Monday 26 February 2024

आजमगढ़ महराजगंज फटा रसोई गैस का सिलेण्डर, 3 झुलसे सोमवार की सुबह हुई घटना, संत की गृहस्थी खाक


 आजमगढ़ महराजगंज फटा रसोई गैस का सिलेण्डर, 3 झुलसे


सोमवार की सुबह हुई घटना, संत की गृहस्थी खाक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के भैरोदासपुर गांव में आज सोमवार की सुबह करीब 10 बजे खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। आग की चपेट में आने से संत की रिहायसी मंडई जलकर खाक हो गयी। इस घटना में तीन लोग झुलस गए।


जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भैरोदासपुर गांव निवासी रामगढ़ यादव एक संत प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके पास सिर्फ पांच लड़कियां हैं, एक लड़की गंगा ही पिता के पास रहती है। रामगढ़ स्वयं ही अपना खाना बनाते खाते हैं। आज सुबह भी वह अपने लिए खाना बना रहे थे कि तभी अचानक से गैस सिलेंडर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते रिहायसी मंडई को भी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े और मंडई में बंधे जानवरों को खोलकर बाहर किया।


 जलते हुए सिलेंडर को बुझाने का प्रयास कर रहे थे कि तभी उसमें विस्फोट हो गया जिससे रामगढ़ जहां मामूली रूप से झुलस गये वहीं उनके भतीजे बलिराम यादव उम्र 55 वर्ष तथा बलिहारी यादव उम्र 50 वर्ष पुत्रगण स्वर्गीय जासे यादव गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे हुए लोगों में रामगढ़ व बलिराम का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है तथा बलिहारी यादव को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया है।


 घटना की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी में पीड़ित परिवार की तीस हजार नकद सहित पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। करीब एक लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।

बरेली लड़की ने कारोबारी को बुलाया होटल, फिर शर्मनाक खेल दरोगा और सिपाही चला रहे हनी ट्रैप गिरोह


 बरेली लड़की ने कारोबारी को बुलाया होटल, फिर शर्मनाक खेल


दरोगा और सिपाही चला रहे हनी ट्रैप गिरोह




 उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस की शर्मनाक करतूत सामने आई है। किला चौकी इंचार्ज और सिपाही यूटबर के साथ मिलकर हनी ट्रैप गिरोह चला रहे थे। पुलिस ने लड़की से कारोबारी को होटल बुलाया और फिर शर्मनाक हरकतें की। सबने मिलकर बेकरी कारोबारी को फंसाकर सात लाख की रंगदारी मांगी। इस मामले में चौकी इंचार्ज और सिपाही समेत छह के खिलाफ थाना किला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।


 परसाखेड़ा में बेकरी संचालित करने वाले मुस्तकीम ने बताया कि शनिवार को नावेद, आजाद और चांद अल्वी उनके पास आए। तीनों ने खुद को पत्रकार बताया और एक लड़की से मिलवाने की बात कहकर दो हजार रुपए ले गए। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उन्हें मिनी बाईपास स्थित के होटल में बुलाया और सोनिया नाम की लड़की से मुलाकात कराई। सोनिया ने कुछ देर होटल के कमरे में उनसे बात की। इसी बीच तीनों उन्हें हनी ट्रैप में फंसाने की धमकी देकर सात लाख रुपए की मांग करने लगे। 


फिर आरोपियों ने किला चौकी इंचार्ज सौरभ और सिपाही कोलेंद्र को बुला लिया। सभी उन्हें मिलकर ब्लैकमेल करने लगे। इसके बाद सब उन्हें लेकर किला चौकी पर पहुंचे और छोड़ने के बदले सात लाख रुपए की मांग की। रुपए ने देने पर जेल भेजने की धमकी दी। काफी देर बातचीत के बाद ढाई लाख रुपए में मामला तय हो गया। इसी बीच मुस्तकीम किसी तरह वहां से बचकर भाग निकले। फिर उन्होंने थाना किला पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर दिनांक 24 फरवरी 2024 को थाना किला पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 53/2024 अंतर्गत धारा 386,120-B दर्ज कर जांच पड़ताल मे जुट गई।