Thursday 15 June 2023

बदायूं महिला कांस्टेबल ने रिटायर्ड सीओ और पति पर लगाया गंभीर आरोप एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र, दर्ज हुआ मुकदमा


 बदायूं महिला कांस्टेबल ने रिटायर्ड सीओ और पति पर लगाया गंभीर आरोप


एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र, दर्ज हुआ मुकदमा



उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक महिला कांस्टेबल ने अपने ही कांस्टेबल पति और रिटायर्ड सीओ ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहता है। महिला का आरोप है कि पति की गैर मौजूदगी में उसका ससुर उस पर गलत नजर रखता है, कई बार अश्लील हरकतें भी कर चुका है। महिला कांस्टेबल ने अपने रिटायर्ड सीओ ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। सिविल लाइंस पुलिस ने रिटायर्ड ससुर एवं उनके बेटे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया हैं।


 मामला थाना सिविल लाइंस क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस लाइंस में रहने वाली महिला कांस्टेबल ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि वह पुलिस विभाग में महिला आरक्षी पद पर तैनात है। उसके पति कांस्टेबल शिवेंद्र सिंह एसपी देहात के हमराह हैं। वहीं, ससुर श्योराज सिंह पुलिस विभाग से सीओ के पद से सेवानिवृत हुए हैं। उसके दो बच्चे हैं जोकि उसके साथ ही रहते हैं। आरोप है कि पति शिवेंद्र सिंह चार साल से एक अन्य महिला के साथ किराए के मकान में रह रहा है। वह जब भी पति से मिलती है तो वह उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करता है। 


ससुर श्योराज सिंह रिटायर होने के बाद से ही उसके साथ सरकारी आवास में रह रहे हैं। आरोप है कि ससुर की शह पर ही उसका पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है। पति के जाने के बाद उसके ससुर उस पर गलत नजर रखते हैं। उसने ससुर की हरकतों का विरोध किया तो उन्होंने समाज में बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही उसके जेवर लेकर पैतृक गांव चकाथल अलीगढ़ चले गए। महिला कांस्टेबल ने अपने पति व ससुर से जानमाल का खतरा बताते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगायी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने कांस्टेबल पति शिवेंद्र सिंह व उसके पिता रिटायर्ड सीओ श्योराज सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव विश्नाई ने बताया, एसएसपी के आदेश पर महिला आरक्षी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

लखनऊ शूटर की सुरक्षा में इतने पुलिस जवान कि गिन नहीं सकते पेशी के दौरान कोर्ट परिसर छावनी में हुआ तब्दील


 लखनऊ शूटर की सुरक्षा में इतने पुलिस जवान कि गिन नहीं सकते


पेशी के दौरान कोर्ट परिसर छावनी में हुआ तब्दील


उत्तर प्रदेश लखनऊ संजीव जीवा के शूटर विजय को लखनऊ जिला जेल से पेशी पर लाते समय कोर्ट को छावनी में बदल दिया गया था। भारी पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे विजय को लेकर पुलिस कोर्ट परिसर पहुंची। उसे कड़ी सुरक्षा में पुलिस वाहन से उतारा गया। फिर चारों ओर घेरा बनाकर उसे कोर्ट रूम तक ले जाया गया। घटना के दिन वकीलों ने उसे पकड़ कर काफी पीट दिया था। पुलिस को यह आशंका भी थी कि उस पर वकील फिर हमला कर सकते हैं।


जीवा की हत्या के आरोपित विजय यादव उर्फ आनन्द की कोर्ट ने 15 जून की सुबह 10 से 17 जून की शाम पांच बजे तक रिमाण्ड स्वीकृत की है। पुलिस की अर्जी पर स्पेशल सीजेएम कस्टम साक्षी गर्ग ने कोर्ट में तलब किया था। बुधवार शाम को विजय को भारी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी रिमाण्ड मंजूर कर ली गई। पुलिस ने उससे कई तथ्य उजागर करने की बात कहकर पांच दिन की रिमाण्ड मांगी थी। इससे पहले सोमवार को पुलिस ने विजय की रिमाण्ड लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। अर्जी में लिखा था कि विजय ने मुंगेर से असलहा लाने की बात कही थी। साथ ही नेपाल में असलम नाम के युवक से जीवा को मारने की 20 लाख रुपये की सुपारी ली थी। इसके बाद पुलिस इस हत्याकाण्ड से जुड़ी कई जानकारियां जुटाने में लगी हुई है।


इस हत्याकाण्ड के मास्टरमाइन्ड ने सारा ताना-बाना कोर्ट गेट से जीवा के दाखिल होने से लेकर कोर्ट रूम तक जाने के बीच ही बुना था। पुलिस अधिकारी भी मान रहे हैं कि इस दौरान वही हुआ, जैसा मास्टरमाइन्ड ने शूटर को बताया था। बस, हत्या के बाद शूटर विजय यादव पकड़ गया...। हालांकि सूत्रों का कहना है कि उसका पकड़ जाना भी पूरी साजिश का एक हिस्सा ही है। अब यह सामने आया है कि जीवा जब पेशी के लिए कोर्ट परिसर में जा रहा था, उस समय उसके साथ चल रहे वकील के हाथ में बुलेट प्रूफ जैकेट थी। उसने ही जीवा को इसे पहनने से मना किया था। यह वकील कौन था, अब पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। यह देखा जा रहा है कि कहीं वकील के वेश में यह कोई और शख्स तो नहीं था। जीवा की सुरक्षा में आए पुलिसकर्मियों ने वकील को पहचानने से इनकार किया है।

प्रतापगढ़ दहेज की मांग करने पर दूल्हे को पेड़ से बांधा बारातियों को भी बनाया गया बंधक


 प्रतापगढ़ दहेज की मांग करने पर दूल्हे को पेड़ से बांधा


बारातियों को भी बनाया गया बंधक


उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ जयमाल के दौरान अचानक दहेज की मांग करना दूल्हे और उसके परिजनों को भारी पड़ गया। आक्रोशित घर वालों ने दूल्हे समेत बरातियों को बंधक बना लिया। दूल्हे को पेड़ से बांध दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई। पूरे दिन पंचायत चलती रही, लेकिन इसका नतीजा नहीं निकला। मानधाता क्षेत्र के हरखपुर में बुधवार की रात जौनपुर से बरात आई थी। 


जयमाल के दौरान अचानक दूल्हा दहेज की मांग करने लगा। इससे दुल्हन के घर वालों में सन्नाटा पसर गया। पहले तो लोगों ने उसको समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह अपनी बात पर अड़ा रहा तो आक्रोशित परिवार के लोगों ने दूल्हे अमरजीत को पेड़ से बांध दिया। साथ ही दूल्हे के कई रिश्तेदारों और बरातियों को भी बंधक बना लिया। इससे बरात में अफरातफरी मची रही। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई। थाने पर दिन भर पंचायत चलती रही लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वाराणसी फिर खाकी वर्दी पर लगा दाग देह व्यापार के लिए महिला को बुलाने का आरोपी सिपाही निलंबित


 वाराणसी फिर खाकी वर्दी पर लगा दाग


देह व्यापार के लिए महिला को बुलाने का आरोपी सिपाही निलंबित


उत्तर प्रदेश वाराणसी देह व्यापार के लिए महिला को बुलाने के आरोपों से घिरे वाराणसी के सारनाथ थाने के सिपाही त्रिलोकी भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया। इस मामले में सिपाही का ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद डीसीपी वरुणा जोन ने यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप के अनुसार, सिपाही त्रिलोकी भारद्वाज ने एक महिला को फोन किया और कहा कि तीन हजार रुपये दिला रहा हूं। चाची के कमरे पर आ जाओ। महिला रात का हवाला देती है और कहती है, अभी कैसे आ पाएंगे। इस पर सिपाही कहता है कि चाची के लड़के को ऑटो के साथ भेज रहा हूं, तुम आ जाओ।


इस बीच आरोपी सिपाही के पास मौजूद महिला कहती है कि लड़का पकड़ लिया जाएगा तो हम क्या करेंगे। इस पर सिपाही कहता है कि अरे हम हैं ना...। पुलिस में नौकरी कर रहे हैं...। कहीं भी पकड़ा जाएगा तो हम भाग कर जाएंगे और छुड़ा कर लाएंगे...। इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं।


सिपाही त्रिलोकी भारद्वाज को निलंबित करके विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में आरोप सही साबित होने पर संबंधित सिपाही के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। त्रिलोकी भारद्वाज सेना से सेवानिवृत्त होकर वर्ष 2021 में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ है। बीते एक महीने चार दिन में 12 पुलिस कर्मी कार्रवाई की जद में आ चुके हैं। सिपाही त्रिलोकी भारद्वाज के निलंबन से पहले 10 जून को डकैती के आरोपियों से मिली भगत के आरोप में भेलूपुर थाने के पूर्व थानाध्यक्ष रमाकांत दुबे सहित सात पुलिस कर्मी बर्खास्त किए गए। 25 मई को सारनाथ और कैंट थाने में तैनात रहे हेड कांस्टेबल विनय कुमार, दीपक सिंह और प्रशांत सिंह रंगदारी मांगने सहित अन्य आरोपों में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। 11 मई को जंसा थाने के दरोगा अभिषेक वर्मा को एक लाख रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ कर एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार किया था।

कुशीनगर दर्दनाक हादसा, आग से महिला और 5 बच्चे जिंदा जले बीती रात की घटना, सोया था पूरा परिवार


 कुशीनगर दर्दनाक हादसा, आग से महिला और 5 बच्चे जिंदा जले


बीती रात की घटना, सोया था पूरा परिवार


उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दर्दनाक घटना हुई है। रामकोला थाना इलाके में एक झोपड़ी में आग लग गई। आग में महिला और उसके पांच बच्चे जिंदा जल गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


जानकारी के अनुसार, कुशीनगर की नगर पंचायत रामकोला के उर्दहा गांव में बुधवार की रात करीब 12 बजे रिहायशी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। झोपड़ी में अपने पांच बच्चों के साथ सो रही महिला जिंदा जल गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर जिलाधिकारी रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल और एएसपी रितेश कुमार सिंह पहुंचे।


रामकोला थाना इलाके के उर्दहा गांव में नौमी सरजू के घर में लगी आग में उसकी पत्नी संगीता (38), उसका पुत्र अंकित (10) लक्ष्मीना (9), रीता (3), गीता (2) और बाबू एक साल की जलने से मौत हो गई है।


घटना की जानकारी मिलते ही रामकोला थाना पुलिस समेत डीएम रमेश रंजन, एसपी धवल जयसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। देर रात हुई इस हृदयविदारक घटना की लोग चर्चा कर रहे थे।

आजमगढ़ नाबालिग संग दुष्कर्म आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सूनाते हुए कोर्ट ने लगाया 50 हजार रुपए का अर्थदंड।


 आजमगढ़ नाबालिग संग दुष्कर्म आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सूनाते हुए कोर्ट ने लगाया 50 हजार रुपए का अर्थदंड।


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला न्यायालय में पाक्सो एक्ट के विशेष न्यायालय में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपित किए गए व्यक्ति को दोष सिद्ध पाते हुए उसे आजीवन कारावास एवं 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।


अभियोजन कहानी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने विगत 25 मई 2015 को स्थानीय कोतवाली में 7 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में पीड़ित बालिका के पिता का आरोप है कि घटना वाली रात दीदारगंज थाना क्षेत्र के समसपुर ग्राम निवासी जैनुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन नाबालिग बालिका को उसके घर से उठाकर बगीचे में ले गया और उसके साथ मुंह काला किया। इस मामले में पुलिस ने विवेचना के बाद आख्या रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया विद्वान न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनकर आरोपित किए गए व्यक्ति पर लगाए गए आरोप को सत्य पाया बुधवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश ने आरोपी जैनुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन को दोष सिद्ध पाते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए 50 हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया है।