लखनऊ होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की संदिग्ध मौत, साथ आया युवक फरार
सुबह युवक के साथ होटल में किया था चेकइन, शाम को हुई घटना
उत्तर प्रदेश लखनऊ, राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के न्यू हजरतगंज स्थित ओमेक्स के होटल सेल्स्टियल मैन्योर में सोमवार शाम एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 24 वर्षीय समरीन होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद उसके साथ कमरे में मौजूद युवक के होटल से निकलकर फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
एडीसीपी दक्षिण रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक, सोमवार शाम करीब सात बजे होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका की पहचान चौक क्षेत्र के हाता सूरत सिंह निवासी समरीन के रूप में हुई है। उसके साथ होटल में मौजूद युवक की पहचान सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर नगर पंचायत क्षेत्र के फिरोजपुर खुर्द निवासी अवनीश कुमार के रूप में की गई है। जांच में पता चला कि समरीन और अवनीश ने सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे होटल की 10वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 1037 में चेकइन किया था। शाम को समरीन के नीचे गिरने की घटना हुई। पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी। अधिकारियों के अनुसार, परिजन फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि घटना के बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे आया और बेसमेंट से एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। पुलिस उसके होटल से अचानक निकलने और समरीन के साथ उसके संबंधों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती किन परिस्थितियों में 10वीं मंजिल से नीचे गिरी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment