Friday, 27 November 2026

आजमगढ़ रानी की सराय, तालाब में मिला 4 वर्षीय मासूम का शव 26 नवंबर से लापता था मासूम बेटा, घटना से इलाके में शोक की लहर

आजमगढ़ रानी की सराय, तालाब में मिला 4 वर्षीय मासूम का शव


26 नवंबर से लापता था मासूम बेटा, घटना से इलाके में शोक की लहर


आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 26 नवंबर 2026 से लापता चार वर्षीय मासूम बच्चे का शव शुक्रवार को घर के पास स्थित तालाब में मिला। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, उमर का चार वर्षीय बेटा 26 नवंबर 2026 को अचानक लापता हो गया था। बच्चे के लापता होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। परिवार के लोग उसे सकुशल वापस पाने की उम्मीद लगाए हुए थे और लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे।


शुक्रवार को घर के पास स्थित तालाब में बच्चे का शव मिलने की सूचना से परिवार के लोग बदहवास हो गए। जिस मासूम को परिजन तलाश रहे थे, उसे इस हालत में देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। चार वर्षीय मासूम की इस दर्दनाक मौत से हर कोई स्तब्ध है।

 

आजमगढ़ बरदह बर्खास्त सिपाही ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम अनुशासनहीनता, लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अत्यधिक मदिरापान की शिकायतों पर हुई थी कार्रवाई


 आजमगढ़ बरदह बर्खास्त सिपाही ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम


अनुशासनहीनता, लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अत्यधिक मदिरापान की शिकायतों पर हुई थी कार्रवाई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के खराट गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पंखे से लटका शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


मृतक की पहचान श्रीकांत राय उर्फ राजू (42) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2014 में मृतक आश्रित कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती वाराणसी में थी। हालांकि, करीब पांच वर्ष पहले अनुशासनहीनता, लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अत्यधिक मदिरापान की शिकायतों के चलते उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, श्रीकांत बृहस्पतिवार को अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा था। 


बताया जाता है कि उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर दूसरी शादी कर चुकी थी। इसके बाद से वह घर पर ही रहता था। श्रीकांत का छोटा भाई कृष्णकांत वर्ष 2019 बैच का पुलिसकर्मी है। वर्तमान में उसकी तैनाती प्रतापगढ़ जिले में है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।