Monday, 5 October 2026

आजमगढ़ अहरौला के शंभूपुर हत्याकाण्ड में जांच शुरू प्रत्यक्षदर्शी 21 अक्टूबर तक अधिकारियों के सामने होंगे पेश, देंगे बयान


 आजमगढ़ अहरौला के शंभूपुर हत्याकाण्ड में जांच शुरू



प्रत्यक्षदर्शी 21 अक्टूबर तक अधिकारियों के सामने होंगे पेश, देंगे बयान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में 22 सितंबर 2026 को हुई तीन लोगों की हत्या और पुलिस की जवाबी कार्रवाई की घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। उप जिलाधिकारी बूढ़नपुर चंद्र प्रकाश सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है।


 उप जिलाधिकारी ने बताया कि 22 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे अरविंद सिंह ने अपने घर में गायत्री पूजा से क्षुब्ध होकर लाइसेंसी असलहे से पत्नी बबिता, महेंद्र प्रसाद पाठक निवासी इब्राहिमपुर और अखिलेश मिश्रा निवासी आछेपुर छत्तौना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया था। सूचना पर जोन और जनपद के पुलिस अधिकारी पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अरविंद को समझाकर आत्मसमर्पण कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान वह बच्चों को भी गोली मारने की धमकी दे रहा था। 23 सितंबर 2026 की रात करीब 12:50 बजे बंद कमरे से गोली चलने और बच्चों के रोने-चीखने की आवाज सुनाई देने पर पुलिस अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए दरवाजा तोड़ने का निर्णय लिया। दरवाजा टूटते ही अरविंद ने गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया।


 उप जिलाधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में जो भी ग्रामवासी या प्रत्यक्षदर्शी लिखित अथवा मौखिक साक्ष्य या बयान देना चाहते हैं, वे 21 अक्टूबर तक किसी भी कार्य दिवस में तहसील स्थित न्यायालय/कार्यालय में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकते हैं।

आजमगढ़ कंधरापुर नदी में नहाने गए युवक का दूसरे दिन मिला शव बुलेट और कपड़े देख परिजनों को हुआ था अनहोनी का शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह


 आजमगढ़ कंधरापुर नदी में नहाने गए युवक का दूसरे दिन मिला शव



बुलेट और कपड़े देख परिजनों को हुआ था अनहोनी का शक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए 36 वर्षीय युवक का दूसरे दिन शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक रविवार को चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास अपनी बुलेट बाइक खड़ी कर नदी में नहाने गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात आश्रम के पास बुलेट और युवक के कपड़े मिलने से नदी में डूबने की आशंका जताई गई। ग्रामीणों और परिजनों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में उसका शव उतराया मिला। देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय (36) रविवार सुबह बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर के समय वह कंधरापुर क्षेत्र स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा।


 बताया गया कि उसने अपनी बुलेट आश्रम के पास खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। देर शाम तक युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान रात करीब 10 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास झारखंडेय की बुलेट खड़ी है। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बाइक के पास युवक के कपड़े भी पड़े मिले। इसके बाद नदी में उसके डूबने की आशंका और गहरा गई। परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक आश्रम के आसपास और नदी में युवक की तलाश की। अंधेरा अधिक होने के कारण तलाश में सफलता नहीं मिली। काफी प्रयास के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर लोग वापस लौट गए। सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में लोगों ने पानी में एक युवक का शव उतराया देखा। इसकी सूचना तत्काल कंधरापुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान की प्रक्रिया में शव की शिनाख्त देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कंधरापुर पुलिस के अनुसार, युवक की मौत नदी में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आज़मगढ़ वि0स0 दीदारगंज मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ धरना प्रदर्शन को लेकर सपा की मासिक बैठक संपन्न .....


 आज़मगढ़ वि0स0 दीदारगंज मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ धरना प्रदर्शन को लेकर सपा की मासिक बैठक संपन्न .....


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र दीदारगंज की समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक सिसवारा बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। जिसमें उपस्थित दीदारगंज विधायक कमलाकांत राजभर ने उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर चुनाव आयोग के धांधली के खिलाफ जनांदोलन व धरना प्रदर्शन जिला मुख्यालय आजमगढ़ पर पिछड़ों, दलितों के उपर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सात अक्टूबर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी कार्य कर्ताओं पदाधिकारियों के साथ मिलकर रणनीति तैयार की गई। चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बनकर पूरे देश में काम कर रहा है। एस. आई. आर. के बहाने आम जनता का वोट काटकर  कई प्रदेशों में भाजपा की सरकार बनाने का काम किया है। बूथ संगठन को मजबूत किया जा रहा है और समाज के हर वर्ग का सम्मान करने का काम समाजवादी पार्टी कर रही है। तहसील व थानों में अधिकारी जनता का खूब शोषण कर रहे हैं। जनता भ्रष्टाचार से उबकर अबकी बार सपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है।


इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष आफताब अहमद,राम सिंगार यादव दीदारगंज विधान सभा महासचिव सपा, विश्वनाथ राजभर, अरविंद कश्यप,सोनू जायसवाल,राम अचल राजभर, सुरेश राजभर, काशी नाथ यादव, राहुल यादव प्रधान, डॉ0 रणविजय सिंह, हरिश्चंद चौहान,राम चेत यादव,अरशद शेख, इरफान अहमद,सेराज,मेराज , छोटेलाल, पन्नालाल आदि उपस्थित थे।



आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।