Wednesday, 7 October 2026

आजमगढ़ महराजगंज संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से मजदूर की हुई मौत परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर नाले में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया


 आजमगढ़ महराजगंज संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से मजदूर की हुई मौत


परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर नाले में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सुभाष निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर सुभाष को नाले में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, सुभाष निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें दो बच्चों की शादी हो चुकी है। सुभाष की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


 परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने सुभाष को नाले में डुबोकर मार दिया। सूचना मिलने पर महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महराजगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुभाष की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिरोजाबाद पत्नी को प्रेमी संग शराब पीते देख पति ने बरसाईं गोलियां चौराहे पर मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात, आरोपी पति गिरफ्तार


 फिरोजाबाद पत्नी को प्रेमी संग शराब पीते देख पति ने बरसाईं गोलियां


चौराहे पर मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात, आरोपी पति गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद, शहर के व्यस्ततम कोटला चुंगी चौराहे पर मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। पत्नी को उसके प्रेमी के साथ दुकान में बैठकर शराब पीते देख पति ने कथित तौर पर आपा खो दिया और लाइसेंसी रिवॉल्वर से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला और उसका प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी पति को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कोटला चुंगी चौराहा स्थित शिवा इंटरनेट सर्विस के संचालक जितेंद्र उर्फ सनी उर्फ शिवा ठाकुर निवासी श्रीराम कॉलोनी, मथुरा नगर का पीके इंटर कॉलेज के संचालक ऋषभ तेलंग की पत्नी शिप्रा तेलंग से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार रात शिप्रा अपने प्रेमी सनी की दुकान पर पहुंची थी। 


बताया गया कि दोनों दुकान में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान इसकी जानकारी ऋषभ तेलंग को हो गई। वह गुस्से में दुकान पर पहुंचा और पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देखकर कथित तौर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में सनी के सीने में दो गोलियां लगीं, जबकि शिप्रा के पेट, कमर और पसली में पांच गोलियां लगीं। वारदात के बाद आरोपी पति मौके पर रिवॉल्वर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, थाना उत्तर इंस्पेक्टर रवि त्यागी और थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए गए। सरेराह हुई फायरिंग से चौराहे और आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दुकान के भीतर महिला और युवक पर महिला के पति द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाने की बात सामने आई है। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

आजमगढ़ के 2 अधिकारियों सहित 20 आईपीएस का हुआ तबादला चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली भेजा गया, मधुवन कुमार सिंह बने हापुड़ के एसपी


 आजमगढ़ के 2 अधिकारियों सहित 20 आईपीएस का हुआ तबादला



चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली भेजा गया, मधुवन कुमार सिंह बने हापुड़ के एसपी



आजमगढ़, उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में आजमगढ़ से जुड़े अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सबसे प्रमुख बदलाव में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन का तबादला करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक नगर, जनपद बरेली बनाया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर बरेली मानुष पारीक को अब पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक हापुड़ बनाया गया है। इस फेरबदल से आजमगढ़ पुलिस के शहरी क्षेत्र की कमान में भी बदलाव होगा। स्थानांतरण सूची के अनुसार आईपीएस अधिकारी चिराग जैन (आरआर-2020) वर्तमान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ के पद पर तैनात थे। अब उन्हें पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मानुष पारीक (आईपीएस-आरआर-2020), जो वर्तमान में पुलिस अधीक्षक नगर बरेली के पद पर कार्यरत थे, उन्हें आजमगढ़ का पुलिस अधीक्षक नगर बनाया गया है। इसी क्रम में मधुवन कुमार सिंह (आईपीएस-एसपीएस), जो पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ के पद पर तैनात थे, अब पुलिस अधीक्षक जनपद हापुड़ की जिम्मेदारी संभालेंगे। आजमगढ़ मंडल से जुड़े मऊ जनपद में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर (आईपीएस-एसपीएस-2017) का स्थानांतरण करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। उनके स्थान पर 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा (आईपीएस-एसपीएस-2018) को पुलिस अधीक्षक मऊ बनाया गया है। इसी तरह पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ईरज राजा को पुलिस अधीक्षक बलिया बनाया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की जिम्मेदारी दी गई है। बलिया के वर्तमान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक बस्ती बनाया गया है और बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक जौनपुर बनाया गया है।जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह को स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है।


स्थानांतरण सूची में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। ए. सतीश गणेश (आईपीएस-आरआर-1996) को अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर ही रखा गया है और उनके पास से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव (आईपीएस-आरआर-1998), जो अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के पद पर हैं, उन्हें अब इसी पद के साथ अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा रवीना त्यागी को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी, अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ, तथा कुँवर ज्ञानन्जय सिंह को पुलिस अधीक्षक हापुड़ से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज बनाया गया है। संजय कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर से सेनानायक 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज और सूरज कुमार राय को पुलिस अधीक्षक बागपत से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर भेजा गया है। वहीं पूर्णेन्दु सिंह, जो पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे, अब पुलिस अधीक्षक बागपत होंगे। आलोक राज नारायण को सहायक पुलिस अधीक्षक हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा तथा सुरेश चन्द्र रावत को पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा से पुलिस अधीक्षक जालौन बनाया गया है।