Saturday, 17 December 2022

आजमगढ़ लोटस हास्पिटल के ध्वस्तीकरण मामले में पड़ गई अगली तारीख 16 दिसंबर को मंडलायुक्त के न्यायालय में नहीं हो सकी सुनवाई न्यायालय के आदेश के बाद एडीए करेगा कार्रवाई


 आजमगढ़ लोटस हास्पिटल के ध्वस्तीकरण मामले में पड़ गई अगली तारीख


16 दिसंबर को मंडलायुक्त के न्यायालय में नहीं हो सकी सुनवाई


न्यायालय के आदेश के बाद एडीए करेगा कार्रवाई


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के मड़या जयरामपुर मोहल्ला में लगभग पांच करोड़ की लागत से बने लोट्स हास्पिटल के ध्वस्तीकरण आदेश के प्रकरण में शुक्रवार को मंडलायुक्त के अपीलीय न्यायालय में सुनवाई नहीं हो सकी। किसी अन्य मामले को लेकर अधिवक्ताओं प्रस्ताव पर कोर्ट नहीं चली और हास्पिटल प्रबंधन के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए 28 दिसंबर की तारीख मुकर्रर की गई है।अब आजमगढ़ विकास प्राधिकारण को अगली तारीख पर आदेश का इंतजार है।


विकास प्राधिकारण ने 19 नवंबर को हास्पिटल के खिलाफ जारी ध्वस्तीकरण के नोटिस में कारण बताया है कि निर्माण के लिए जो मानचित्र स्वीकृत कराया गया है, उसके भूतल पर पार्किंग, प्रथम तल पर नर्सिंग होम और द्वितीय तल पर आवासीय प्रयोजन को दर्शाया गया है, लेकिन निर्माण के समय डबल बेसमेंट भूतल, प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम तल का निर्माण करा लिया। ध्वस्तीकरण के आदेश के क्रियान्वयन से पूर्व स्थल को खाली कराकर सील किया जाना आवश्यक है। 15 दिसंबर को हास्पिटल खाली कराने का आदेश दिया गया था। लेकिन अब तक 19 दिसंबर को 30 दिन का समय भी बीत जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी के विरुद्ध की गई टिप्पणी के खिलाफ कराड में विरोध प्रदर्शन


 प्रधानमंत्री मोदी के विरुद्ध की गई टिप्पणी के खिलाफ कराड में विरोध प्रदर्शन


कराड/सातारा-महाराष्ट्र पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ दिए गए निम्न स्तरीय बयान पर भारतीय जनता पार्टी कराड के सदस्यों तथा पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की कड़ी आलोचना की।


 भारतीय जनता पार्टी कराड शहर अध्यक्ष एकनाथ आनंदा वागडी ने पाकिस्तान को आतंक का जनक बताया। आज 17 दिसंबर 2022 को दिन में करीब 10:30 बजे कराड दक्षिण कराड उत्तर तथा कराड शहर के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों ने एक विरोध सभा का आयोजन किया। 


भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों तथा पदाधिकारियों ने एक सुर से पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा की तत्काल आतंकवाद बंद करने को भी कहा। साथ ही 22 तारीख को दत्त चौक पर उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं/पदाधिकारियों तथा संभ्रांत नागरिकों से विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए भी कहा। 


इस अवसर पर अतुल बाबा भोसले, विक्रम पावस्कर, सीमा घाडगे, तथा धनसरी रोकड़े सहित आदि लोग उपस्थित थे।



महाराष्ट्र के कराड से विद्या मोरे की रिपोर्ट।

आजमगढ़ देवगांव पुलिस मुठभेड़ में शातिर वाहन चोर घायल मुठभेड़ स्थल से चोरी की बोलेरो व असलहा बरामद


 आजमगढ़ देवगांव पुलिस मुठभेड़ में शातिर वाहन चोर घायल


मुठभेड़ स्थल से चोरी की बोलेरो व असलहा बरामद



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य गोली लगने से जख्मी हो गया। घायल अपराधी के कब्जे से चोरी की बोलेरो व असलहा बरामद किया गया है। पुलिस अभिरक्षा में घायल अपराधी का ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।


पुलिस विभाग के सर्विलांस टीम द्वारा जारी की गई सूचना के आधार पर देवगांव कोतवाली पुलिस शनिवार की सुबह अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य को दबोचने के लिए लालगंज कस्बे के समीप घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच गंभीरपुर की ओर से आ रहे बोलेरो को पुलिस ने रोकने का इशारा किया लेकिन वाहन चालक सड़क के बाएं तरफ बंद पड़े ईंट भट्टे की तरफ वाहन को मोड़कर भागने लगा। इस दौरान बदमाश की तलाश में जुटी स्वात टीम में तैनात उपनिरीक्षक विनय दूबे द्वारा पुलिस टीम को वायरलेस के माध्यम से अवगत कराया गया कि बोलेरो सवार अपराधी हाईवे के रास्ते से भीरा चौराहे की तरफ जा रहा है। पुलिस लगातार बदमाश के पीछे लगी हुई थी। छावनी मोड़ के समीप बोलेरो वाहन गड्ढे में फंस गया। इसके बाद उसमें सवार युवक गिट्टी के ढेर का आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह लुढ़क गया। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल काबू में कर लिया। उसके कब्जे से बोलेरो वाहन व असलहा बरामद किया गया है।


 घायल बदमाश हारून उर्फ नाटे पुत्र मुख्तार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कोहरौड़ा गांव का निवासी बताया गया है। उपचार हेतु उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली कि बरामद बोलेरो बीते 12 दिसंबर को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चकमुजनी गांव से चुराई गई थी। पकड़े गए बदमाश ने वाहन चोरी की घटना में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पुलिस को बताया है। साथ ही उसने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अभिरक्षा में घायल बदमाश ने बताया कि बरामद बोलेरो वाहन को बेचने के लिए वह वाराणसी होते हुए बिहार जाने वाला था। गिरफ्तार हारुन उर्फ नाटे जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हत्या प्रयास, गोकशी और गैंगस्टर समेत आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमों में वांछित चल रहा था।

आजमगढ़ बिलरियागंज मार्ग दुर्घटना में युवक की हुई मौत 1 साल पहले हुई थी शादी, परिवार में छाया मातम


 आजमगढ़ बिलरियागंज मार्ग दुर्घटना में युवक की हुई मौत



1 साल पहले हुई थी शादी, परिवार में छाया मातम


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र मे बीती रात करीब 10:00 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटर साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।


 घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार राजन चौरसिया उर्फ गोलू चौरसिया निवासी नगर पंचायत महाराजगंज कस्बा थाना महाराजगंज किसी कार्यवश मोटर साइकिल से घर से निकला था, घर वापस लौटते समय रात करीब 10 बजे बिलरियागंज थाना क्षेत्र के खजियावर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बिलरियागंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। युवक की 1 वर्ष पूर्व शादी हुई थी।

हमीरपुर दूल्हे 'योगी' को दहेज में मिला बुलडोजर ससुर बोले- अगर नौकरी नहीं लगी तो इससे मिलेगा रोजगार


 हमीरपुर दूल्हे 'योगी' को दहेज में मिला बुलडोजर


ससुर बोले- अगर नौकरी नहीं लगी तो इससे मिलेगा रोजगार


हमीरपुर जिले में एक अनोखी शादी हुई है, जिसमें दूल्हा बने 'योगी' को दहेज में बुलडोजर मिला है। दूल्हे को दहेज में मिले बुलडोजर के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं जिले में किसी को दहेज में बुलडोजर देने का यह पहला मामला सामने आया है।


विधान सभा चुनाव में यूपी के बुलडोजर की खूब चर्चा पूरे देश में हुई थी। दिनोंदिन बुलडोजर का क्रेज बढ़ता जा रहा है। इस बीच जिले में एक शादी में दहेज में बुलडोजर मिलने की चर्चा सोशल मीडिया में सुर्खियों में है। मिली जानकारी के अनुसार यह विकास खंड सुमेरपुर ग्राम देवगांव निवासी रिटायर्ड फौजी परशुराम की बेटी नेहा की शादी है।


बेटी की शादी 15 दिसंबर को सौंखर निवासी नेवी में जॉब कर रहे योगेंद्र उर्फ योगी प्रजापति के साथ हुई है। शादी समारोह सुमेरपुर के एक गेस्ट हाउस से संपन्न हुआ। इसमें रिटायर्ड फौजी ने बेटी को दहेज में कोई लग्जरी कार नहीं बल्कि बुलडोजर दिया है।


16 दिसंबर को जब बेटी बुलडोजर के साथ विदा हुई तो लोग देखते रह गए। परशुराम प्रजापति का कहना है कि बेटी अभी यूपीएससी की तैयारी कर रही है। अगर नौकरी नहीं लगी तो, इससे रोजगार मिल सकेगा। वहीं योगी को मिले बुलडोजर की चर्चा लोगों की जुबान पर है।

Friday, 16 December 2022

उत्तर प्रदेश में 35 हजार सिपाहियों की होगी भर्ती जानिए कब आयेगा विज्ञापन


 उत्तर प्रदेश में 35 हजार सिपाहियों की होगी भर्ती


जानिए कब आयेगा विज्ञापन


लखनऊ पुलिस व पीएसी में कांस्टेबल और अग्निशमन विभाग में फायरमैन के 35757 पदों पर नए साल में भर्ती होगी। भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड नए सिरे से परीक्षा केंद्र बनाएगा। पूर्व के अनुभवों को देखते हुए पूरी तरह फुलप्रूफ परीक्षा कराने के मकसद से केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इन पदों पर भर्ती का विज्ञापन अगले साल जनवरी या फरवरी में जारी होने की संभावना है। परीक्षा के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया चल रही है। कार्यदायी संस्था का चयन होने के बाद अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। 


इस भर्ती में नागरिक पुलिस में कांस्टेबल के 26200, पीएसी में कांस्टेबल के 8500 और फायरमैन के 1057 पदों को शामिल किया गया है। बोर्ड ने पिछली परीक्षाओं में बनाए गए ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों में हुई गड़बड़ियों के आधार पर पुनर्मूल्यांकन शुरू किया है।


 नकल में चिह्नित किए गए परीक्षा केंद्रों को बोर्ड पहले ही ब्लैकलिस्ट कर चुका है। अब भावी परीक्षाओं के लिए फुलप्रूफ इंतजाम बनाने की तैयारी शुरू की गई है। बोर्ड द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के आधार पर दर्जनों अभ्यर्थी और परीक्षा केंद्र संचालक गिरफ्तार कर के जेल भी भेजे गए थे।


 परीक्षा में नकल के लिए किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल रोकने के संबंध में विशेषज्ञों से भी सलाह ली जा रही है।


 पिछली बार बोर्ड ने इलेक्ट्रानिक डिवाइस का प्रयोग कर परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से चिह्नित किया था। बोर्ड के तकनीकी विशेषज्ञों ने साफ्टवेयर के माध्यम से ऐसे अभ्यर्थियों को आसानी से चिह्नित कर लिया, जिन्होंने एक नियमित अंतराल पर प्रश्नों के उत्तर नहीं दिए थे। शैक्षिक अभिलेखों की जांच के दौरान जब ऐसे अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई तो नकल के उनके तरीके का खुलासा हुआ।

आजमगढ़ जहानागंज पुलिस व पत्रकार के उत्पीड़न से आजिज दुकानदार पहुंचे एसपी दरबार एसपी ने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने का क्षेत्राधिकारी नगर को दिया निर्देश


 आजमगढ़ जहानागंज पुलिस व पत्रकार के उत्पीड़न से आजिज दुकानदार पहुंचे एसपी दरबार


एसपी ने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने का क्षेत्राधिकारी नगर को दिया निर्देश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के जहानागंज कस्बे में फुटपाथ पर फल एवं सब्जी का व्यवसाय करने वाले दुकानदार क्षेत्र के एक कथित पत्रकार व थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें अपनी पीड़ा से अवगत कराए। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश क्षेत्राधिकारी नगर को दिया है।


शुक्रवार को जहानागंज नगर पंचायत क्षेत्र से बड़ी संख्या में सब्जी और फल विक्रेताओं ने डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंप न्याय की गुहार लगाई है। सब्जी विक्रेता सोनू कुमार का कहना है कि हम लोग सब्जी और फल का ठेला लगाकर अपनी अजीविका चलाते हैं। क्षेत्र का एक कथित पत्रकार थाने की पुलिस के साथ मिलकर आए दिन हम लोगों का उत्पीड़न करता है। धौंस जमाकर वह सब्जी और फल ले जाता है, पैसा मांगने पर दुकान बंद कराकर कार्रवाई कराने की धमकी देता है। 


पीड़ित सोनू का कहना है कि बकाया भुगतान मांगने पर गुरुवार को उक्त पत्रकार थाने के दरोगा के साथ मिलकर हम लोगों की दुकान हटवा दिया। वहीं इस मामले की शिकायत करने पहुंचे फल विक्रेता अशोक सोनकर का कहना है कि हम लोगों की दुकान से प्रतिदिन फल और सब्जी लेकर आरोपी पत्रकार बगैर भुगतान किए चला जाता है। पैसा मांगने पर वह हम लोगों की दुकान हटवाने की धमकी देता है। अशोक का कहना है कि यहां पर तैनात दरोगा के साथ मिलकर हम छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है।


 एसपी अनुराग आर्य से शुक्रवार को मिले आरटीआई एक्टिविस्ट जयप्रकाश सिंह ने भी मामले की शिकायत करते हुए कहा कि आरोपी पत्रकार दुकानदारों को धमकी देता है। पुलिस की शह पर जिस तरह से फल और सब्जी वालों से धनउगाही की जा रही है, निश्चित रूप से ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद एसपी अनुराग आर्य ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिले के सीओ सिटी को इस मामले का जांच करने के निर्देश दिया गया है जिससे घटना का खुलासा हो सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।