आजमगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ को लेकर अलर्ट, 28 से 31 अक्टूबर तक सतर्क रहने की अपील
बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका; किसानों, पशुपालकों और कच्चे मकानों में रहने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए आजमगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। 28 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की आशंका के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने विशेष रूप से किसानों, पशुपालकों और कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि खराब मौसम के दौरान जनहानि से बचने के लिए लोग खुले मैदान, खेतों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों से दूर रहें। आकाशीय बिजली चमकने या गरज-चमक होने पर सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। फसल क्षति से बचाव के लिए किसानों को सलाह दी गई है कि पककर तैयार फसलों की स्थिति के अनुसार कटाई और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करें। कटी फसल, अनाज और बीज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें तथा खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। तेज हवाओं और बारिश के दौरान खेतों में जाने से बचें। पशुपालक अपने पशुओं को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न बांधें। उन्हें मजबूत पशुशाला में रखें और चारे-पानी की पर्याप्त व्यवस्था करें। कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने वाले परिवार खतरे के संकेत मिलने पर सुरक्षित पक्के भवन या आश्रय स्थल पर चले जाएं। प्रशासन ने मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देने की अपील की है। जनहानि, पशुहानि, फसल या मकान क्षति होने पर 9454417172, 05462-297551, 05462-297558, 05462-297559 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है। मौसम की जानकारी के लिए मौसम ऐप, कृषि परामर्श के लिए मेघदूत ऐप और आकाशीय बिजली की चेतावनी के लिए दामिनी ऐप का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

No comments:
Post a Comment