन दिनों में करीब 40 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया। पुलिस ने तकनीकी एवं वित्तीय जांच के आधार पर दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि फ्रीज कराई गई। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, फर्जी आधार, पैन व वोटर आईडी, कूटरचित मुहरें, विदेशी सिम कार्ड, मोबाइल फोन, ब्लैंक चेक, एक महिंद्रा थार रॉक्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


 पुलिस के अनुसार गिरोह भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाकर उनके दस्तावेज अपने कब्जे में ले लेता था और उन्हीं खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करता था। मामले में थाना अहरौला में संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ बरदह शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से लटका मिला युवक का शव



शादी समारोह के दौरान हुई घटना, परिजनों और ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव शीशम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। वह पिछले कई दिनों से बहन के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। सोमवार की रात बारात आने के बाद परिवार वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त था। इसी दौरान करन घर से कहीं चला गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। 


मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने एक शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है। करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रभारी थानाध्यक्ष बरदह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Monday, 15 June 2026

आजमगढ़ ड्यूटी में लापरवाही पर मुख्य आरक्षी निलंबित, SSP ने बैठाई विभागीय जांच कर्तव्य पालन में अनुशासनहीनता पाए जाने पर हुई कार्रवाई


 आजमगढ़ ड्यूटी में लापरवाही पर मुख्य आरक्षी निलंबित, SSP ने बैठाई विभागीय जांच


कर्तव्य पालन में अनुशासनहीनता पाए जाने पर हुई कार्रवाई


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद पुलिस में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक मुख्य आरक्षी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित मुख्य आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य आरक्षी संजू कुमार, जो वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा, कमिश्नरेट वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात हैं, के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं के तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि वह ड्यूटी अवधि के दौरान अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित रहे तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और उदासीनता बरती। 


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए मुख्य आरक्षी के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Sunday, 14 June 2026

आजमगढ़ सरायमीर दबंगों का आतंक, मारपीट मामले में एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार, मुकदमा वापस न लेने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप


 आजमगढ़ सरायमीर दबंगों का आतंक, मारपीट मामले में एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं


पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार, मुकदमा वापस न लेने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में दबंगों की कथित दबंगई से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। मारपीट और तोड़फोड़ के एक मामले में नामजद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों के अनुसार 7 जून 2026 को सिकरौर बाजार से गुजर रहे एक ट्रक को हरिप्रकाश जायसवाल की दुकान के सामने कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि दबंगों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट की और वाहन का शीशा समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे हरिप्रकाश जायसवाल के साथ भी अभद्रता की गई। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे नितिन जायसवाल और विनोद यादव ने हस्तक्षेप किया तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना पर डायल-112 और सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में शिवम जायसवाल की तहरीर पर बसपा नेता प्रमोद गौतम समेत गौरव, अभिषेक गौतम, विनोद गौतम, अमर गौतम और संतोष गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


 पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शिवम जायसवाल, विनोद यादव और नितिन जायसवाल का कहना है कि आरोपियों के परिवार का एक युवक पुलिस विभाग में सिपाही है, जिसके प्रभाव के चलते स्थानीय पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी बाजार के दो दुकानदारों पर हमला करने के आरोप लग चुके हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। शनिवार को पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि आरोपियों की धमकियों से बाजार के व्यापारी और स्थानीय लोग भयभीत हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

Saturday, 13 June 2026

आजमगढ़ देवगांव वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौत देवगांव के बरडीहा मोड़ के पास ट्रेलर से टकराई आर्टिका कार, एक गंभीर घायल


 आजमगढ़ देवगांव वाराणसी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौत



देवगांव के बरडीहा मोड़ के पास ट्रेलर से टकराई आर्टिका कार, एक गंभीर घायल


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरडीहा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब एक आर्टिका कार ट्रेलर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। 


पुलिस की मदद से सभी घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि कार में सवार सभी लोग झारखंड राज्य के पलामू जिले के मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) क्षेत्र के मोहनिया गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को फोन के माध्यम से दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई ह।

आजमगढ़ शहर कोतवाली वृद्ध हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार 15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी अभय उर्फ मत्तू को दबोचा; तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद


 आजमगढ़ शहर कोतवाली वृद्ध हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार


15 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, पुलिस ने आरोपी अभय उर्फ मत्तू को दबोचा; तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध भुआल चौहान की गला रेतकर की गई हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार 10/11 जून 2026 की रात भुआल चौहान अपने घर के बाहर स्थित पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के पुत्र कर्मराज चौहान की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़ा आरोपी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।


 पूछताछ में आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू ने बताया कि लगभग 15 वर्ष पूर्व उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। इसी दुश्मनी के चलते उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित दो चाकू, खून लगा गमछा तथा खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Friday, 12 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद गुरुद्वारा भूमि पर निर्माण को लेकर बवाल, सिख समाज के विरोध पर पुलिस ने रुकवाया काम भूमि विवाद कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन, 18 जून की सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश


 आजमगढ़ निजामाबाद गुरुद्वारा भूमि पर निर्माण को लेकर बवाल, सिख समाज के विरोध पर पुलिस ने रुकवाया काम


भूमि विवाद कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन, 18 जून की सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद कस्बे में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा की भूमि को लेकर गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराए जाने की सूचना सिख समुदाय के लोगों को मिली। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।घटना की सूचना गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह को दी गई, जिसके बाद वह भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में लिया। 


बताया जा रहा है कि कस्बा निजामाबाद निवासी अफजल एवं असलम पुत्रगण कमरूद्दीन द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण की सूचना फैलते ही दोनों पक्षों के काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और भारी भीड़ जुट गई। गुरुद्वारा के जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गुरुद्वारा की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूमि विवाद का मामला वर्तमान में कमिश्नर न्यायालय में विचाराधीन है तथा इसकी अगली सुनवाई 18 जून 2026 को निर्धारित है। ऐसे में न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद निर्माण कार्य कराया जाना उचित नहीं है। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व विभाग की जांच एवं न्यायालय के अंतिम निर्णय तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यथास्थिति बनाए रखी जाए तथा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तत्परता और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई तथा दोनों पक्ष शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि भूमि विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और अब सभी की निगाहें 18 जून 2026 को होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

Thursday, 11 June 2026

आजमगढ़ फूलपुर मदरसा आधुनिकीकरण योजना में गबन के मामले में 2 वांछित गिरफ्तार राजकीय धन के दुरुपयोग मामला में पुलिस ने की कार्रवाई


 आजमगढ़ फूलपुर मदरसा आधुनिकीकरण योजना में गबन के मामले में 2 वांछित गिरफ्तार


राजकीय धन के दुरुपयोग मामला में पुलिस ने की कार्रवाई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मदरसा आधुनिकीकरण योजना के तहत राजकीय धन के गबन के मामले में थाना फूलपुर पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। दोनों अभियुक्त आर्थिक अपराध शाखा की जांच में प्रकाश में आए थे। पुलिस के अनुसार, राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक कुँवर ब्रम्ह प्रकाश सिंह द्वारा 11 फरवरी 2025 को थाना फूलपुर में लिखित सूचना दी गई थी कि मदरसा अरबिया तहतानिया भीखपुर (मदरसा आईडी-191100096) द्वारा भवन एवं छात्र संख्या से संबंधित तथ्यों को पोर्टल पर गलत तरीके से प्रदर्शित कर मदरसा आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत प्राप्त राजकीय धनराशि का दुरुपयोग एवं गबन किया गया है। जांच के दौरान मदरसा प्रबंधक रियाज अहमद द्वारा 66 हजार रुपये के राजकीय धन के गबन का मामला सामने आया। इस संबंध में थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 69/2025 के अंतर्गत धारा 409, 420, 467, 468 एवं 471 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान रियाज अहमद, शरद यादव तथा धर्मेन्द्र कुमार यादव के नाम प्रकाश में आए।


 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक फूलपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को अम्बारी चौराहे के पास से वांछित अभियुक्त शरद यादव और धर्मेन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शरद यादव (32) पुत्र स्वर्गीय श्रीकृष्ण बहादुर यादव निवासी रसूलपुर जोखू, पोस्ट अम्बारी तथा धर्मेन्द्र कुमार यादव (45) पुत्र स्वर्गीय सम्पत यादव निवासी इब्राहिमपुर, पोस्ट अम्बारी, थाना फूलपुर शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल दयाशंकर यादव, कांस्टेबल अमरजीत निषाद एवं आरक्षी अमित यादव शामिल रहे।

वाराणसी बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला नर्सिंग छात्रा का लहूलुहान शव दुष्कर्म की आशंका पर जांच तेज, सहपाठी हिरासत में मृत छात्रा के पिता पुलिस विभाग में हैं तैनात


 वाराणसी बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला नर्सिंग छात्रा का लहूलुहान शव


दुष्कर्म की आशंका पर जांच तेज, सहपाठी हिरासत में


मृत छात्रा के पिता पुलिस विभाग में हैं तैनात



उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का लहूलुहान शव कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला। शरीर पर चोटों के निशान होने के साथ ही प्राइवेट पार्ट के आसपास भी खून लगा होने से दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में छात्रा के एक सहपाठी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


 जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा के पिता चंदौली में पुलिस विभाग में तैनात हैं और परिवार सारनाथ क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। छात्रा निजी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। गर्मी की छुट्टियों के कारण कॉलेज बंद था, फिर भी वह बुधवार सुबह घर से निकली थी। उसने अपनी मां को बताया था कि कॉलेज की ओर से एक गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है, जहां उसे जाना है। वह अपने साथ दो लोगों का टिफिन भी लेकर गई थी। सुबह करीब नौ बजे कॉलेज प्रबंधन ने सारनाथ पुलिस को सूचना दी कि बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर एक छात्रा गंभीर हालत में पड़ी मिली है। 


बताया गया कि एक इलेक्ट्रिशियन ने उसे देखा और शोर मचाकर सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद छात्रा को कॉलेज परिसर में संचालित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के बैग की जांच की, जिसमें टिफिन, एप्रन और अन्य सामान मिले, लेकिन मोबाइल फोन गायब था। पुलिस ने कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकलवाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए छात्रा के सहपाठी युवक से पूछताछ कर रही है। युवक ने दावा किया है कि दोनों एक-दूसरे के काफी करीब थे और छात्रा गर्भवती थी। उसका गर्भपात कराया गया था तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन और कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Wednesday, 10 June 2026

आजमगढ़ एक और हादसा हो गया, अब क्या आजमगढ़ में पेपर लीक' सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट वायरल होते ही सतर्क हुई पुलिस, दो युवकों पर दर्ज हुआ मुकदमा

आजमगढ़ एक और हादसा हो गया, अब क्या आजमगढ़ में पेपर लीक'


सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट वायरल होते ही सतर्क हुई पुलिस, दो युवकों पर दर्ज हुआ मुकदमा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भ्रामक और असत्य सूचनाएं प्रसारित करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर पेपर लीक तथा नकल संबंधी भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में थाना कोतवाली क्षेत्र के चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति ने तहरीर देकर बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Nitesh@Abhijee41194761 नामक आईडी से एक पोस्ट वायरल की गई थी, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा 6 जून 2026 को आयोजित प्रवेश परीक्षा के एक परीक्षा केंद्र पर नकल होने तथा उत्तर कुंजी गलत होने का दावा किया गया था। पुलिस जांच में यह सूचना असत्य एवं भ्रामक पाई गई। पुलिस के अनुसार उक्त पोस्ट से परीक्षार्थियों में आक्रोश और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। मामले में संबंधित आईडी धारक नितेश के विरुद्ध धारा 353(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


 दूसरे मामले में चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्र ने तहरीर देकर बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान इंस्टाग्राम आईडी Inderjeet_gautam_007 से “एक और हादसा हो गया, अब क्या आजमगढ़ में पेपर लीक” शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी। जांच में यह पोस्ट भी भ्रामक और असत्य पाई गई। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट से परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर अभ्यर्थियों में भ्रम और आक्रोश फैल सकता था। इस मामले में आईडी धारक इन्द्रजीत गौतम के विरुद्ध भी धारा 353(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परीक्षा या संवेदनशील विषय से जुड़ी सूचना को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर साझा न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।