आजमगढ़ मुबारकपुर बच्चा चोरी की अफवाह निकली निराधार, महिला परिजनों को सुपुर्द
सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने की जांच
मानसिक रूप से अस्वस्थ पाई गई महिला; अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एक महिला पर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में बच्चा चोरी का आरोप निराधार पाया गया। जांच के दौरान संबंधित महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुज्जर ने आधिकारिक वक्तव्य जारी कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर बच्चा चोरी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस की जांच में इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई। आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। विशेष रूप से बच्चा चोरी जैसी संवेदनशील घटनाओं से जुड़ी अपुष्ट खबरों और वीडियो को साझा करने से बचें, ताकि समाज में भय और भ्रम का माहौल न बने। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने और अफवाह फैलाने में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment