Saturday 25 February 2023

आजमगढ़ महाराष्ट्र से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया 50 हजार रू का इनामी 3 सालों से कानून की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहा था दानिश एसटीएफ व सरायमीर पुलिस की मदद से थाणे जिले से किया गया गिरफ्तार


 आजमगढ़ महाराष्ट्र से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया 50 हजार रू का इनामी


3 सालों से कानून की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहा था दानिश


एसटीएफ व सरायमीर पुलिस की मदद से थाणे जिले से किया गया गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ हत्या के मामले में जमानत पर छूटने के बाद पिछले तीन सालों से कानून की आंख में धूल झोंककर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही पुलिस का काम आसान करने के लिए बीते वर्ष डीआईजी द्वारा फरार घोषित अपराधी दानिश पुत्र मोहम्मद आरिफ पर 50 हजार रुपए पुरस्कार घोषित किया गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया था। 


ईनाम घोषित अपराधी दानिश को बीते दिनों एसटीएफ व सरायमीर पुलिस की मदद से महाराष्ट्र के थाणे जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लिए गए अपराधी को लेकर जिले में पहुंची।


बताते हैं कि सरायमीर क्षेत्र के नंदावं ग्राम निवासी दानिश पुत्र मोहम्मद आरिफ के खिलाफ वर्ष 1999 में हुई एक हत्या के मामले में आरोपित किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद दानिश लंबे समय तक न्यायालय में पेश मुकदमे की सुनवाई में हाजिर होता रहा लेकिन अचानक लापता हो गया। एफटीसी (प्रथम) कोर्ट में चल रही सुनवाई में कोर्ट ने फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया। फिर भी आरोपी के न्यायालय में उपस्थित न होने की वजह से उसे फरार घोषित किया गया। 


गिरफ्तारी के लिए दानिश पर बीते वर्ष 9 सितंबर को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपए पुरस्कार घोषित कर दिया। फरार घोषित दानिश महाराष्ट्र के थाणे जिले में चोरी छिपे रहने लगा। बीते दिनों ईनाम घोषित दानिश एसटीएफ की मदद से सरायमीर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शनिवार को जिले में लाए गए अपराधी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आजमगढ़ मुबारकपुर तमसा नदी में उतराते मिले दो शव एक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त की कोशिश में जुटी पुलिस एएसपी सिटी डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे


 आजमगढ़ मुबारकपुर तमसा नदी में उतराते मिले दो शव



एक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त की कोशिश में जुटी पुलिस


एएसपी सिटी डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर में पुलिस ने शनिवार को तमसा नदी में दो अलग-अलग स्थानों से दो शव बरामद किए। जिसमें एक की पहचान हो गई तो वहीं दूसरे की शिनाख्त की कवायद में पुलिस जुटी है। एएसपी सिटी डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


नीबी खुर्द गांव के ग्रामीण शनिवार सुबह नदी किनारे गए तो एक शव नदी में उतराया देखा। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। मुबारकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकाल कर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। घंटों प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 40-45 साल आंकी गई। पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


 वहीं कुछ ही देर बाद मुबारकपुर के ही सोनावर गांव के ग्रामीणों ने नदी में एक बालक का शव उतराया हुआ देखा। नदी में दूसरा शव मिलने की जानकारी होते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को बाहर निकलवाया गया तो उसकी पहचान बिंद मठिया गांव निवासी किशन गिरी (8) पुत्र महेंद्र गिरी के रूप में की गई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गई। मां ने बताया कि किशन 23 फरवरी को दिन में 12 बजे घर से निकला था और तब से लापता था। अपने स्तर से खोजबीन के बाद उसने मुबारकपुर थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। किशन चार बहनों का इकलौता भाई था। पिता रोजी-रोटी के लिए गुजरात रहता है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल भी डॉग स्कवायड व फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किए।

आजमगढ़ फूलपुर फिर मिली सिर कटी महिला की लाश नहीं हो पाई पहचान, पुलिस ने लगवाये पोस्टर


 आजमगढ़ फूलपुर फिर मिली सिर कटी महिला की लाश


नहीं हो पाई पहचान, पुलिस ने लगवाये पोस्टर


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद में फिर एक सिर कटी महिला की लाश बरामद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पहचान का काफी प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। उसका सिर भी बरामद नहीं हो पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


मिली जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी को फूलपुर अम्बारी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत पलिया कुँवर नदी के किनारे श्मशान घाट के बगल में अज्ञात महिला के लाश मिलने से सनसनी फैल गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश की शिनाख्त करने में जुट गयी। काफी देर तक जब उसकी पहचान नहीं हो पाई तो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला का सिर गायब है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। महिला का रंग सांवला है उसके शरीर पर पीले रंग का पेटीकोट, खाकी रंग का मोजा है।


इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी अनिल सिह ने बताया कि शव का सिर नहीं है। शरीर के अन्य अंग को जंगली जानवरों ने काट खाया है। महिला की पहचान के लिए पोस्टर छपवाकर सार्वजनिक स्थल पर चस्पा कराया जा रहा है। आजमगढ़ जिले में सिर कटी लाश मिलने की बीते छह माह में यह दूसरी घटना है। इसके पूर्व अहरौला थाना क्षेत्र में युवती की सिर कटी लाश कुएं से बरामद की गई थी। जिसका सिर लगभग एक सप्ताह बाद कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित एक पोखरे से बरामद किया गया था। उसके बाद मृतका की पहचान की जा सकी और फिर पुलिस ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कर उसका खुलासा किया। यह अलग बात है कि उस हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त के रूप में चिन्हित दो युवकों में से अभी एक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अब दूसरी सिर कटी लाश मिलने के बाद एक बार फिर हड़कंप मच गया है।

आजमगढ़ रौनापार आधी रात को चली बदमाश और पुलिस के बीच गोलियां 25 हजार का इनामी अंतर्जनपदीय बदमाश गोली लगने से घायल


 आजमगढ़ रौनापार आधी रात को चली बदमाश और पुलिस के बीच गोलियां


25 हजार का इनामी अंतर्जनपदीय बदमाश गोली लगने से घायल


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि बीती रात करीब 2:00 बजे रौनापार थाना क्षेत्र में बरडीहा गांव के पास बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। इसके ऊपर करीब 1 दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। यह रौनापार और मुबारकपुर थाने में वांछित भी है।


 बदमाश की पहचान शहजादे उर्फ छेदी के रूप में की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अंतर्जनपदीय गैंग का सदस्य है। इसके अन्य सदस्य के ऊपर गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति जब्ती करण की कार्रवाई की जाएगी। बदमाश के पास से तमंचा कारतूस व चोरी की मोटर साइकिल बरामद हुई है।

चंदौली निलंबन के बाद पुलिस चौकी इंचार्ज और सिपाही गिरफ्तार एसपी ने कहा ऐसे कृत्य पर नहीं बख्शा जाएगा


 चंदौली निलंबन के बाद पुलिस चौकी इंचार्ज और सिपाही गिरफ्तार



एसपी ने कहा ऐसे कृत्य पर नहीं बख्शा जाएगा


उत्तर प्रदेश चंदौली जिले की पुलिस अवैध वसूली में भी एक बार फिर दागदार हुई है। मछली का दाना लदे ट्रक से अवैध वसूली के मामले में एसपी अंकुर अग्रवाल ने नई बाजार चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को न सिर्फ निलंबित किया है बल्कि दोनों पर मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इस मामले में चार अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मची है। शुक्रवार को दोनों पुलिसकर्मियों को मेडिकल मुआयना कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।


कोलकता से मछली का दाना बच्चा लेकर एक ट्रक चालक हरियाणा जा रहा था। बृहस्पतिवार की देर रात कार सवार लोगों ने नई बाजार पुलिस चौकी के समीप ट्रक को रोक लिया। वे स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर असलहे के बल पर ट्रक चालक से पैसे की मांग करने लगे। ट्रक चालक ने इसकी सूचना अपने मालिक को दिया। यहां मोटी रकम वसूलने के बाद ट्रक को छोड़ दिया गया। ट्रक मालिक ने इसकी सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने मामले की जांच कराई। इसमें नई बाजार चौकी इंचार्ज भूपेंद्र कुशवाहा और पुलिस कर्मी विनय यादव संलिप्त पाए गए। इस पर शुक्रवार की शाम एसपी के निर्देश पर चार अज्ञात लोगों के साथ चौकी इंचार्ज और सिपाही पर मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी ने चौकी इंचार्ज और सिपाही को निलंबित कर दिया। इसके बाद दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल मुआयना कराया गया। वहीं आगे की कार्रवाई में पुलिस जुटी है।


अंकुर अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, चंदौली ने कहा कि जिले में अवैध वसूली जैसा कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ट्रक से वसूली की शिकायत पर चौकी इंचार्ज और सिपाही को निलंबित किया गया है। वहीं चौकी इंचार्ज, सिपाही सहित छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।