Saturday, 28 November 2026

आजमगढ़ फूलपुर बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 16 बकायेदारों के कनेक्शन काटे विद्युत कैंप में 33 उपभोक्ताओं ने जमा किया बकाया बिल, विभाग को मिला 1.36 लाख रुपये का राजस्व


 आजमगढ़ फूलपुर बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 16 बकायेदारों के कनेक्शन काटे


विद्युत कैंप में 33 उपभोक्ताओं ने जमा किया बकाया बिल, विभाग को मिला 1.36 लाख रुपये का राजस्व


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे बिजली बिल के बकायेदारों पर शिकंजा कसने के लिए विद्युत विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को फूलपुर उपकेंद्र क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बुढ़िया माई मंदिर के बगल में आयोजित विद्युत कैंप के माध्यम से विभागीय टीम ने उपभोक्ताओं के कनेक्शनों और बकाया बिलों की जांच की।

उपखंड अधिकारी विद्युत फूलपुर सुजीत कुमार और अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चले इस अभियान में कुल 64 परिसरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 33 बकायेदार उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बिजली बिल का भुगतान कर दिया। वहीं, बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 16 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए।


अभियान के दौरान विद्युत विभाग को कुल 1 लाख 36 हजार रुपये के बकाया राजस्व की वसूली हुई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय से अपने बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही स्पष्ट किया कि बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी चेकिंग और कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई जारी रहेगी।


इस मौके पर सूर्यभान, अजय कुमार, शिवकुमार, टीजी-टू लाइनमैन चंद्रशेखर, अखिलेश, संदीप कुमार, अंगद, मदन और संतोष पाल सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment