Sunday, 22 November 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर, सड़क हादसे में घायल प्रधानाचार्य की हुई मौत बाजार जाते समय बाइक सवार ने पीछे से मारी थी टक्कर, ट्रामा सेंटर में चल रहा था उपचार


 आजमगढ़ गंभीरपुर, सड़क हादसे में घायल प्रधानाचार्य की हुई मौत


बाजार जाते समय बाइक सवार ने पीछे से मारी थी टक्कर, ट्रामा सेंटर में चल रहा था उपचार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उमरी गनेशपुर गांव निवासी एवं किसान इंटर कॉलेज बहादुरपुर भोपालपुर के प्रधानाचार्य विशंभर यादव (70) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान शनिवार सुबह मौत हो गई। वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उनका उपचार चल रहा था। उनकी मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, विशंभर यादव पुत्र स्वर्गीय लोचन यादव बुधवार को किसी आवश्यक कार्य से गोसाई की बाजार जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बरवा मोड़ के पास ऊंचवा रसूलपुर क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गए।


घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरगाढ़, लालगंज ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में उनका उपचार चल रहा था, जहां शनिवार सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

प्रधानाचार्य विशंभर यादव के निधन से शिक्षा जगत और क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

No comments:

Post a Comment