आजमगढ़ बिलरियागंज 2 अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 26.9 किलो गांजा और ऑटो बरामद
छत्तीसगढ़ से लाकर बिक्री की थी तैयारी, कीमत करीब छ: लाख
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 26 किलो 900 ग्राम नाजायज गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 25 मई 2026 को थानाध्यक्ष बिलरियागंज अमित कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऑटो से गांजा लेकर गुलवा गौरी नहर मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छिछोरी नहर ट्यूबेल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमरजीत पाण्डेय निवासी गोपालगंज, बिहार तथा हरेन्द्र कुशवाहा निवासी कुशीनगर के रूप में बताई। क्षेत्राधिकारी सगड़ी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर अमरजीत पाण्डेय के पास से 16 किलो 515 ग्राम तथा हरेन्द्र कुशवाहा के पास से 10 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजा 26 किलो 900 ग्राम पाया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ऑटो संख्या BR28L1774 को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा छत्तीसगढ़ से लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे। इस मामले में बिलरियागंज थाना पर संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
