Friday, 16 December 2022

आजमगढ़ अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव फूलपुर पुरवा निवासी हेड कांस्टेबल की मौत खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव फूलपुर पुरवा निवासी हेड कांस्टेबल की मौत


खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के नंदाव फूलपुर पुरवा निवासी शाहजहांपुर जिले के सदर कोतवाली में पीआरवी 112 में तैनात पुलिसकर्मी की गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने हेडकांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना जैसे ही परिवार को मिली कोहराम मच गया।


सरायमीर थाना के नंदाव फूूलपुर पुरवा निवासी संदीप यादव (35) पुत्र अभिमन्यु यादव शाहजहांपुर जनपद के सदर कोतवाली में वर्तमान में पीआरबी 112 पर तैनात थे। गुरुवार की शाम को नगरीय चौकी से रात्रि ड्यूटी के लिए बाइक से निकले थे कि रास्ते में नगरिया मोड़ पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल संदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस संदीप को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गई। जहां डाक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। संदीप 2005 में फैजाबाद पुलिस लाइन से उनकी भर्ती हुई थी, तब से वे लगातार फैजाबाद में कांस्टेबल पद पर कार्यरत रहे। वहां से संदीप का ट्रांसफर शाहजहांपुर जनपद के लिए हो गया। तब से वह अलग-अलग थानों में रहकर ड्यूटी कर रहे थे। 


गुरुवार की रात करीब आठ बजे सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना घर पर स्वजनों को मिली, तो कोहराम मच गया। सूचना पर शाहजहांपुर पहुंचे परिवार के लोगों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया। संदीप का शव पैतृक गांव में देर शाम तक पहुंचने की संभावना है। संदीप के एक पुत्री और एक पुत्र है। पत्नी कविता व बच्चों के साथ वह शाहजहांपुर में रहते थे। संदीप तीन भाई और दो बहन में दूसरे नंबर पर थे।

आजमगढ़ बरदह सिपाही की मार्ग दुर्घटना में हुई मौत 2019 बैच में पुलिस विभाग में हुआ था भर्ती, चन्दौली में थी तैनाती घर लौटते समय भगवानपुर ठेकमा नहर के पास हुआ हादसा


 आजमगढ़ बरदह सिपाही की मार्ग दुर्घटना में हुई मौत


2019 बैच में पुलिस विभाग में हुआ था भर्ती, चन्दौली में थी तैनाती


घर लौटते समय भगवानपुर ठेकमा नहर के पास हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के कृतमलपुर में गुरूवार की देर शाम आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटर साईकिल सवार सिपाही सहित दो लोग घायल हो गये। घायलावस्था में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ठेकमा ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने पुलिसकर्मी को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल व्यक्ति को प्राथमिक इलाज के बाद जौनपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।


बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव निवासी सिपाही प्रशांत सरोज उम्र 22 वर्ष पुत्र श्रीराम और गुड्डू सरोज उम्र 22 वर्ष पुत्र रामानंद मोटर साईकिल से गुरूवार की बीती शाम बौआपार से घर आ रहे थे।


 जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे सड़क मार्ग के भगवानपुर ठेकमा नहर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों घायल हो गये। घायलावस्था में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ठेकमा पर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने पुलिसकर्मी प्रशांत सरोज को मृत घोषित कर दिया। गुड्डू सरोज को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर के लिए रिफर कर दिया गया, जिसको इलाज हेतु जौनपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


बताया गया कि मृतक प्रशांत सरोज 2019 बैच में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। इस समय वह चन्दौली कोतवाली में तैनात था। वह तीन दिन पूर्व छुट्टी पर घर आया था। मृतक तीन भाई, तीन बहन में सबसे छोटा था। बड़ा भाई विनोद महाराजगंज में सहायक अध्यापक है जबकि चाचा प्रमोद सरोज प्राईवेट कम्पनी में काम करते हैं। पिता घर पर रहकर खेतीबारी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद मां कलावती देवी सहित परिजनों का रो रो के बुरा हाल हो गया है।


 प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पीएम के लिये जिला मुख्यालय भेजा गया है।

महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाने में फंदे से लटका मिला सिपाही का शव, इसी साल मिली थी तैनाती मऊ जिले के अपडड़ियां हरिपार दोहरीघाट का था निवासी


 महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाने में फंदे से लटका मिला सिपाही का शव, इसी साल मिली थी तैनाती


मऊ जिले के अपडड़ियां हरिपार दोहरीघाट का था निवासी



उत्तर प्रदेश महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाने में तैनात सिपाही नन्दलाल (25) का शव बृहस्पतिवार को उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रथम दृटया इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है।


सिपाही नन्दलाल सिंह मूलरूप से मऊ जिले के अपडड़ियां हरिपार दोहरीघाट के रहने वाले थे। बताया जाता है कि वर्ष 2022 में बृजमनगंज थाने में उनकी पहली तैनाती थी। वह अपने साथ के सिपाही सतेंद्र राजभर के साथ कस्बे में फरेंदा रोड पर किराये के मकान में रहते थे।


बुधवार रात नन्दलाल आवास पर थे और साथी सिपाही सतेंद्र राजभर थाने में रात्रि ड्यूटी पर गए हुए थे। बृहस्पतिवार रात करीब 2:30 बजे सतेंद्र ड्यूटी से जब आवास पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो इसकी जानकारी थाने में दी।

कुछ ही देर में थानाध्यक्ष सहित क्षेत्राधिकारी फरेंदा कोमल प्रसाद मिश्र मौके पर पहुंचे। दरवाजे को तोड़ा गया तो कमरे में छत की कुंडी से केबल के सहारे नन्दलाल का शव लटक रहा था। थानाध्यक्ष अजित सिंह ने बताया कि मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।

आजमगढ़ सपा विधायक रमाकांत यादव की बहू के खिलाफ धारा-82 की नोटिस चस्पा कोर्ट का आदेश न मानने पर आवास पर पिटवाई गयी डुगडुगी गैंगेस्टर मामले में आशा समेत 6 लोगों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा


 आजमगढ़ सपा विधायक रमाकांत यादव की बहू के खिलाफ धारा-82 की नोटिस चस्पा


कोर्ट का आदेश न मानने पर आवास पर पिटवाई गयी डुगडुगी गैंगेस्टर मामले में आशा समेत 6 लोगों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सपा विधायक रमाकांत यादव की बहू आशा यादव के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को धारा-82 की कार्रवाई की। फूलपुर पुलिस ने दीदारागंज थाने के चकगंजलीशाह स्थित उनके आवास पर जाकर डुगडुगी पिटवाया तथा धारा-82 की नोटिस चस्पा किया।


पूर्व सांसद व वर्तमान विधायक रमाकांत यादव के बड़े भाई की पुत्रवधु आशा यादव पत्नी स्व0 अरविंद यादव साकिन चकगंजलीशाह थाना दीदारगंज के ऊपर समाज विरोधी क्रियाकलाप में लिप्त होने का आरोप था। पवई थाने के एसओ रत्नेश कुमार दूबे ने 31 अगस्त को धारा 3(1) उ0प्र0 गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम का अपराध पाये जाने पर डीएम द्वारा गैंग चार्ट अनुमोदित कराया। पवई थाने में मु0अ0सं0 260/22 धारा 3(1) यू0पी0 गैंगेस्टर एक्ट बनाम आशा यादव आदि 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस मामले में कोर्ट ने गैर जमानतीय वारंट जारी किया गया था। इसके बावजूद उपरोक्त सभी लोग न तो गिरफ्तार हुए और न ही आत्मसमर्पण किये। इस पर 14 दिसंबर को 82 सीआरपीसी की कार्रवाई करने का आदेश हुआ।


 विवेचनाधिकारी एसओ फूलपुर अनिल कुमार सिंह ने गुरुवार को हमराहियों के साथ पूर्व सांसद की बहु आशा यादव के आवास पर पहुंचकर डुगडुगी पिटवाकर नोटिस चस्पा किया। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद भी अगर आशा यादव कोर्ट में समर्पण नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ धारा 83 का आदेश प्राप्त कर फरार घोषित करते हुए कार्रवाई की जायेगी।

Thursday, 15 December 2022

अयोध्या पतली कमरिया..’ पर नाचीं चार महिला सिपाही वीडियो वायरल होते ही चारो लाइन हाजिर


 अयोध्या पतली कमरिया..’ पर नाचीं चार महिला सिपाही


वीडियो वायरल होते ही चारो लाइन हाजिर



उत्तर प्रदेश अयोध्या में राम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात चार महिला सिपाहियों की रील वायरल होने के बाद उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। चारों सिपाहियों ने ड्यूटी के दौरान भोजपुरी गाने ‘पतली कमरिया मोरी... हाय हाय हाय’ गाने पर रील बनाई थी जो कि वायरल हो गई। जानकारी के मुताबिक इस दौरान एक सिपाही डांस कर रही थी जबकि दो उसे प्रोत्साहित कर रही थीं और एक वीडियो बना रही थी। मामले की जानकारी होते ही अयोध्या के एसएसपी मुनिराज ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। 


जिन महिला सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है उनमें कविता पटेल, कामिनी कुशवाहा, कशिश साहनी व संध्या सिंह हैं।


अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है जिसे देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। यहां पर हर समय भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहता है। इन सिपाहियों का हंसी मजाक बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। चारों महिला सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। अभी छह दिसंबर को नगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात थे। हालांकि, यहां पर अब हालात बिल्कुल शांत हैं। नगर में आनेजाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाती है। वहीं, क्रिसमस और न्यू ईयर को देखते हुए पुलिसकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है।

बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी व भीम सिंह को दस-दस साल की सजा एमपी, एमएलए कोर्ट ने पांच लाख का जुर्माना भी लगाया गैंगस्टर के मामले में माना गया दोषी


 बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी व भीम सिंह को दस-दस साल की सजा


एमपी, एमएलए कोर्ट ने पांच लाख का जुर्माना भी लगाया

गैंगस्टर के मामले में माना गया दोषी


प्रयागराज बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। गैंगस्टर के मामले में मुख्तार अंसारी व उसके सहयोगी भीम सिंह को एमपी-एमएलए कोर्ट ने दस-दस साल की सजा सुनाई है। अदालत ने पांच-पांच लाख रुपये का अर्थ दंड भी लगाया है।


 एमपी-एमएलए कोर्ट के जज दुर्गेश ने 1996 में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में मुख्तार अंसारी को दोषी माना। मुख्तार और उसके साथियों ने तीन अगस्त, 1991 में बनारस में पूर्व विधायक अजय राय के भाई अवधेश राय की हत्या कर दी थी। इसके बाद इसी मामले की विवेचना के दौरान 1996 में गाजीपुर की पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था।


जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के एक मुकदमे में गुरुवार को माफिया मुख्तार की पेशी ईडी कार्यालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए कराई गई। अदालत मुख्तार के मुकदमे में फैसला सुनाया गया है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के लिए बुधवार को ही जरूरी इंतजाम ईडी कार्यालय में किया गया था। माफिया मुख्तार के खिलाफ यूपी, दिल्ली, पंजाब के विभिन्न थानों में 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुख्तार को पंजाब से बांदा जेल में ट्रांसफर किए जाने के बाद ईडी ने उसके परिवार पर भी शिकंजा कसा है।

बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी आगामी नौ दिनों तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में रहेगा। कस्टडी रिमांड की अर्जी पर सुनवाई करते हुए जिला जज संतोष राय ने अभियुक्त को 14 दिसंबर दोपहर एक बजे से लेकर 23 दिसंबर की दोपहर दो बजे तक ईडी को कस्टडी में रखने का आदेश दिया है। अदालत ने यह भी कहा कि हिरासत अवधि समाप्त होने पर न्यायिक अभिरक्षा के समय मेडिकल परीक्षण कराया जाए। 


कस्टडी रिमांड मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच माफिया मुख्तार को ईडी कार्यालय ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। इसी मामले में मुख्तार का बेटा विधायक अब्बास व साला आतिफ रजा भी जेल में बंद हैं।


बता दें कि कोर्ट में पेशी के दौरान मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कचहरी से लेकर ईडी कार्यालय तक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। पेशी के दौरान सुरक्षा में क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया था। ईडी कार्यालय व आसपास सुरक्षा के दृष्टिगत कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बागपत कोतवाल को हुआ इश्क, महिला सिपाही को किया प्रपोज एसपी के पास पहुंची महिला सिपाही, कोतवाल निलम्बित


 बागपत कोतवाल को हुआ इश्क, महिला सिपाही को किया प्रपोज


एसपी के पास पहुंची महिला सिपाही, कोतवाल निलम्बित


बागपत जिले में एक थानेदार को इश्क हो गया। थानेदार ने महिला सिपाही को आई लव यू कह दिया। महिला सिपाही ने कोतवाल के इस बदसलूकी की शिकायत कर दी। महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। आपको बात दें कि खेकड़ा कोतवाली में तैनात रहे इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार त्यागी पर आरोप लगा है कि उन्होंने साथी महिला सिपाही के साथ बदसलूकी की। इंस्पेक्टर ने महिला सिपाही को आई लव यू बोल दिया। महिला सिपाही ने जब इसका विरोध किया तो इंस्पेक्टर ने आपा खोकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। इस पर महिला सिपाही भी भड़क गई वह भी हंगामा शुरू कर दिया। महिला ने इसकी शिकायत भी की है। सीओ लाइन को जांच सौंपी गई। 


मिली जानकारी के मुताबिक महिला पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया। साथ ही विभागीय करवाई के लिए सीओ लाइन को जांच सौंपी गई। खेकड़ा थाने की महिला पुलिसकर्मियों ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक डीके त्यागी के खिलाफ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें उन्होंने इंस्पेक्टर डीके त्यागी पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि प्रथम द्रष्टया आरोप प्रमाणित पाए गए। सीओ खेकड़ा की जांच रिपोर्ट में भी आरोप प्रमाणित पाए गए। जिस पर इंस्पेक्टर डीके त्यागी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच के लिए शिकायत समिति का गठन किया।