Wednesday, 7 October 2026

आजमगढ़ के 2 अधिकारियों सहित 20 आईपीएस का हुआ तबादला चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली भेजा गया, मधुवन कुमार सिंह बने हापुड़ के एसपी


 आजमगढ़ के 2 अधिकारियों सहित 20 आईपीएस का हुआ तबादला



चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली भेजा गया, मधुवन कुमार सिंह बने हापुड़ के एसपी



आजमगढ़, उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में आजमगढ़ से जुड़े अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सबसे प्रमुख बदलाव में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन का तबादला करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक नगर, जनपद बरेली बनाया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर बरेली मानुष पारीक को अब पुलिस अधीक्षक नगर, आजमगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक हापुड़ बनाया गया है। इस फेरबदल से आजमगढ़ पुलिस के शहरी क्षेत्र की कमान में भी बदलाव होगा। स्थानांतरण सूची के अनुसार आईपीएस अधिकारी चिराग जैन (आरआर-2020) वर्तमान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ के पद पर तैनात थे। अब उन्हें पुलिस अधीक्षक नगर, बरेली की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मानुष पारीक (आईपीएस-आरआर-2020), जो वर्तमान में पुलिस अधीक्षक नगर बरेली के पद पर कार्यरत थे, उन्हें आजमगढ़ का पुलिस अधीक्षक नगर बनाया गया है। इसी क्रम में मधुवन कुमार सिंह (आईपीएस-एसपीएस), जो पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ के पद पर तैनात थे, अब पुलिस अधीक्षक जनपद हापुड़ की जिम्मेदारी संभालेंगे। आजमगढ़ मंडल से जुड़े मऊ जनपद में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर (आईपीएस-एसपीएस-2017) का स्थानांतरण करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। उनके स्थान पर 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा (आईपीएस-एसपीएस-2018) को पुलिस अधीक्षक मऊ बनाया गया है। इसी तरह पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ईरज राजा को पुलिस अधीक्षक बलिया बनाया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की जिम्मेदारी दी गई है। बलिया के वर्तमान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक बस्ती बनाया गया है और बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक जौनपुर बनाया गया है।जौनपुर के पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह को स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है।


स्थानांतरण सूची में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। ए. सतीश गणेश (आईपीएस-आरआर-1996) को अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर ही रखा गया है और उनके पास से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है। वहीं भगवान एस. श्रीवास्तव (आईपीएस-आरआर-1998), जो अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के पद पर हैं, उन्हें अब इसी पद के साथ अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध, उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा रवीना त्यागी को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी, अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ, तथा कुँवर ज्ञानन्जय सिंह को पुलिस अधीक्षक हापुड़ से पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज बनाया गया है। संजय कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर से सेनानायक 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज और सूरज कुमार राय को पुलिस अधीक्षक बागपत से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर भेजा गया है। वहीं पूर्णेन्दु सिंह, जो पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात थे, अब पुलिस अधीक्षक बागपत होंगे। आलोक राज नारायण को सहायक पुलिस अधीक्षक हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा तथा सुरेश चन्द्र रावत को पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा से पुलिस अधीक्षक जालौन बनाया गया है।

No comments:

Post a Comment