Saturday, 2 May 2026

आजमगढ़ मुबारकपुर नगर पालिका अध्यक्ष डा. सबा शमीम पद से बर्खास्त जांच में 8 गंभीर आरोप सिद्ध, बार-बार बुलाने पर भी व्यक्तिगत सुनवाई में नहीं हुईं शामिल


 आजमगढ़ मुबारकपुर नगर पालिका अध्यक्ष डा. सबा शमीम पद से बर्खास्त



जांच में 8 गंभीर आरोप सिद्ध, बार-बार बुलाने पर भी व्यक्तिगत सुनवाई में नहीं हुईं शामिल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के नगर पालिका परिषद मुबारकपुर की अध्यक्ष डा. सबा शमीम को पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 की धारा-48 के तहत की गई है, जिसमें उनके खिलाफ लगे कुल 8 आरोपों को गंभीर मानते हुए प्रथम दृष्टया पूर्ण रूप से सिद्ध पाया गया।


 जिलाधिकारी आजमगढ़ को विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई थी। उप जिलाधिकारी और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित समितियों ने अलग-अलग स्तर पर जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इन रिपोर्टों के आधार पर शासन ने 3 जुलाई 2024 को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में स्पष्टीकरण मांगा था। डा. सबा शमीम ने 2 अगस्त 2024 को अपना जवाब प्रस्तुत किया, जिसे जिलाधिकारी द्वारा परीक्षण के लिए भेजा गया। बाद में 20 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी ने अपनी प्रति-परीक्षण आख्या में उनके स्पष्टीकरण को आधारहीन बताते हुए सभी 8 आरोपों को पूरी तरह सिद्ध माना और कार्रवाई की संस्तुति की। 


शासन ने नैसर्गिक न्याय के तहत उन्हें 14 अगस्त, 13 अक्टूबर और 6 नवंबर 2025 को व्यक्तिगत सुनवाई के अवसर भी दिए, लेकिन वह किसी भी तिथि पर उपस्थित नहीं हुईं। उपलब्ध साक्ष्यों, जांच रिपोर्टों और जिलाधिकारी की संस्तुति के आधार पर राज्यपाल की स्वीकृति से उन्हें पद से पदच्युत करने का निर्णय लिया गया।

आजमगढ़ जीयनपुर बारात में हुई हत्या मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने चाकू, डंडा व लोहे की रॉड किया बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

आजमगढ़ जीयनपुर बारात में हुई हत्या मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार


पुलिस ने चाकू, डंडा व लोहे की रॉड किया बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में बारात के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी राजेश निषाद ने जीयनपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बारात में जयमाला के दौरान कूलर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नामजद अभियुक्त कमलेश निषाद, महेश निषाद, रामभजन निषाद, राममिलन निषाद समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अमीरचंद निषाद को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत 2 मई 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रामभजन निषाद (22 वर्ष) और राममिलन निषाद (19 वर्ष) को रजादेपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो चाकू, दो डंडे और एक लोहे की रॉड बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास इसी मामले से संबंधित है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अजय यादव, अमित कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


https://www.news9up.com/2026/04/3_29.html


https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_30.html

 

आजमगढ़ निजामाबाद पत्नी की पीट-पीटकर ह..त्या, आरोपी पति फरार घरेलू विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश


 आजमगढ़ निजामाबाद पत्नी की पीट-पीटकर ह..त्या, आरोपी पति फरार



घरेलू विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित मिल्की पट्टी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चिंता देवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति अर्जुन मुशहर ने घरेलू विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि कमरे में महिला की लाश मिली है, परिजनों को सूचित कर दिया गया है उनके द्वारा जो भी तहरीर दी जाएगी तद्नुसार कार्रवाई की जाएगी।

जौनपुर खेतासराय दूल्हे की गोली मारकर हत्या, बारात में मचा कोहराम नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम


 जौनपुर खेतासराय दूल्हे की गोली मारकर हत्या, बारात में मचा कोहराम



नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम


उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शादी करने जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बादशाही बाजार की है, जहां अपाचे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। 


जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव निवासी आजाद बिंद (25) पुत्र रामलखन बिंद की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जमदहां जा रही थी। बारात जब बादशाही बाजार के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी रोक ली और तमंचे से तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दूल्हा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल दूल्हे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


 वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देर रात तक क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। घटना के पीछे की वजह को लेकर विभिन्न कयास लगाए जा रहे हैं। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।