आजमगढ़ सिधारी दिनदहाड़े छात्र पर असलहे के बल पर हमला, 6 नकाबपोशों ने अंडरपास के पास रोका
कक्षा 11 के छात्र को तमंचे के बट से पीटकर किया घायल, शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी
सीसीटीवी में 2 बाइकों पर भागते दिखे 6 संदिग्ध, थाने में दी गई तहरीर
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक छात्र के साथ असलहे के बल पर लूट व मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित के पिता ने थानाध्यक्ष सिधारी को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम व पोस्ट गम्भीरवन, थाना जहानागंज निवासी कृष्णकांत सिंह का पुत्र यश सिंह तिवारीपुर स्थित एक स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। यश सिंह अपने मित्र अनंत यादव को जमालपुर ग्राम सभा छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान जमालपुर अंडरपास के पास दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश लोगों ने असलहा दिखाकर दोनों को रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने छात्र की तलाशी ली और गाली-गलौज करते हुए असलहे के बट से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। डरा-सहमा छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित के पिता के अनुसार जब वह विद्यालय पहुंचे तो पता चला कि इसी प्रकार की घटना उसी दिन लगभग 12:50 बजे एक अन्य छात्र के साथ भी हुई थी। हालांकि उसके पास कोई धनराशि न मिलने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे छोड़ दिया था। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर की गई पड़ताल में सम्मोपुर स्थित स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश युवक भागते हुए दिखाई दिए। फोटो दिखाए जाने पर बच्चों ने कथित रूप से उन्हें पहचान लिया।
पीड़ित छात्र ने बताया कि आरोपियों ने शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में पीड़ित के पिता ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

No comments:
Post a Comment