Friday, 4 September 2026

आजमगढ़ महराजगंज ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


 आजमगढ़ महराजगंज ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत



शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के महावी खास गांव में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान शिवांगी सिंह पत्नी राहुल सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता विनोद कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:18 बजे उनके समधी वीरेंद्र सिंह ने फोन कर शिवांगी की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महावी खास गांव पहुंचे। पिता का आरोप है कि शिवांगी के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके पक्ष और पुलिस को सूचना देने से पहले शव को पंखे से नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया गया था। जिस कमरे में घटना हुई, वहां भी सामान को व्यवस्थित किए जाने का आरोप लगाया गया है। इन परिस्थितियों के चलते विवाहिता की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। 


परिजनों के अनुसार, शिवांगी की शादी करीब दो वर्ष पहले राहुल सिंह से हुई थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। शुक्रवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में मातम पसर गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सगड़ी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विवाहिता की मौत के कारणों और पिता द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की जांच कर रही है।

आजमगढ़ पवई, नाली के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या एक दिन पहले पत्नी ने दिया था बेटे को जन्म, अगले ही दिन परिवार में छाया मातम


 आजमगढ़ पवई, नाली के विवाद में युवक की गला दबाकर हत्या


एक दिन पहले पत्नी ने दिया था बेटे को जन्म, अगले ही दिन परिवार में छाया मातम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकिया बखरिया में शुक्रवार सुबह नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 30 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


 जानकारी के अनुसार, चकिया बखरिया गांव निवासी हरिओम पांडेय (30) पुत्र वीरेंद्र पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम पांडेय का गला दबा दिया गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी।


 बताया जा रहा है कि हरिओम की पत्नी रंजना के पहले से दो पुत्र हैं। घटना से ठीक एक दिन पहले वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए रंजना ने एक और पुत्र को जन्म दिया था। घर में नवजात के आने की खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन हरिओम की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।