आजमगढ़ निजामाबाद बाइक और चारपहिया वाहन की टक्कर में एक की मौत, दो गंभीर
दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हुआ चारपहिया चालक; पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में बघाड़ी नदी के पास मंगलवार की रात करीब नौ बजे बाइक और चारपहिया वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद चारपहिया वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बघाड़ी नदी के पास मंगलवार को दोपहिया और चारपहिया वाहन के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान फरीहा गांव निवासी विनोद बनवासी (30 वर्ष), पुत्र सुरजू बनवासी के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सूरज (28 वर्ष), पुत्र महेंद्र तथा बृजेश (19 वर्ष), पुत्र चंद्रभान, दोनों निवासी ग्राम सहरिया बताए गए हैं। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हुए चालक की पहचान और तलाश के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक सड़क हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

No comments:
Post a Comment