Tuesday, 2 June 2026

आजमगढ़ तहबरपुर ट्रक ने डीसीएम में मारी टक्कर, मासूम समेत 2 की मौत, नौ घायल ईंट-भट्ठा मजदूर हुए हादसे का शिकार, गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर


 आजमगढ़ तहबरपुर ट्रक ने डीसीएम में मारी टक्कर, मासूम समेत 2 की मौत, नौ घायल


ईंट-भट्ठा मजदूर हुए हादसे का शिकार, गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमजेयपुर गांव के समीप मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही एक डीसीएम (मिनी ट्रक) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। 


जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र के सलारगंज मोहल्ले के रहने वाले कई मजदूर परिवार छपरा (बिहार) के एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। मानसून के आगमन से पहले भट्ठा बंद होने के कारण सभी मजदूर सोमवार रात एक किराए की डीसीएम से अपने घर बहराइच लौट रहे थे। वाहन में मजदूरों के साथ दस खच्चर भी लदे थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 219 किलोमीटर पर बसही जरमजेयपुर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने डीसीएम को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में डीसीएम चालक इंजन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। यूपीडा कर्मियों ने कटर से वाहन का हिस्सा काटकर उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चालक और छह वर्षीय इरम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जरीना और गोसया की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। इधर, एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के जिला अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पर्याप्त बेड उपलब्ध न होने के कारण कुछ मरीजों का एक ही बेड पर इलाज करना पड़ा, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए। 


सूचना पर एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया समेत अन्य चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर उपचार की व्यवस्था संभाली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।

आजमगढ़ सरायमीर महिलाओं को तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था शातिर टप्पेबाज, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; लाखों की ठगी से जुड़े कई मामलों का खुलासा


 आजमगढ़ सरायमीर महिलाओं को तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार


पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था शातिर टप्पेबाज, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; लाखों की ठगी से जुड़े कई मामलों का खुलासा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद सहित प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं को भूत-प्रेत, तंत्र-मंत्र और शुद्धिकरण के नाम पर ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। सरायमीर थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से ठगी का माल, नगदी, अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और आजमगढ़ समेत कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


 पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को थाना सरायमीर क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर उसे डराया और समस्या दूर करने के नाम पर कान की बालियां, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये नकद ठगकर फरार हो गए थे। मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस को 1 जून 2026 की रात सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल दो अपराधी मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। करछा मंदिर के पास पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी द्वारा लगातार फायरिंग किए जाने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी खरेवा/फूलपुर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान पुत्र नासिर खान निवासी मौलाना आजाद नगर, थाना क्वार्सी, जनपद अलीगढ़ तथा वर्तमान पता दुबग्गा, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 48 वर्ष बताई गई है।


 पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से विभिन्न कस्बों और बाजारों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों पहले महिलाओं को परिवार पर संकट, भूत-प्रेत या तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर अपने विश्वास में लेते थे। इसके बाद शुद्धिकरण या पूजा-पाठ की बात कहकर उनसे गहने, नकदी और कीमती सामान ले लेते थे तथा महिलाओं को बिना पीछे मुड़े 51 कदम चलने का निर्देश देकर मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो कान की बालियां, एक नाक की कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सरायमीर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंकज यादव, उपनिरीक्षक राजनाथ यादव सहित सरायमीर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।