Saturday 7 January 2023

आजमगढ़ फूलपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 108 मामले प्रस्तुत, 8 का निस्तारण


 आजमगढ़ फूलपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 108 मामले प्रस्तुत, 8 का निस्तारण



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर तहसील सभागार में शनिवार को तहसील दिवस का आयोजन जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की देख रेख में किया गया। इस दौरान कुल 108 मामले आये जिसमें आठ मामलों को मौके पर निस्तारित किया गया। इस मौके पर कई फरियादी ऐसे मिले जो कई बार से तहसील दिवस का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनके मामलों का निस्तारण आज तक नहीं हो सका।


फूलपुर तहसील सभागार में सम्पूर्ण सम्पूर्ण दिवस के मौके पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के साथ ही तमाम विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारी द्वय की उपस्थिति में प्रस्तुत किए गए 108 प्रार्थना पत्रों में आठ मामले निस्तारित किए जा सके।


तहसील दिवस पर कंदरी अताईपुर गांव के लालबहादुर यादव ने कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों को राशन कम देने और अधिक पैसा लेकर खाद्यान्न वितरण से संबंधित शिकायती पत्र पांचवी बार दिया गया। सूदनीपुर के महेंद्र प्रसाद के द्वारा बक्सपुर पिच मार्ग से सूदनीपुर अनुसूचित बस्ती तक वर्ष 2008 में स्वीकृत हुए पिच मार्ग का अभी तक न बन पाने के सम्बंध में 10 वीं बार शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन निस्तारण के नाम पर कुछ नहीं हुआ। इसी तरह माहुल नगर पंचायत के फैज मेंहदी ने शिकायती पत्र में भाभी की जमीन को दूसरे के नाम फर्जी ढंग से बैनामा करने का आरोप लेखपाल पर लगाया है। शेखवलिया मटियार में खेल मैदान और ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा को हटवाने के लिए प्रधान प्रतिनिधि सुबास चौहान द्वारा 6 बार दिए गए प्रार्थना पत्र में तीन शिकायती पत्र तहसील समाधान दिवस पर उपस्थित जिलाधिकारी को सौंपा गया लेकिन आज तक तहसील प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। क्षेत्र के तमाम फरियादी तहसील के चक्रमण लगाते रहते हैं, वहीं तहसील प्रशासन निस्तारण करने के मामले में फिसड्डी साबित हो रहा है।


 शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फूलपुर तहसील के तहसीलदार संजय कुमार कुशवाहा, नायब तहसीलदार सुशील कुमार, राजेश पाण्डेय, इंदु दुबे, रामसूरत गौड़, पूजा पाठक, राजीव यादव, बाबूरामपाल, सीओ अनिल कुमार, फूलपुर कोतवाल अनिल सिंह, विनोद कुमार, विजय बहादुर आदि लोग उपस्थित रहे।

आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगरेप का आरोपी


 आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंगरेप का आरोपी



आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस ने बीते नवंबर माह में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपित एक व्यक्ति को शनिवार की सुबह मुबारकपुर कस्बे के रोडवेज चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।


मुबारकपुर क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने बीते 24 नवंबर को अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के कुकुरसंडा ग्राम निवासी रियाज पुत्र सरवर, इजहार पुत्र फरीद तथा उमर पुत्र फरीद के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। 


शनिवार की सुबह उपनिरीक्षक दशाराज सिंह को सूचना मिली कि गैंगरेप के मामले में वांछित एक आरोपी रियाज पुत्र सरवर उर्फ सरदार मुबारकपुर कस्बे में रोडवेज चौराहे पर मौजूद है। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मेरठ 50 हजार रू के इनामी पूर्व मंत्री व उसका बेटा गिरफ्तार एसटीएफ और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता


 मेरठ 50 हजार रू के इनामी पूर्व मंत्री व उसका बेटा गिरफ्तार


एसटीएफ और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता


मेरठ पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और बेटा इमरान कुरैशी को दिल्ली से शुक्रवार रात दिल्ली से मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि पिता-पुत्र दिल्ली के चांदनी चौक में अपने रिश्तेदार के यहां पर छुपे थे। दोनों को पुलिस दिल्ली से मेरठ लेकर आ रही हैं।


31 मार्च 2022 को हापुड रोड पर याकूब कुरैशी की फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारा था। जहां पर अवैध तरीके से मीट पैकिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने याकूब कुरैशी उनकी पत्नी संजीदा बेगम और बेटे इमरान व फिरोज के खिलाफ सहित 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।


इसके बाद मेरठ पुलिस ने याकूब कुरैशी और उनके परिवार सहित 7 लोगों पर गैंगस्टर की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। आरोपी याकूब का बेटा फिरोज कोर्ट में सरेंडर होकर 1 महीने पहले जेल चला गया, जबकि पत्नी संजीदा बेगम अग्रिम जमानत पर बाहर हैं।


याकूब कुरैशी और उनके बेटे इमरान पर आईजी मेरठ रेंज में 50-50 हजार का इनाम घोषित कर दिया था, दोनों की तलाश में मेरठ पुलिस के साथ एसटीएफ भी लग गई थी। सटीक लोकेशन मिलने पर मेरठ की एसओजी टीम ने आरोपी पिता-पुत्र को शुक्रवार देर रात दिल्ली के चांदनी चौक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।


दोनों पिता-पुत्र एक अपने रिश्तेदार के घर पर ही ठहरे हुए थे। याकूब कुरैशी और उनके बेटे की गिरफ्तारी होने की जानकारी लगते ही याकूब के समर्थकों में खलबली मच गई बताया जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र को मेरठ पुलिस दिल्ली से लेकर मेरठ आ रही है

गोरखपुर सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख, उसकी पत्नी-बेटे की 290 करोड़ की संपत्ति जब्त


 गोरखपुर सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख, उसकी पत्नी-बेटे की 290 करोड़ की संपत्ति जब्त



गोरखपुर सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दुर्गेश यादव, उसकी पत्नी सीमा यादव और बेटे अभिषेक यादव की 290 करोड़ की संपत्तियों को शुक्रवार को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा दुर्गेश यादव के पिता सपा नेता जवाहर यादव की संपत्ति को भी जब्त किया गया। जवाहर यादव और उसके परिवार की कुल 416 करोड़ की संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है। गोरखपुर जोन की अब तक की इस तरह की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार सदर की अगुवाई में पुलिस टीम खोराबार इलाके में कार्रवाई की है। शुक्रवार को दो अरब 89 करोड़, 65 लाख से अधिक की जमीन को जब्त किया गया है। टीम ने डीएम के आदेश के बाद शुक्रवार को ढोल नगाड़ा बजाकर जब्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान तहसीलदार सदर विकास सिंह, सीओ कैंट योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक खोराबार कल्याण सिंह सागर फोर्स के साथ मौजूद थे।


जवाहर यादव पर की जा रही इस कार्रवाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी खुद सामने आ चुकी है। कुछ दिनों पहले सपा की आठ सदस्यों की टीम जवाहर यादव के घर भी गई थी और अपने स्तर से इस मामले की जांच कर इसकी रिपोर्ट सपा प्रमुख को सौंपी थी। पुलिस का दावा है कि गैंगेस्टर के खिलाफ चल रही जब्ती की कार्रवाई अभी जारी है। जवाहर यादव, बेटे व बहू के नाम संपत्तियों को भी चिह्नित कर डीएम के आदेश पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का दावा है कि गैंगेस्टर के खिलाफ चल रही जब्ती की कार्रवाई अभी जारी है।


प्रशासन पुलिस की टीम ने शुक्रवार को सपा नेता जवाहर यादव के बेटे पूर्व ब्लॉक प्रमुख दुर्गेश यादव के नाम से तालकन्दला में स्थित जमीन, उनकी पत्नी सीमा यादव की तालकन्दला में जमीन, बेटे अभिषेक यादव की तालकन्दला में स्थित जमीन, जवाहर यादव की रामपुर में स्थित जमीन को जब्त किया गया है।


आरोपी पेशेवर भू माफिया है। दूसरों की जमीनों को कब्जा कर इसने करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है। इसके लिए आरोपी ने बाकायदा प्रापर्टी का दफ्तर खोल रखा था। एसपी सिटी ने बताया कि भू माफिया प्रापर्टी पर कब्जा कर ऐसी ही संपत्ति बनाने के लिए हत्या भी कर चुका है। जिला प्रशासन ने गैंगेस्टर की संपत्ति कुर्क करते हुए वहां सरकारी नोटिस चस्पा कर दिया। इस मामले की विवेचना कर रही कैंट थाना पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की रिपोर्ट डीएम कृष्णा करुणेश को भेजी थी। डीएम ने जवाहर यादव व उसके परिवार की 416 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया।


 जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गैंगेस्टर की संपत्ति कुर्क कर ली। गैंगस्टर एक्ट के तहत अब तक की कार्रवाई में डॉ. अभिषेक यादव के बाद यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले राज नर्सिंग कॉलेज के संचालक डॉ. अभिषेक यादव व उसके संबंधियों की 100 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। अब तक जवाहर यादव और उसके परिवार की 416 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति चिह्नित की गई हैं, जिसे जब्त किया जाना है।

बदायूं जिसने तय कराई शादी, वही दुल्हन को लेकर हुआ फरार


 बदायूं जिसने तय कराई शादी, वही दुल्हन को लेकर हुआ फरार



उत्तर प्रदेश बदायूं शादी के बाद घर में लूटपाट करके दुल्हन के फरार होने की खबरें तो कई बार आपने सुनी होंगी, लेकिन इस बार जो मामला सामने आया है वह इससे अलग हैं। हालांकि इस मामले ने दूल्हे ही नहीं पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। मामला बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र का है। यहां एक जालसाज ने एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये लेकर उसकी शादी तय कराई। इसके चार दिन बाद ही उसी की होने वाली दुल्हन को लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने आरोपी जालसाज के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार मामला सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव डकारा पुख़्ता का है। गांव निवासी हुसरवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वह सीधा सादा व्यक्ति है। वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है। चार दिन पूर्व बिनाबर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी विजय ने 40 हजार रुपये लेकर उसकी एक युवती से शादी तय कराई थी। युवती जालसाज के घर ठहरी थी। वह जब दो जनवरी की सुबह करीब सात बजे युवती को लेने के लिए विजय के घर पहुंचा और वह उसकी होने वाली दुल्हन को लेकर फरार हो गया।

हुसरवीर ने कई बार विजय के नंबर पर फोन किया, लेकिन उसका नंबर नहीं लग रहा है।


 इसके बाद पीड़ित ने जानकारी किया तो पता चला कि आरोपित जालसाज किस्म का व्यक्ति है। वह शादी कराने के नाम पर ठगी करता है। पीड़ित ने आरोपित के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ गम्भीरपुर टीकाकरण के दौरान आशा कार्यकत्री पर हमला दबंगों ने विद्यालय में की तोड़फोड़


 आजमगढ़ गम्भीरपुर टीकाकरण के दौरान आशा कार्यकत्री पर हमला


दबंगों ने विद्यालय में की तोड़फोड़



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में पहुंचे नशे में धुत दबंगों ने खूब तांडव मचाया। 


इस दौरान वहां मौजूद आशा कार्यकत्री की पिटाई के बाद दबंगों ने दहशत फैलाने के लिए विद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। स्कूल के दरवाजे तोड़ अंदर मौजूद सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। तांडव देख मौके पर अफरातफरी मच गई लोग इधर-उधर भागने में अपनी भलाई समझे। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के बाबत पीड़ित आशा कार्यकत्री किरण की ओर से तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।

आजमगढ़ तरवां पुलिस मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली, 2 फरार


 आजमगढ़ तरवां पुलिस मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली, 2 फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ तरवां थाना क्षेत्र के मुण्डेरी गांव के पास सायं करीब 7.15 बजे बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है दो अन्य बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि तरवां पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि लूट की योजना को अंजाम देने के लिए थाना क्षेत्र के पकड़ी की तरफ से कुछ बदमाश मोटर साईकिल से मुण्डेरी की तरफ आ रहे हैं।


 मुखबिर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची चेकिंग शुरू कर दी। पकड़ी की तरफ से आ रही संदिग्ध मोटर साईकिल को जब रूकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे, इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी। एक बदमाश द्वारा पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया गया, पुलिसिया कार्रवाई में बदमाश के बायें पैर में गोली लग गयी। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गये।


 गिरफ्तार बदमाश की पहचान चन्द्रमा प्रसाद के रूप में की गयी। इसके ऊपर 20 से अधिक मुकदमें दर्ज बताए गए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि भागे हुए दो अन्य बदमाशों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत सम्पत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जायेगी।