आजमगढ़ रानी की सराय ट्रेन से कटकर महिला और 2 बच्चों की मौत
ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आए तीनों, पहचान कराने में जुटी पुलिस और आरपीएफ
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीनों की ट्रेन से कटकर जान चली गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस शाहगंज की ओर से आजमगढ़ आ रही थी। रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण ट्रेन बीच वाली पटरी से गुजर रही थी। इसी दौरान महिला और उसके दोनों बच्चे ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर तीनों के शव देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मृतकों की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और महिला तथा बच्चों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का भी पता लगा रही है। महिला अपने बच्चों के साथ किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुंची, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। एक साथ तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

No comments:
Post a Comment