आजमगढ़ बरदह बर्खास्त सिपाही ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
अनुशासनहीनता, लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अत्यधिक मदिरापान की शिकायतों पर हुई थी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के खराट गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पंखे से लटका शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान श्रीकांत राय उर्फ राजू (42) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2014 में मृतक आश्रित कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती वाराणसी में थी। हालांकि, करीब पांच वर्ष पहले अनुशासनहीनता, लंबे समय तक बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और अत्यधिक मदिरापान की शिकायतों के चलते उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, श्रीकांत बृहस्पतिवार को अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा था।
बताया जाता है कि उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर दूसरी शादी कर चुकी थी। इसके बाद से वह घर पर ही रहता था। श्रीकांत का छोटा भाई कृष्णकांत वर्ष 2019 बैच का पुलिसकर्मी है। वर्तमान में उसकी तैनाती प्रतापगढ़ जिले में है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फील्ड यूनिट को मौके पर भेजा गया था। घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment