Monday, 1 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद, से आतंकी नेटवर्क का संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार पाकिस्तान से जुड़े मॉड्यूल के लिए कर रहा था काम सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की साजिश, राजनीतिक हस्ती की हत्या की तैयारी में जुटा था आरोपी

आजमगढ़ निजामाबाद, से आतंकी नेटवर्क का संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार


पाकिस्तान से जुड़े मॉड्यूल के लिए कर रहा था काम


सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की साजिश, राजनीतिक हस्ती की हत्या की तैयारी में जुटा था आरोपी



आजमगढ़, उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आजमगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप है। एटीएस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान आधारित गैंग और उसके संचालकों के संपर्क में था तथा युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। एटीएस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तथा आतंकवादी संगठनों से जुड़े तत्व भारत में युवाओं को बहकाकर उन्हें स्लीपर सेल के रूप में तैयार करने की साजिश रच रहे हैं। इसके लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हुए युवाओं को धन का लालच दिया जा रहा था और धार्मिक भावनाओं को भड़काकर उन्हें देश विरोधी गतिविधियों के लिए प्रेरित किया जा रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क का संबंध पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों से जुड़ा पाया गया।


 आरोप है कि यह गिरोह भारत में विभिन्न व्यक्तियों और संस्थानों की रेकी कराने, चुनिंदा लोगों की हत्या कराने, राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर हमले की योजना बनाने तथा सुरक्षा एजेंसियों को निशाना बनाने जैसी गतिविधियों के लिए लोगों को उकसा रहा था। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक निगरानी के दौरान एटीएस की जांच में आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर (संजरपुर) निवासी मोहम्मद शेख पुत्र रेहान अहमद का नाम सामने आया। एटीएस के अनुसार वह व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क के सदस्यों के संपर्क में था तथा उनकी विचारधारा से प्रभावित होकर सक्रिय भूमिका निभा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी न केवल खुद इस नेटवर्क से जुड़ा था बल्कि आसपास के युवाओं को भी संगठन से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। एटीएस का दावा है कि उसे शहजाद भट्टी के अलावा अजमल गुजर और रजा पाकिस्तानी नामक हैंडलरों द्वारा निर्देश दिए जा रहे थे।


 एटीएस के अनुसार आरोपी को एक राजनीतिक दल की महिला नेता को धमकाने और उनकी हत्या करने का जिम्मा सौंपा गया था। इसके बाद उसे किसी बड़े मिशन में शामिल किए जाने की बात कही गई थी। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी इस साजिश को अंजाम देने की तैयारी में जुटा था और उसने एक 9 एमएम पिस्टल तथा चार कारतूस की व्यवस्था भी कर ली थी। फिलहाल एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एजेंसी पूरे नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

 

आजमगढ़ जहानागंज गैंगरेप मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर सभी 6 आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ जहानागंज गैंगरेप मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर सभी 6 आरोपी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के थाना जहानागंज क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद सभी छह आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के शीघ्र अनावरण के रूप में देखा जा रहा है। 


पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना जहानागंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि छह युवकों ने उसकी पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा विरोध करने और शोर मचाने पर जान-माल की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मुकदमा अपराध संख्या 120/26, धारा 70(1) एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। इसी क्रम में 1 जून 2026 को थानाध्यक्ष जहानागंज अतुल कुमार मिश्र एवं चौकी प्रभारी चक्रपानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नयनपुर मोड़ के पास से सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में आजाद (21 वर्ष) निवासी पखनपुर थाना जैतपुर जनपद अंबेडकरनगर, अतिश कुमार (22 वर्ष), करन कुमार (20 वर्ष), विकास कुमार (18 वर्ष) निवासी दिलमनपुर थाना जहानागंज तथा साहिल कुमार (20 वर्ष) एवं अंकित कुमार (18 वर्ष) निवासी बड़ौराखुर्द थाना जहानागंज शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों का आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा सहित थाना जहानागंज की पुलिस टीम शामिल रही।