Monday, 3 June 2024

लखनऊ शर्मनाक घटना, चबूतरे पर सो रहे मजदूर के चेहरे पर कर दी पेशाब विरोध करने पर मारा पीटा, जान से मारने की दी धमकी


 लखनऊ शर्मनाक घटना, चबूतरे पर सो रहे मजदूर के चेहरे पर कर दी पेशाब


विरोध करने पर मारा पीटा, जान से मारने की दी धमकी



उत्तर प्रदेश लखनऊ राजधानी लखनऊ के दुबग्गा के छंदोइया खेड़ा गांव में रविवार शाम काम से लौटकर मैदान में आराम कर रहे मजदूर के चेहरे पर युवक ने पेशाब कर दिया। विरोध करने पर बुरी तरह मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की पत्नी ने रविवार देर रात नामजद केस दर्ज कराया है। वहीं, पेशाब करते हुए किसी ने वीडियो बना लिया और सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुबग्गा के छंदोइया खेड़ा निवासी रामरती के मुताबिक, पति राजकुमार रावत गिट्टी तोड़ने का काम करता है साथ में पड़ोसी संजय मौर्या भी काम करता है। 


रामरती ने बताया कि रविवार दोपहर काम से वापस आकर राजकुमार गांव के बाहर मैदान में बने कमरे के चबूतरे पर सो गया तभी संजय मौर्या ने सोते हुए राजकुमार के चेहरे पर पेशाब कर दिया। विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट की जिससे राजकुमार के मुंह से खून आ गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचने पर संजय के परिजनों ने जान से मारने की धमकी दी और बेटे रोहित को भी जान से मरवाने की धमकी दी। पीड़ित की पत्नी ने रविवार देर रात संजय मौर्या और परिजनों पर केस दर्ज कराया है। डीसीपी पश्चिम डॉ दुर्गेश कुमार के अनुसार राजकुमार और संजय ने काम खत्म करके शराब पी। जिसके बाद राजकुमार सो गया तभी संजय ने चेहरे पर पेशाब कर दी। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

आजमगढ़ बिलरियागंज संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप नरौली मोहल्ला निवासी युवती की 2022 में जयराजपुर में हुई थी शादी

आजमगढ़ बिलरियागंज संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत


मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप


नरौली मोहल्ला निवासी युवती की 2022 में जयराजपुर में हुई थी शादी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जयराजपुर गांव में विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मौत की सूचना पर  पहुंचे  मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर युवती की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मोहल्ला निवासी शंभू दयाल सोनकर की बेटी रेनू सोनकर उम्र 24 वर्ष की शादी राहुल सोनकर पुत्र शिव प्रसाद सोनकर निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज के साथ 2022 में हुई थी। 


ससुराल वालों के अनुसार आज 3 जून 2024 की सुबह रेनू का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों द्वारा इसकी सूचना बिलरियागंज थाने के साथ मायके पक्ष को भी जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष बिलरियागंज विनय कुमार सिंह तथा एसआई अनुज पांडे और एसआई उमाशंकर तिवारी अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों द्वारा शव को नीचे उतार कर पहले से रखा गया था। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगो द्वारा अपनी बेटी की हत्या किये जाने का आरोप लगाया गया।

 

बरेली क्लास रूम में घुसकर छात्र को मारी गोली आईटीआई में हुई घटना से शिक्षक और छात्र स्तब्ध


 बरेली क्लास रूम में घुसकर छात्र को मारी गोली


आईटीआई में हुई घटना से शिक्षक और छात्र स्तब्ध 



उत्तर प्रदेश बरेली के सीबीगंज में सनसनीखेज वारदात हुई है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में छात्र ने क्लास रूम में साथी छात्र को तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आईटीआई में खलबली मच गई। स्टाफ ने तुरंत घायल छात्र को मिनी बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।


 घटना सोमवार को दोपहर करीब 12.30 बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लिया है। छात्र तमंचा कहां से लेकर आया और उसने सहपाठी को गोली क्यों मारी है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उधर, आईटीआई में हुई घटना से शिक्षक और छात्र स्तब्ध हैं।

Sunday, 2 June 2024

उरई एसपी ऑफिस में दरोगा और सिपाहियों से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता 1 इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों सहित 5 लोग हुए घायल


 उरई एसपी ऑफिस में दरोगा और सिपाहियों से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता


1 इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों सहित 5 लोग हुए घायल



उत्तर प्रदेश के उरई में शनिवार दोपहर एसपी ऑफिस में भाजपा कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से उलझ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से हाथापाई होने लगी। इससे हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं, 2 भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा 1 इंस्पेक्टर और 2 सिपाहियों को भी चोटे आई हैं।


 भाजपा जिलाध्यक्ष ने मारपीट का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। वहीं दोनों पक्षों का अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। चुर्खी थाना क्षेत्र के बैरई के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेवा सुधीर सिंह से थानाध्यक्ष चुर्खी से मिट्टी खनन को लेकर कहासुनी हुई थी। इस पर शुक्रवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंच हंगामा काटा था। इसी बात को लेकर शनिवार दोपहर सुधीर सिंह की पैरवी में भाजपा महेवा मंडल अध्यक्ष रिसाल सिंह और मंडल उपाध्यक्ष राममोहन चतुर्वेदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। एसपी से शिकायत करने के बाद बाहर निकलते ही भाजपा कार्यकर्ता गाली-गलौज करने लगे। पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध करते हुए भाजपाइयों को वहां से जाने के लिए कहा।


 इस पर भाजपाई उखड़ गए और पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने लगे। मारपीट के कारण भाजपा के रिसाल सिंह और राममोहन चतुर्वेदी के साथ एक इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को भी चोटें आईं। इसके बाद सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी के साथ कई कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे और मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही घायल पुलिस कर्मियों को भी डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।

आजमगढ़ सिधारी पुलिस पर जानलेवा हमला की आरोपी 2 युवतियां समेत 3 गिरफ्तार सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए दी थी धमकी, 2 पक्षों के विवाद पर गई थी पीआरवी


 आजमगढ़ सिधारी पुलिस पर जानलेवा हमला की आरोपी 2 युवतियां समेत 3 गिरफ्तार


सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए दी थी धमकी, 2 पक्षों के विवाद पर गई थी पीआरवी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सिधारी थाना पुलिस ने रविवार को छतवारा चौराहे से पुलिस पर जानलेवा हमला करने व तरह-तरह की धमकी देने वालीं दो युवतियां समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दो पक्षों के विवाद पर पीआरवी की टीम मनिकाडीह गांव में पहुंची थी। उसके बाद दूसरा पक्ष हमलावर हो गया था। शनिवार को सिधारी थाना के मनिकाडीह में दो पक्षों की विवाद की सूचना पर पीआरवी होमगार्ड चालक दुर्ग विजय व आरक्षी नीरज गौंड तत्काल मौके पर पहुंच गए। जवान कालर व प्रतिवादी दोनों से विवाद के संबंध में पूछताछ करने के बाद दोनों पक्षों को थाने पर पहुंचने हेतु बताया गया।


 इस बात पर अच्छेलाल चौहान की बेटी ललिता चौहान, मोना चौहान व ब्रह्मा चौहान निवासी मनिकाडीह आग बबूला हो गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस कर्मी को गाली गुप्ता देते हुए लाठी डंडा से मारे-पीटे और जान से मारने की नियत से सिर पर वार भी कर दिए। आरक्षी नीरज गौंड की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इटौरा चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने तीनों आरोपितों को छतवारा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।

आजमगढ़ मेहनगर करंट लगने से युवक की हुई मौत वायरिंग मरम्मत कराने के दौरान इनवर्टर में करंट उतरने से हुआ हादसा


 आजमगढ़ मेहनगर करंट लगने से युवक की हुई मौत



वायरिंग मरम्मत कराने के दौरान इनवर्टर में करंट उतरने से हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा निवासी योगेश सिंह उम्र 26 वर्ष पुत्र जयराम सिंह सुबह लगभग 10.30 बजे अपने घर में वायरिंग मरम्मत कराने के दौरान इनवर्टर से करंट लग जाने से मौके पर मूर्छित होकर गिर गया। 


छोटा भाई देवेश सिंह व पिता जयराम सिंह तत्काल उसे प्राइवेट चिकित्सालय आजमगढ़ लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने योगेश सिंह को मृत्यु घोषित कर दिया। योगेश तीन भाई में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई व योगेश मुंबई मे जाकर रहकर रोजी-रोटी के लिए कार्य करते हैं। छोटा भाई देवेश व पिता जयराम सिंह खेती-बाड़ी का कार्य देखते हैं।


 पिता जयराम ने बताया कि अभी 10 दिन पूर्व वह मुंबई से घर आया था, काली जी की पूजा में शामिल होने के बाद अब जाने की तैयारी में था। घर में वायरिंग खराब होने के नाते मैकेनिक बुलवाकर ठीक करवा रहा था कि यह घटना हो गयी।

आजमगढ़ सिधारी बंद घर के अंदर मिला वकील का शव पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना, 5 दिन पूर्व पत्नी गई थी मायके


 आजमगढ़ सिधारी बंद घर के अंदर मिला वकील का शव


पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना, 5 दिन पूर्व पत्नी गई थी मायके



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सिधारी कस्बा में शनिवार की शाम बंद घर में वकील का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घर से दुर्गंध उठने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बंद घर से शव को निकाला। वकील की पत्नी बेटा के साथ मायके चली गई थी। वकील घर पर पांच दिन से अकेले रह रहे थे।


 देवगांव कोतवाली के रामपुर कठवरा निवासी 73 वर्षीय कल्पनाथ यादव कलेक्ट्रेट में वकील थे। सिधारी कस्बा में मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते थे। उन्हें एक बेटा व एक बेटी हैं। बेटी निजी पालीटेक्निक में पढ़ाती है। घर पर पुत्र व पत्नी रहते हैं। स्वजन ने बताया कि पत्नी पांच दिन पूर्व बेटे के साथ मायके चली चली गई थीं। वकील कल्पनाथ यादव घर पर अकेले रह रहे थे। उनका घर दो दिन से बंद था। शनिवार की शाम घर से तेज दुर्गंध आने लगी। आस-पास के लोगों ने वकील को बुलाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद लोगों ने वकील के पुत्र व पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोल कर पुलिस अंदर पहुंची तो घर में वकील का शव पड़ा था। शव कई दिन का लग रहा था, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी।


 थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि शव देखने से लग रहा था कि लू से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।