आजमगढ़ मार्टीनगंज एसडीएम के चेंबर में छलका जाम, वीडियो हुआ वायरल
वीडियो में शराब की बोतल और गिलास दिखने से मचा हड़कंप, प्रशासनिक महकमे में हलचल
एसडीएम ने बताया साजिश, कहा-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश आजमगढ़, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मार्टीनगंज एसडीएम के चेंबर का बताया जा रहा है। वीडियो में कथित तौर पर जाम छलकते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, न्यूज़9यू0पी0 इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में एक शराब की बोतल, तीन पानी की बोतलें, एक नमकीन का पैकेट और तीन गिलास दिखाई दे रहे हैं। साथ ही एक व्यक्ति दूसरे से सिगरेट लेते हुए नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले पर मार्टीनगंज की एसडीएम दिव्या सिकरवार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि बिजली चले जाने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके चेंबर में शराब की बोतल, पानी की बोतलें और गिलास रख दिए। जैसे ही बिजली आई, उसी दौरान वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया। एसडीएम के अनुसार यह पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment