Saturday, 5 September 2026

आजमगढ़, पुलिस लाइन में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ जयघोष, धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की पूजा-अर्चना व आरती, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन


 आजमगढ़, पुलिस लाइन में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ जयघोष, धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव



डीएम रविन्द्र कुमार और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने की पूजा-अर्चना व आरती, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आई। मंदिर परिसर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम होते ही भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा माहौल कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और उनके विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मनमोहक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से भर गया।


 रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ किया। मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस आयोजन ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल में एक साथ पर्व मनाने का अवसर दिया।


 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना और आरती की। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment