आजमगढ़ दीदारगंज, बीमारी से जंग हार गए उपनिरीक्षक बैजनाथ यादव, पुलिस विभाग ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
रायबरेली में तैनात थे एसआई बैजनाथ यादव, पैतृक गांव खरसहन कला पहुंचा पार्थिव शरीर तो उमड़ा जनसैलाब, थानाध्यक्ष ने कंधा देकर दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसहन कला गांव में सोमवार को उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब रायबरेली में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात बैजनाथ यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे बैजनाथ यादव ने जौनपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार देर शाम जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया। अपने प्रियजन को अंतिम बार देखने के लिए ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और हर चेहरा गमगीन नजर आ रहा था।
सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी अधिकारी को अंतिम सलामी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने स्वयं पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट की। पुलिस विभाग की इस भावुक विदाई को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दिवंगत बैजनाथ यादव अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन पुत्रियों और एक पुत्र का विवाह हो चुका था। उनकी पत्नी का निधन भी पहले ही हो चुका था। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिस व्यक्ति ने अपनी पूरी जिंदगी कर्तव्य और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लगा दी, आज उसी की अंतिम विदाई पर पूरा गांव शोक में डूबा नजर आया। बीमारी से लंबी जंग लड़ने के बाद बैजनाथ यादव भले ही इस दुनिया से विदा हो गए, लेकिन उनकी यादें परिवार, गांव और पुलिस विभाग के लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।
आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।


No comments:
Post a Comment