Friday, 24 April 2026

आजमगढ़ महराजगंज थाना परिसर में ही वृद्ध की अचानक हुई मौत मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, जमीन पर गिरते ही उड़े प्राण पखेरू

आजमगढ़ महराजगंज थाना परिसर में ही वृद्ध की अचानक हुई मौत


मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, जमीन पर गिरते ही उड़े प्राण पखेरू


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक वृद्ध की थाना परिसर में अचानक मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान सुरजीपुर गांव निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है, जो एक मामले की पैरवी के लिए थाने पहुंचे थे।


 जानकारी के अनुसार मोहम्मद सलीम अपने परिचित राजेश यादव निवासी खानपुर भगतपट्टी, थाना बिलरियागंज के साथ बाइक से महराजगंज थाने आए थे। दोनों लोग थाना परिसर में वाहन खड़ा कर गेट के सामने स्थित एक दुकान पर चाय पीने चले गए। चाय पीकर जैसे ही वे वापस लौटे, सलीम अचानक गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उनके साथी ने तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे परिजन शुरू में पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने और दबाव के बाद वे तैयार हो गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 


थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य के अनुसार परिजनों ने बताया कि मृतक लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज चल रहा था। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

 

आजमगढ़ महिला पुलिस प्रशिक्षुओं का दमदार प्रदर्शन, पासिंग आउट परेड की ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न 594 महिला प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में किया शानदार मार्च पास्ट, एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा


 आजमगढ़ महिला पुलिस प्रशिक्षुओं का दमदार प्रदर्शन, पासिंग आउट परेड की ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न


594 महिला प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में किया शानदार मार्च पास्ट, एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को प्रशिक्षणरत 594 महिला पुलिस प्रशिक्षुओं की प्रस्तावित दीक्षांत/पासिंग आउट परेड को लेकर ग्रैंड रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में विभाजित होकर आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसमें अनुशासन, तालमेल और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। 


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पासिंग आउट परेड को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी समेत क्षेत्राधिकारी नगर, सदर और बूढ़नपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। रिहर्सल के जरिए परेड की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया और अधिकारियों को तैयारियां पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

आजमगढ़ रानी की सराय आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सामान जलकर राख मंडई में बंधी बछिया भी झुलसी, भारी मात्रा में हुआ आर्थिक नुकसान


 आजमगढ़ रानी की सराय आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सामान जलकर राख



मंडई में बंधी बछिया भी झुलसी, भारी मात्रा में हुआ आर्थिक नुकसान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के अदरशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक मंडई में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। गांव निवासी रामेश्वर चौहान उर्फ गब्बर, जो किराना और सब्जी की दुकान चलाते हैं, ने अपने घर के पास मंडई बना रखी थी जिसमें मवेशियों को बांधा जाता था और अन्य सामान भी रखा जाता था। 


अचानक धुआं उठता देख ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मंडई में रखा भूसा, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। एक बंधी हुई पड़िया (बछिया) भी झुलस गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।

आजमगढ़ कप्तानगंज, थाने में घुसकर महिला सिपाहियों पर हमला बीटीसी छात्रा ने सीओ पर भी किया हमले का प्रयास, सरकारी अभिलेख फाड़े


 आजमगढ़ कप्तानगंज, थाने में घुसकर महिला सिपाहियों पर हमला



बीटीसी छात्रा ने सीओ पर भी किया हमले का प्रयास, सरकारी अभिलेख फाड़े


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक बीटीसी छात्रा पर पुलिस कार्यालय में हंगामा करने, मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कार्यालय बूढ़नपुर में तैनात मुंशी शशिकांत यादव द्वारा थानाध्यक्ष कप्तानगंज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। कप्तानगंज थाने में आरोपी युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 


प्रार्थना पत्र के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पोखरपुर (मु० जयरामपुर) निवासी निशा पुत्री शिवशब्द बीटीसी की छात्रा है। आरोप है कि वह पिछले करीब छह माह से एक प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के लिए लगातार दबाव बना रही थी और आए दिन विभिन्न आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र देती रहती थी। बताया गया है कि 18 अप्रैल 2026 को वह क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां उस समय सीओ राजकीय कार्य में व्यस्त थे।


 आरोप है कि छात्रा ने वहां मौजूद महिला आरक्षी अंकिता भट्ट और पिंकी पाण्डेय के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और बाल पकड़कर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोप यह भी है कि इसके बाद वह उत्तेजित होकर सीओ के पास पहुंची और गाली देते हुए पास में रखे पेपर वेट से उन पर हमला करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इस दौरान उसने कार्यालय में रखे सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि आरोपी द्वारा अक्सर पुलिसकर्मियों को जान से मारने और आग लगाने की धमकी दी जाती है। उक्त मुंशी ने थानाध्यक्ष कप्तानगंज से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष द्वारा नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर लिया है।