Wednesday 12 April 2023

वाराणसी समर सिंह का दोस्त संजय सिंह बनारस से गिरफ्तार आकांक्षा दुबे प्रकरण में पुलिस कर रही थी तलाश


 वाराणसी समर सिंह का दोस्त संजय सिंह बनारस से गिरफ्तार


आकांक्षा दुबे प्रकरण में पुलिस कर रही थी तलाश


उत्तर प्रदेश वाराणसी भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के एक अन्य आरोपी संजय सिंह को पुलिस ने बुधवार को वाराणसी से गिरफ्तार किया। भोजपुरी गायक समर सिंह पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। आजमगढ़ के बिलरियागंज क्षेत्र के गद्दोपुर निवासी संजय ही समर सिंह का सारा कामकाज देखता था।


 आकांक्षा की मां मधु दुबे ने समर और संजय सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में बीते 26 मार्च को आकांक्षा दुबे का शव फंदे के सहारे लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग करने वाराणसी आई थीं। 27 मार्च को आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके दोस्त संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होते ही समर सिंह और संजय सिंह भूमिगत हो गए। 6 अप्रैल की रात गाजियाबाद में अपने रिश्तेदार के घर ठहरने गए समर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 


उधर, संजय सिंह की तलाश में सारनाथ थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की तीन टीमों की दबिश जारी थी। बुधवार दोपहर बाद उसे वाराणसी से गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

आजमगढ़ पुरखों की तलाश में आजमगढ़ पहुंचे अमेरिकी डेविड और लीना अपनों के बीच पहुंच हुए भावुक


 आजमगढ़ पुरखों की तलाश में आजमगढ़ पहुंचे अमेरिकी डेविड और लीना


अपनों के बीच पहुंच हुए भावुक


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अगर इंसान चाह ले तो वह क्या नहीं कर सकता है। कोशिशें कामयाबी की ओर ले ही जाती हैं। ऐसी ही कहानी है अमेरिका में रहने वाले डेविड कैनन और उनकी पत्नी लीना की। डेविड बीते कई वर्षों से अपने पूर्वजों से मिलने के लिए तपस्या कर रहे थे। आखिर कार उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और पुरखों की धरती को तलाश करते हुए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र स्थित कर्मनाथ पट्टी गांव पहुंचे। डेविड अपने परिवार के लोगों से मिलकर भावुक हो गए। उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था।


 उन्होंने कहा कि मेरे लिए हमारे पूर्वजों की धरती किसी तीर्थ से कम नहीं है। परिवार के लोगों ने डेविड और लीना का फूल-मालाओं से स्वागत किया। दोनों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। हिंदी नहीं बोल पाने वाले डेविड ने सभी का अभिवादन किया। सगड़ी तहसील क्षेत्र स्थित रौनापार थाना क्षेत्र के मारा कर्मनाथ पट्टी गांव में अपने पूर्वजों के घर जाने के लिए बुधवार सुबह करीब 10 बजे डेविड कैनन, लीना अपने सहयोगी आयुष जयपुर और संजय सिंह हीरापट्टी के साथ रौनापार थाना पहुंचे।


वहां से उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया पुलिस के साथ लेकर उन्हें गांव पहुंचे। डेविड पुत्र डेविड रोस्टेड सुपरसेंट और उनके पिता रामप्रसाद और रामप्रसाद के पिता रामखेलावन को बताया जा रहा है। 1907 में रामखेलावन मौर्य पुत्र टहल निवासी ग्राम मारा कर्मनाथ पट्टी थाना रौनापार तहसील सगड़ी गिरगिटिया मजदूर के रूप में विदेश गए। वह कोलकाता से त्रिनिदाद और टोबैगो में रहे फिर अमेरिका गए। उनकी चौथी पीढ़ी के डेविड अपनी पत्नी लीना के साथ बुधवार को गांव आए। ग्राम प्रधान रामबचन यादव सहित ग्रामीणों का कहना है कि हम लोगों को बड़ी खुशी हुई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि जब प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका गए थे तो वहीं डेविड की माता से मुलाकात एनआरआई के रूप में हुई थी। 


लेखपाल त्रिभुवन यादव ने बताया कि दो दिन से राम खेलावन मौर्य के जमीन और निवास की तलाश की जा रही थी। 1901 के दस्तावेज से इनका नाम मिला और अगल-बगल के नामों से मिलान किया गया तो सही पाया गया। जयपुर से आए डेविड के दोस्त आयुष ने बताया कि 1907 में इनके पूर्वज रामखेलावन गए। कोलकाता प्रवास पत्र बनाया गया था। वह प्रवास पत्र खोजा गया और भारतीय दूतावास के पास यहां के सबूत पेश किए गए और भारतीय दूतावास द्वारा यहां लाया गया। संजय सिंह हीरापट्टी ने बताया कि भाई विनोद सिंह अमेरिका में रहते हैं। विनोद सिंह की मुलाकात डेविड की माता मार्लिन से हुई। बातचीत के दौरान पता चला कि यह भारत के उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ सगड़ी के मूल निवासी हैं।

वाराणसी समर सिंह और आकांक्षा दुबे के रिश्ते के खुलेंगे राज पुलिस को मिली भोजपुरी गायक समर सिंह की रिमांड


 वाराणसी समर सिंह और आकांक्षा दुबे के रिश्ते के खुलेंगे राज


पुलिस को मिली भोजपुरी गायक समर सिंह की रिमांड


उत्तर प्रदेश वाराणसी भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह की मुसीबतें बढ़ती दिख रही हैं। सिविल जज जूनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय तनया गुप्ता की अदालत ने बुधवार को समर सिंह की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। 13 अप्रैल की सुबह 10 बजे से 17 अप्रैल की शाम पांच बजे तक की पुलिस रिमांड स्वीकृत हुई है। इसका मतलब यह कि समर सिंह 4 दिन 7 घंटे पुलिस कस्टडी रिमांड में रहेगा। 


अदालत में समर सिंह जिला जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुआ। सारनाथ थाने की पुलिस ने समर सिंह की सात दिन की रिमांड अदालत से मांगी थी। पुलिस का कहना है कि समर का मोबाइल बरामद किया जाना जरूरी है। इसके अलावा समर के लखनऊ और मुंबई स्थित ऑफिस जाकर उसके व आकांक्षा के बीच हुए वित्तीय लेनदेन व फिल्मों के करार संबंधी कागजात बरामद करना है।


 रिमांड का विरोध फौजदारी के अधिवक्ता अनुज यादव, आशीष सिंह और विकास यादव ने किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि समर की गिरफ्तारी मोबाइल की लोकेशन की मदद से ही हुई है। समर और आकांक्षा के बीच हुए वित्तीय लेनदेन और फिल्मों के करार संबंधी कागजात हमारी ओर से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में समर सिंह को पुलिस रिमांड पर दिए जाने का कोई औचित्य नहीं है। मंगलवार को ही आरोपी समर सिंह के अधिवक्ताओं को रिमांड संबंधी आवेदन पत्र की प्रति उपलब्ध कराई गई। साथ ही, अदालत ने आरोपी के अधिवक्ताओं को आपत्ति दाखिल करने के लिए एक दिन का समय दिया था। बुधवार सुबह 11 बजे सुनवाई के बाद अदालत ने आदेश सुरक्षित रख लिया। दोपहर बाद पुलिस रिमांड संबंधित आवेदन पर आदेश जारी किया।

हरदोई पुलिस बूथ के भीतर सिपाही ने फांसी लगाकर की आत्महत्या शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

हरदोई पुलिस बूथ के भीतर सिपाही ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान


उत्तर प्रदेश के हरदोई में बीच चौराहे पर स्थित पुलिस बूथ के भीतर एक सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही आसपास के लोगों की नजर पुलिस बूथ के अंदर पड़ी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे और बूथ के अंदर से रस्सी काटकर शव नीचे उतरवाया। 


तलाशी के दौरान मृतक के पास कुछ बरामद नहीं हुआ। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। घटना के कारणों की जांच के लिए मृतक सिपाही के साथियों से बातचीत की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सोल्जर बोर्ड चौराहे पर बुधवार सुबह चौराहे पर बने यातायात पुलिस बूथ पर लोहे के एंगल में रस्सी से यातायात पुलिस के सिपाही अशोक कुमार ने आत्महत्या कर ली। बूथ में शव लटकता देख सिपाहियों ने अपने अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के सामने पुलिसकर्मियों ने रस्सी को काट कर शव को उतारा और तलाशी ली। तलाशी के दौरान मृतक सिपाही के पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ।


 इसके अलावा उसके शरीर पर कहीं कोई चोट के जाहिरा निशान भी नहीं नजर आये। मृतक सिपाही देवरिया जिले का रहने वाला था और यहाँ अकेला ही रहता था। सिपाही द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसके साथ ड्यूटी करने वाले लोगों से भी जानकारी ली है लेकिन आत्महत्या के कारणों की वजह की जानकारी नहीं हुई है। मृतक सिपाही के घर वालों को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और सिपाही के मौत के कारणों की वजह तलाशने में जुटी है।

 

आजमगढ़ 3 कुंतल गांजे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार निजामाबाद थाना पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता वाहन पर लिखा था ’ऑन आर्मी ड्यूटी’


 आजमगढ़ 3 कुंतल गांजे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार


निजामाबाद थाना पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता


वाहन पर लिखा था ’ऑन आर्मी ड्यूटी’


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले में मादक पदार्थो के कारोबार पर अभी तक लगाम नहीं लग सकी है। पुलिस की कवायद को धत्ता बताते हुए मादक पदार्थ कारोबारी आज भी अपने अवैध धंधे में लगे हुए है। मंगलवार की शाम निजामाबाद थाना पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में लगभग तीन कुंतल गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।


मंगलवार की देर शाम फरिहां-निजामाबाद मार्ग पर स्थित शहदुल्लाचक गांव के पास निजामाबाद थाने की पुलिस व एसओजी टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चेकिंग व दबिश अभियान चलाया। इस दौरान दो डीसीएम में लदे भारी मात्रा में मादक सामग्री गांजा बरामद किया गया।


 इसके साथ ही पुलिस टीम ने दो तस्करों को भी मौके से गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। मंगलवार की देर शाम पुलिस ने यह कार्रवाई की और रात भर इसे दबाए रखा।


सूत्रों से सूचना मिलने पर रात में ही जानकारी का प्रयास हुआ लेकिन पुलिस महकमा इस बाबत कुछ भी जानकारी होने से इंकार करता रहा। बुधवार को एसओ राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कुरेदने में सिर्फ इतना बताया कि मादक पदार्थो की बरामदगी हुई है और बरामद मादक पदार्थ भारी मात्रा में है। गांजा होने की बात पूछने पर उन्होंने हां में जवाब दिया और कहा कि कुछ देर का इंतजार करे मुख्यालय पर उच्चाधिकारी सारी जानकारी देंगे। जिसके लिए प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया है।


 बरामद माल कितना है और वास्तव में कितने लोग पकड़े गए है। इसकी जानकारी देने से पुलिस ने फिलहाल इंकार किया है। सूत्र दो डीसीएम में लदे लगभग तीन कुंतल गांजा के बरामदगी व दो तस्करों के गिरफ्तारी की पुष्टि कर रहे है। आजमगढ़ पुलिस ने जिन दो डीसीएम से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। उसमें एक पर ऑन आर्मी ड्यूटी लिखा कागज लगा हुआ है। आर्मी ड्यूटी के नाम पर डीसीएम से गांजा की सप्लाई की जा रही है। दोनों गाड़ियों पर महाराष्ट्र प्रांत का नंबर है। रास्ते में पुलिस को धोखा देने के उद्देश्य को लेकर एक डीसीएम के शीशे पर ऑन आर्मी ड्यूटी का स्टीकर गांजा तस्करों द्वारा लगा रखा गया है। दोनों डीसीएम फिलहाल निजामाबाद थाना से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर सड़क किनारे खड़े किए गए है।

जौनपुर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाकर कुलचने का प्रयास फायरिंग में मुख्य आरक्षी सहित 2 घायल


 जौनपुर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाकर कुलचने का प्रयास


फायरिंग में मुख्य आरक्षी सहित 2 घायल


उत्तर प्रदेश जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना तिराहे पर मंगलवार की रात में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक मुख्य आरक्षी और एक पशु तस्कर के पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


मुठभेड़ में घायल तस्कर के साथ ही दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से तमंचा, खोखा, एक पिकअप में लदे दो गोवंश और तीन मोबाइल बरामद किया गया।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे सरायख्वाजा प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा व स्वाट टीम प्रभारी रमेश कुमार, सर्विलांस टीम प्रभारी रामजनम यादव पतहना तिराहे पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ तस्कर पशुओं को लेकर कहीं काटने जा रहे हैं। उसी आधार पर वाहनों की जांच की जाने लगी तो कुछ देर में अनापुर की तरफ से पिकअप व बोलेरो आती हुई दिखाई दी।


बोलेरो पर सवार पशु तस्करों ने पुलिस पर वाहन को चढ़ाने का प्रयास करते हुए फायरिंग कर दी। इससे मुख्य आरक्षी संजय शर्मा के बाए बांह के कंधे के नीचे गोली लगी। चेतावनी देते हुए पुलिस ने फायरिंग की तो एक गोली तस्कर सलमान निवासी ग्राम पीठापुर थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ के दाहिने पैर मे लगी और वह घायल हो गया। 


भाग रहे दो अन्य तस्कर फैजान निवासी पीठापुर थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ व अब्दुल्ला निवासी मकदूमपुर थाना तेजीबाजार जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल पुलिसकर्मी व आरोपी तस्कर सलमान को पीएचसी करंजाकला भेजा गया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सलमान के खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। जबकि फैजान के खिलाफ भी चार मामले दर्ज हैं।

जौनपुर शाहगंज एक ही फंदे से लटका मिला सगे भाई बहन का शव दुर्घटना में अपाहिज हो गया था युवक, बहन करती थी देखभाल


 जौनपुर शाहगंज एक ही फंदे से लटका मिला सगे भाई बहन का शव


दुर्घटना में अपाहिज हो गया था युवक, बहन करती थी देखभाल


उत्तर प्रदेश जौनपुर शाहगंज इलाके में सगे भाई बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सनसनी खेज वारदात की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा है कि रक्षा बंधन पर्व पर राखी बांधने के बाद भाई से रक्षा की कसम दिलाने व भाई की उम्र लम्बी होने की दुआ करने वाले बहन ने भाई के साथ क्यो मौत को गले लगायी। फिलहाल इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।


शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम सगे भाई बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव उनके घर के एक कमरे में पंखे के सहारे एक ही साड़ी से बने फंदे से लटकता हुआ मिला। मृत युवक एक दुर्घटना का शिकार होने के चलते अपाहिज हो गया था। वहीं मृतक बहन ही उसकी देखभाल करती थी। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


जानकारी के मुताबिक सिधाईं गांव निवासी राजकुमार राजभर उर्फ दरोगा लाल का सबसे छोटा बेटा राज कपूर तीन साल पहले एक दुर्घटना के चलते अपाहिज हो गया था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम वो कमरे में अपनी छोटी बहन पुष्पा के साथ मौजूद था। काफी देर तक कुछ हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को आशंका हुई। परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि राज कपूर और पुष्पा पंखे के सहारे एक ही साड़ी से बनाए फंदे में लटके हुए थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन दोनों को उतार कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतक राज कपूर पहले दर्जी का काम करता था। वह खाड़ी देश में भी काम कर चुका था। तीन साल पहले एक दुर्घटना में उसके दोनों पैर खराब हो गए। तबसे वो घर पर ही रहता था। राज कपूर शादीशुदा था। परिवार में उसकी पत्नी रेनू और चार साल का बेटा प्रियांशू है। लेकिन उसकी देखभाल और नित्य क्रिया की जिम्मेदारी छोटी बहन पुष्पा ही देखती थी।


मंगलवार को सुबह ही राज कपूर की पत्नी किसी कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली के लिए निकली थी। राजकपूर चार भाइयों में सबसे छोटा और बहन पुष्पा तीन बहनों में सबसे छोटी थी। वो नगर के राजकीय महिला महाविद्यालय से बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई भी कर रही थी । पिता दरोगा लाल कानपुर में कपड़े के कारखाने में काम करते है।

बिजनौर ढाई लाख का इनामी एनकाउंटर में ढेर हत्या, लूट के 43 से ज्यादा मुकदमें थे दर्ज 5 पुलिसकर्मी भी हुए घायल


 बिजनौर ढाई लाख का इनामी एनकाउंटर में ढेर


हत्या, लूट के 43 से ज्यादा मुकदमें थे दर्ज


5 पुलिसकर्मी भी हुए घायल


उत्तर प्रदेश बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे ढाई लाख रू के फरार इनामी बदमाश आदित्य राणा और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। दो तरफा फायरिंग में आदित्य एनकाउंटर में ढेर हो गया। इसमें 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए।


राना नंगला बिजनौर निवासी आदित्य पर हत्या, लूट सहित 43 से ज्यादा मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2022 को शिवाला कलां थाने में दर्ज एक मामले की सुनवाई के लिए पुलिस आदित्य राणा को लखनऊ जेल से बिजनौर लाई थी। यहां से लौटते समय शाहजहांपुर के रेड चिली ढाबे से पुलिस को चकमा देकर आदित्य राणा फरार हो गया था। इसके बाद आदित्य को प्रदेशीय माफिया घोषित करने के साथ ही उस पर ढाई लाख रुपए का इनाम कर दिया गया था। तभी से पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी।

SP नीरज कुमार जादौन के मुताबिक देर रात SOG टीम को सूचना मिली कि आदित्य और उसके साथी बुढ़नपुर मार्ग पर हैं। मौका मिलते ही टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की कहानी के मुताबिक, आदित्य और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान 1 बदमाश को गोली लगी और बाकी बदमाश जंगल की तरफ भाग गए।


टार्च की रोशनी में देखा तो जानकारी हुई कि गोली लगने वाला बदमाश आदित्य राणा है। पुलिस टीम ने उसको अभिरक्षा में लेकर घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। आदित्य व उसके साथियों द्वारा की गई फायरिंग में 5 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। आदित्य के बाकी साथियों की तलाश में पुलिस फोर्स जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही है।


अब तक पुलिस आदित्य गैंग के 8 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें उसका ग्राम प्रधान भाई चंद्रवीर बिट्टू भी शामिल है। मुठभेड़ में स्योहारा थाना प्रभारी राजीव चौधरी, हमराह अजय कुमार फौजी, SOG इंस्पेक्टर जयवीर सिंह, सिपाही अरुण व रईस घायल हुए हैं।

आजमगढ़ हाईकोर्ट ने एसडीएम सगड़ी के आदेश को किया खारिज जिलाधिकारी को 2 माह के अंदर किसी अन्य अधिकारी के समक्ष भेजकर विधि अनुसार निस्तारण का दिया आदेश न्यायमूर्ति ने प्रदेश सरकार को एसडीएम को अर्ध-न्यायिक प्रदान करने की दी सलाह खैरघाट गांव के प्रधान पद की दुबारा मतगणना कराने के आदेश का मामला


 आजमगढ़ हाईकोर्ट ने एसडीएम सगड़ी के आदेश को किया खारिज


जिलाधिकारी को 2 माह के अंदर किसी अन्य अधिकारी के समक्ष भेजकर विधि अनुसार निस्तारण का दिया आदेश


न्यायमूर्ति ने प्रदेश सरकार को एसडीएम को अर्ध-न्यायिक प्रदान करने की दी सलाह


खैरघाट गांव के प्रधान पद की दुबारा मतगणना कराने के आदेश का मामला


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने एक चुनाव याचिका का निस्तारण करते हुए उप जिलाधिकारी सगड़ी के 21 मार्च 2023 के हरैया ब्लॉक के खैरघाट गांव के प्रधान पद की दुबारा मतगणना कराने के आदेश को निरस्त कर दिया। साथ ही जिलाधिकारी को आदेश दिया कि वह किसी अन्य मजिस्ट्रेट के समक्ष मामले को भेजकर उसका दो माह के अंदर विधि अनुसार निस्तारण कराएं। उच्च न्यायालय ने अपने आदेश मे लिखा कि एसडीएम राजीव रत्न सिंह द्वारा पारित दूसरा आदेश स्पष्ट रूप से शासनादेश और पंचायत राज एक्ट के विपरीत है। ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त आदेश एक ऐसे व्यक्ति द्वारा पारित किया गया है, जिसके पास न्यायिक रुप से प्रशिक्षित दिमाग नहीं है। राज्य सरकार को अर्ध-न्यायिक प्रदान करने की सलाह दी जाती हैं।


मामले के अनुसार उप जिलाधिकारी सगड़ी के न्यायालय में हरैया ब्लाक के ग्राम पंचायत खैरघाट गांव निवासी बहादुर सिंह पुत्र स्वर्गीय बलिहारी सिंह ने चुनाव याचिका दाखिल किया। इसमें ग्राम प्रधान के पद पर निर्वाचित पनवा देवी और एक अन्य को विपक्षी बनाया। तथा न्यायालय से पनवा देवी के निर्वाचन को अवैध करार देते हुए पुनः मतगणना कराए जाने की मांग की गई। सुनवाई के बाद एसडीएम सगड़ी राजीव रत्न सिंह ने 21 मार्च 23 को बहादुर सिंह की याचिका को स्वीकार कर लिया। तथा खैरघाट के प्रधान पद हेतु पुनर्मतगणना कराए जाने का आदेश दिया। उक्त आदेश के विरुद्ध पनवा देवी ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में याचिका दाखिल करते हुए एसडीएम के आदेश को निरस्त करने की मांग की। सुनवाई के बाद 10 अप्रैल को उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने उप जिलाधिकारी सगडी के आदेश दिनांक 21 मार्च 23 को निरस्त कर दिया तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ को निर्देश दिया कि वह चुनाव याचिका को दूसरे अधिकारी के समक्ष भेजकर उसे दो माह मे विधि अनुसार निस्तारण कराएं।

आजमगढ़ मुबारकपुर थानाध्यक्ष ने सठियाव मार्केट का पैदल गश्त कर के लिया जायजा


 आजमगढ़ मुबारकपुर थानाध्यक्ष ने सठियाव मार्केट का पैदल गश्त कर के लिया जायजा 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर सठियाव मार्केट का जायजा लेते हुयें मुबारकपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार व सठियाव चौंकी प्रभारी  राम कृष्ण सिंह मय हमराही पूरे चौंकी इंस्टाप मौजूद रहे आम जन में सुरक्षा की भावना बनाये रखने एव कानून बेवस्था को सुदृढ़ रखने के लिये सुझाव दिये और पैदल गश्त कर के मार्केट व चौराहे का जायजा लिए।


आजमगढ़ मुबारकपुर से संजय चौहान की रिपोर्ट।