Saturday, 28 February 2026

आजमगढ़ जीयनपुर चोरी मामले में कोतवाल की भूमिका पर उठे सवाल पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंप पूरी घटना से कराया अवगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की फटकार के बाद दर्ज हुआ मुकदमा


 आजमगढ़ जीयनपुर चोरी मामले में कोतवाल की भूमिका पर उठे सवाल


पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंप पूरी घटना से कराया अवगत


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की फटकार के बाद दर्ज हुआ मुकदमा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र की एक महिला ने ई-रिक्शा में सफर के दौरान पर्स से जेवर और नकदी निकाल लेने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। तहरीर में पीड़िता जीयनपुर कोतवाल पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं। पीड़िता का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे वह न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीता पटेल पत्नी रविंद्र पटेल, निवासी ग्राम कोलवा, थाना रौनापार, तहसील सगड़ी, 16 फरवरी 2026 को अपने मायके बिरहदपुर (पोस्ट व तहसील मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ) से ससुराल लौट रही थीं। वह सठियाव से मुबारकपुर होते हुए जीयनपुर के रास्ते एक ई-रिक्शा में बैठीं। आरोप है कि ई-रिक्शा में उनके बगल में बैठी बोरका पहने तीन महिलाओं ने रास्ते में ही उनके पर्स से कान का झुमका, मंगलसूत्र तथा लगभग 5,000 रुपये नकद निकाल लिए।


 पीड़िता के अनुसार, जब वह जीयनपुर में ई-रिक्शा से उतरीं तो पर्स से सामान गायब मिला। पलटकर देखने पर न तो ई-रिक्शा चालक मौजूद था और न ही वे तीनों महिलाएं। घटना की सूचना तीन दिन बाद जीयनपुर थाने में दी गई। उनका कहना है कि पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और संदिग्ध महिलाओं को थाने पर बैठाया था तथा उन्हें भी बुलाया गया, लेकिन बाद में यह कहकर घर भेज दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर बुलाया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि लगभग पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि संबंधित थाना जीयनपुर को प्राथमिकी दर्ज करने और विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाए, ताकि उनका सामान बरामद हो सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जीयनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला प्रकाश में आने के बाद स्थानीय स्तर पर इस बात की चर्चा जोरों पर बनी हुई है कि जब जीयनपुर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया था तो कार्रवाई क्यों नहीं किया।

आजमगढ़ सिधारी दिनदहाड़े छात्र पर असलहे के बल पर हमला, 6 नकाबपोशों ने अंडरपास के पास रोका कक्षा 11 के छात्र को तमंचे के बट से पीटकर किया घायल, शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी सीसीटीवी में 2 बाइकों पर भागते दिखे 6 संदिग्ध, थाने में दी गई तहरीर


 आजमगढ़ सिधारी दिनदहाड़े छात्र पर असलहे के बल पर हमला, 6 नकाबपोशों ने अंडरपास के पास रोका


कक्षा 11 के छात्र को तमंचे के बट से पीटकर किया घायल, शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी


सीसीटीवी में 2 बाइकों पर भागते दिखे 6 संदिग्ध, थाने में दी गई तहरीर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक छात्र के साथ असलहे के बल पर लूट व मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित के पिता ने थानाध्यक्ष सिधारी को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम व पोस्ट गम्भीरवन, थाना जहानागंज निवासी कृष्णकांत सिंह का पुत्र यश सिंह तिवारीपुर स्थित एक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। यश सिंह अपने मित्र अनंत यादव को जमालपुर ग्राम सभा छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान जमालपुर अंडरपास के पास दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश लोगों ने असलहा दिखाकर दोनों को रोक लिया। 


आरोप है कि हमलावरों ने छात्र की तलाशी ली और गाली-गलौज करते हुए असलहे के बट से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। डरा-सहमा छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित के पिता के अनुसार जब वह विद्यालय पहुंचे तो पता चला कि इसी प्रकार की घटना उसी दिन लगभग 12:50 बजे एक अन्य छात्र के साथ भी हुई थी। हालांकि उसके पास कोई धनराशि न मिलने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे छोड़ दिया था। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर की गई पड़ताल में सम्मोपुर स्थित स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश युवक भागते हुए दिखाई दिए। फोटो दिखाए जाने पर बच्चों ने कथित रूप से उन्हें पहचान लिया। 


पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपियों ने शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में पीड़ित के पिता ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

आजमगढ़ मार्टीनगंज एसडीएम के चेंबर में छलका जाम, वीडियो हुआ वायरल वीडियो में शराब की बोतल और गिलास दिखने से मचा हड़कंप, प्रशासनिक महकमे में हलचल एसडीएम ने बताया साजिश, कहा-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई


 आजमगढ़ मार्टीनगंज एसडीएम के चेंबर में छलका जाम, वीडियो हुआ वायरल



वीडियो में शराब की बोतल और गिलास दिखने से मचा हड़कंप, प्रशासनिक महकमे में हलचल


एसडीएम ने बताया साजिश, कहा-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मार्टीनगंज एसडीएम के चेंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में कथित तौर पर जाम छलकते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, न्यूज़9यू0पी0 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और तीन गिलास दिखाई दे रहे हैं। साथ ही एक व्यक्ति दूसरे से सिगरेट लेते हुए नजर आ रहा है। 

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले पर मार्टीनगंज की एसडीएम दिव्या सिकरवार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि बिजली चले जाने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके चेंबर में शराब की बोतल, पानी की बोतलें और गिलास रख दिए। जैसे ही बिजली आई, उसी दौरान वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया। एसडीएम के अनुसार यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


https://www.news9up.com/2026/03/blog-post.html