Sunday, 3 May 2026

चंदौली बीच सड़क एसडीएम-कोतवाल में तीखी बहस, वीडियो वायरल ध्वस्तीकरण अभियान के बीच समन्वय की कमी उजागर, सोशल मीडिया पर उठे सवाल

चंदौली बीच सड़क एसडीएम-कोतवाल में तीखी बहस, वीडियो वायरल


ध्वस्तीकरण अभियान के बीच समन्वय की कमी उजागर, सोशल मीडिया पर उठे सवाल


उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में शनिवार को सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनुपम मिश्रा और मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के तहत जद में आए भवनों को हटाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान एसडीएम ने मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी से काम को लेकर नाराजगी जताई। इस पर कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच कुछ देर तक कहासुनी होती रही। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों को शांत कराया, जिससे मामला आगे नहीं बढ़ सका। हालांकि, इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 


बताया जा रहा है कि पीडीडीयू नगर में पिछले कई दिनों से सड़क चौड़ीकरण को लेकर ध्वस्तीकरण अभियान चल रहा है, जिसमें प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है। लगातार दबाव और संवेदनशील माहौल के चलते अधिकारियों के बीच समन्वय की चुनौती भी सामने आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग प्रशासनिक तालमेल को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, हालांकि माना जा रहा है कि पूरे प्रकरण की आंतरिक स्तर पर समीक्षा की जा सकती है।

 

आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय बदमाश को लगी गोली प्रतिबंधित पशु वध गिरोह का खुलासा, अवैध असलहा व कारतूस बरामद


 आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय बदमाश को लगी गोली


प्रतिबंधित पशु वध गिरोह का खुलासा, अवैध असलहा व कारतूस बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुबारकपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित पशु के अवशेष बरामदगी प्रकरण का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।


 पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को लोहरा चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के भीटा पर प्रतिबंधित पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष बोरे में रखे हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेष बरामद कर पशु चिकित्साधिकारी को सौंप दिया तथा शेष को जमीन में गड़वा दिया। इस मामले में थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सलमान अहमद (24) निवासी खैराबाद, थाना मोहम्मदाबाद (जनपद मऊ) का नाम सामने आया। 2 मई 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है।


 पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर सीएचसी मुबारकपुर में भर्ती कराया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में थाना मुबारकपुर में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। घटना की रात भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक लावारिस पशु को पकड़कर वध किया था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर सभी मौके से फरार हो गए थे। इस पूरी कार्रवाई में थाना मुबारकपुर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है।


https://youtu.be/nMxcBkilBGo?si=HpsXLD8cgTzt7LAT