Monday, 10 August 2026

आजमगढ़ अहरौला गोपनीय सूचनाएं आरोपियों तक पहुंचाने के आरोप में सिपाही निलंबित जांच और मुकदमों से जुड़ी सूचनाएं व दस्तावेज व्हाट्सएप-फोन के जरिए साझा करने का आरोप, एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई के दिए निर्देश


 आजमगढ़ अहरौला गोपनीय सूचनाएं आरोपियों तक पहुंचाने के आरोप में सिपाही निलंबित



जांच और मुकदमों से जुड़ी सूचनाएं व दस्तावेज व्हाट्सएप-फोन के जरिए साझा करने का आरोप, एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई के दिए निर्देश


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और गोपनीय सूचनाओं के कथित रूप से आदान-प्रदान के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना अहरौला में तैनात आरक्षी ना.पु. जितेन्द्र कुमार को प्रथमदृष्टया गंभीर आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


 पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को कार्य सरकार के दौरान पुलिस की छवि धूमिल करने और अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान आरक्षी जितेन्द्र कुमार के विरुद्ध गंभीर आरोप प्रथमदृष्टया सामने आए। आरोप है कि आरक्षी ने अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतने के साथ स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता की। इसके अलावा थाना क्षेत्र के अपराधियों और अभियुक्तों से अनधिकृत रूप से दूरभाष तथा व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर अभियोग एवं जांच से संबंधित गोपनीय सूचनाओं और दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। 


पुलिस के मुताबिक, आरक्षी पर अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जांच और अभियोग की प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा विभागीय गोपनीयता भंग करने का भी आरोप है। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए आदेश और निर्देशों की अवहेलना किए जाने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने आरक्षी जितेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि प्रकरण में विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, जिसमें आरोपों की विस्तृत जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के साथ ही आजमगढ़ पुलिस ने जनपद में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने पदीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उच्चाधिकारियों के आदेश एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा विभागीय गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आजमगढ़ सरायमीर पेड़ से लटका मिला वृद्ध का शव, मचा हड़कंप 4 दिन पूर्व घर से हुए थे लापता, परिजनों में मचा कोहराम


 आजमगढ़ सरायमीर पेड़ से लटका मिला वृद्ध का शव, मचा हड़कंप



4 दिन पूर्व घर से हुए थे लापता, परिजनों में मचा कोहराम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहिमपुर गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सात अगस्त से लापता चल रहे 70 वर्षीय वृद्ध का शव गांव की हरिजन बस्ती में कब्रिस्तान के पास शीशम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान सुमारू (70) पुत्र हंसराज निवासी चकिया इब्राहिमपुर के रूप में हुई।


 परिजनों के अनुसार सुमारू सात अगस्त से घर से लापता थे। सोमवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों की नजर कब्रिस्तान के पास शीशम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 


बताया गया कि मृतक मजदूरी का काम करते थे। उनके परिवार में चार पुत्र और एक पुत्री हैं। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।