Saturday, 30 April 2022

शाहजहांपुर साहब! एक साल से देह व्यापार करवा रही है सौतेली मां 16 साल की लड़की ने पुलिस को सुनाई जुल्म की दास्तां, 3 गिरफ्तार


 शाहजहांपुर साहब! एक साल से देह व्यापार करवा रही है सौतेली मां


16 साल की लड़की ने पुलिस को सुनाई जुल्म की दास्तां, 3  गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक सौतेली मां द्वारा दो सहयोगियों के साथ मिलकर अपनी 16 वर्षीय बेटी को बंधक बनाकर कथित रूप से देह व्यापार कराये जाने का मामला सामने आया है।



 पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है।पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने शनिवार को बताया कि पुवायां थाने में शुक्रवार रात को पहुंची एक 16 वर्षीय किशोरी ने आरोप लगाया कि उसकी सौतेली मां उससे पिछले एक वर्ष से देह व्यापार करा रही है।



उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि किशोरी से उसकी सौतेली मां सरला देवी तथा मुन्नी देवी एवं मिथिलेश एक साल से देह व्यापार करा रही थी। शिकायत के मुताबिक किशोरी को बंधक बनाकर रखा जाता तथा कड़ी निगरानी की जाती है। किशोरी का आरोप है कि डरा धमकाकर लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए उसे बाध्य किया जा रहा था।



 बाजपेई ने बताया कि किशोरी की सौतेली मां उसको मिथिलेश के घर ले गई, जहां तीन दिनों से उसे लगातार लोगों के साथ संबंध बनाने पड़ रहे थे। तभी मौका पाकर वह शुक्रवार रात में भागकर थाना पुवायां पहुंच गई और उसने पुलिस को आपबीती बताई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने किशोरी की सौतेली मां सरला देवी, मुन्नी देवी एवं मिथिलेश के विरुद्ध पॉक्सो सहित देह व्यापार अधिनियम के अलावा गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है।



 एसपी ने बताया कि एक टीम गठित कर आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है। बाजपेई ने बताया कि किशोरी का पिता पीलीभीत जिले के पूरनपुर कस्बे का रहने वाला है। जब किशोरी दो वर्ष की थी तभी उसकी मां की मौत हो गई। इसी बीच किशोरी के पिता सरला से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद सौतेली मां सरला ने साथ रह रही किशोरी को देह व्यापार के धंधे में उतार दिया।

लखनऊ योगी सरकार ने प्रयागराज के सहायक नगर आयुक्‍त, आगरा के बीएसए सहित कई अधिकारियों को किया सस्पेंड


 लखनऊ योगी सरकार ने प्रयागराज के सहायक नगर आयुक्‍त, आगरा के बीएसए सहित कई अधिकारियों को किया सस्पेंड


उत्तर प्रदेश लखनऊ योगी आदित्‍यनाथ सरकार 2.0 लगातार ऐक्‍शन में है। सरकार ने नगर विकास विभाग के सात अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की है। 


इनमें प्रयागराज के सहायक नगर आयुक्त राज कुमार गुप्ता (तत्कालीन अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, संभल) को निलंबित कर दिया गया है। गुप्ता पर सम्भल में रहने के दौरान वाहनों के क्रय, पंजीयन में अनियमित भुगतान का आरोप है। 


इसके अलावा छह अन्य नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें चार्जशीट दी गयी है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरों टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई अपर मुख्य सचिव नगर विकास डा.रजनीश दुबे ने की है। इन अफसरों पर वित्तीय अनियमितता बरतने, विकास कार्यों में लापरवाही बरतने, मानक के विरुद्ध निर्माण कार्य करवाने समेत कई अन्य गंभीर आरोप हैं। विभागीय कार्रवाई की चपेट में आने वाले अफसरों में टाण्डा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम पूजन श्रीवास्तव, सम्प्रति अधिशासी अधिकारी शामिल हैं। उन पर अनियमितताओं का आरोप है।



अलीगढ़ की जलाली नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राज कुमार पर भी बारातशाला में नवीनीकरण में अनियमितता का आरोप है।


 जालौन की नगर पंचायत कदौरा के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह पर एनजीटी के कामकाज और कान्हा गौशाला प्रबंधन में लापरवाही बरतने का आरोप है।


 बरेली जिले की नगर पंचायत धौर टाण्डा के अधिशासी अधिकारी देवेन्द्र प्रताप गौतम पर निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता की शिकायत है। 



हमीरपुर की गोहान नगर पालिका परिषद की अधिकारी दीपालिका यादव पर औरैया में कार्यकाल के दौरान अनियमिताओं का आरोप है।



आगरा के बीएसए सतीश कुमार निलम्बित कर दिए गए हैं। उन्होंने हमीरपुर में तैनाती के दौरान शासन स्तर पर स्थानांतरण, पदस्थापन, सम्बद्धीकरण पर रोक होने के बाद भी नियमविरुद्ध विद्यालय व ब्लॉक परिवर्तन किया। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया लेकिन सतीश कुमार ने बिना चयन समिति के अनुमोदन के कुछ शिक्षकों का स्कूल या ब्लॉक बदल दिया। उन्होंने नियम विरुद्ध किए गए तबादले को डिस्पैच रजिस्टर में भी नहीं अंकित किया। प्रारम्भिक जांच में सतीश कुमार ने न तो सहयोग किया और न ही कोई अभिलेख उपलब्ध कराएं।



ओवर रेटिंग में लापरवाह बस्ती के आबकारी निरीक्षक निलंबित

शराब और बीयर की दुकानों पर अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दाम वसूल किए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई न करने पर बस्ती जिले के एक आबकारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। आबकारी आयुक्त सेंथिल पाण्डियन सी ने यह कार्रवाई की है। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बस्ती ओवर रेटिंग की शिकायत प्राप्त होने पर अन्य जिलों से टीमें भेज कर जांच कराई गई। जांच में दो दुकानों पर ओवर रेट पाये जाने पर क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।

वाराणसी हिंदी लिखने नहीं आती पास कर ली दरोगा की परीक्षा वर्दी पहनने से पहले ही अभ्यर्थी गया जेल


 वाराणसी हिंदी लिखने नहीं आती पास कर ली दरोगा की परीक्षा



वर्दी पहनने से पहले ही अभ्यर्थी गया जेल



उत्तर प्रदेश वाराणसी दस्तावेज सत्यापन व शारीरिक परीक्षण के समय गिरफ्तार यूपी दारोगा भर्ती परीक्षा में साल्वर की मदद से पास अभ्यर्थी सेनपाल सिन्हा को कैंट पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न आरोपों में मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।



 इस दौरान अभ्यर्थी के साथ मौजूद साल्वर मामला पकड़ में आने पर फरार हो गया। दारोगा बनने आया अभ्यर्थी अपना पूरा नाम भी शपथ पत्र पर सही नहीं लिख सका। जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी की जगह पर साल्वर ने पेपर हल किया था। इसके बदले उसे 80 हजार रुपये दिए गए थे। आरोपित अभ्यर्थी से गुरुवार की देर रात तक कैंट पुलिस ने पूछताछ की।

नवंबर से दिसंबर 2021 तक कमिश्नरेट व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न केंद्रों पर हुए यूपी एसआइ भर्ती परीक्षा के पास अभ्यर्थियों का पुलिस लाइन में दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षण हो रहा है।



इस दौरान संत कबीरनगर के धनघटा थानांतर्गत बारीहडीह निवासी सेनपाल सिन्हा पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। बायोमैट्रिक में उसका फिंगर प्रिंट मैच नहीं किया और दस्तावेज सत्यापन के दौरान शपथ पत्र पर वह अपना नाम ठीक से नहीं लिख सका। पुलिस के अनुसार स्नातक द्वितीय वर्ष का शपथ पत्र प्रस्तुत न कर पाने पर उससे शपथ-पत्र लिखने को कहा गया। शपथ-पत्र लिखने के दौरान त्रुटियां मिलीं। इसके निराकरण के लिए अधिकारियों ने कुछ लिखने के लिए कहा। लिखने के दौरान ही आशंका हुई। पूछताछ में पता चला कि उसकी जगह किसी और ने परीक्षा दी थी।



इसी बीच कैंट एसीपी राम लखन सिंह यादव और कैंट इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने अभ्यर्थी से रात तक पूछताछ की। पुलिस के अनुसार यह ताज्जुब वाली बात है कि जिस अभ्यर्थी को अपना नाम सही ढंग से लिखना नहीं आता है उसने कैसे दारोगा भर्ती की परीक्षा पास की। पूछताछ में सेनपाल ने पुलिस को बताया कि दारोगा भर्ती की परीक्षा उसने साल्वर बिहार पटना निवासी सोनू से दिलवाया था, इसके एवज में सोनू ने 80 हजार रुपये लिए थे। उससे पूछताछ में पुलिस को कुछ नाम पुलिस के सामने आए हैं।

इसमें एक नाम संदीप है। साल्वर गिरोह के बारे में अधिक जानकारियां जुटाई जा रही है। वहीं पुलिस की दो टीमें जल्द ही पटना भेजी जाएंगी। 



वहीं, संत कबीरनगर पुलिस से भी संपर्क साधा गया, सेनपाल के बारे में और जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। भर्ती परीक्षा कराने वाली एजेंसी एनएसईआइटी लिमिटेड के एडमिनिस्ट्रेटर हिमांशु गुप्ता की तहरीर पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सेनपाल को गिरफ्तार कर लिया। सोनू के बारे मे पुलिस पता लगा रही है।

सहारनपुर पूर्व एमएलसी समेत तीन लोगों से वसूले जाएंगे 50-50 करोड़ एनजीटी ने जारी किया नोटिस


 सहारनपुर पूर्व एमएलसी समेत तीन लोगों से वसूले जाएंगे 50-50 करोड़



एनजीटी ने जारी किया नोटिस



उत्तर प्रदेश सहारनपुर एनजीटी के आदेश पर क्षेत्रीय प्रदूषण विभाग ने पूर्व एमएलसी महमूद अली समेत तीन लोगों से 50-50 करोड़ रुपये वसूलने का नोटिस जारी किया है।


 यह नोटिस यूपी और हरियाणा की सीमा में खनन के दौरान पयार्वरण को नुकसान पहुंचाने पर दिया गया है।


क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि अवैध खनन कर हरियाणा और यूपी की सीमा में पयार्वरण को नुकसान पहुंचाने के आरोप में सुप्रीम कोर्ट मे सुनवाई हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने 16 जुलाई 2019 को पूर्व एमएलसी महमूद अली, अमित जैन और मोहम्मद इनाम से 50-50 करोड़ रुपये पेनल्टी लगाई थी। साथ ही प्रदूषण विभाग को जुमार्ने की राशि वसूलने के निर्देश दिए थे, लेकिन धन को वसूला नहीं जा सका।



इस मामले में बीते दिनों सेव इंडिया सोसाइटी के सचिव रणवीर सिंह ने एनजीटी का रुख किया। कहा कि अदालत द्वारा तय जुमार्ना नहीं वसूला जा सका है। इस पर एनजीटी ने दस मार्च 2022 को एक बार फिर आदेश दिया है। प्रदूषण विभाग को आदेश दिया है कि पूर्व एमएलसी समेत तीनों लोगों से 50-50 करोड़ रुपये वसूल करें।



 प्रत्येक व्यक्ति से वसूले जाने वाले 50-50 करोड़ में से 25-25 करोड़ रुपये हरियाणा और यूपी सरकार को दिए जाएं।

उसमें से भी साढ़े 12-12 करोड़ रुपए दोनों राज्यों के पयार्वरण विभाग और खनन विभाग को दिए जाएं। साथ ही कहा कि वसूली गई रकम से पयार्वरण में सुधार करने के लिए कदम उठाए जाएं।



 क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी डा. डीसी पांडेय ने बताया कि पूर्व एमएलसी महमूद अली, अमित जैन और मोहम्मद इनाम को एनजीटी के आदेश के क्रम में नोटिस जारी किया है। कहा है कि वह जल्द से जल्द 50-50 करोड़ रुपये जमा कराएं।

Friday, 29 April 2022

उत्तर प्रदेश के 9 शिक्षकों पर गिरी गाज 4 साल से बिना ड्यूटी के ले रहे थे वेतन, बीएसए ने किया बर्खास्त


 उत्तर प्रदेश के 9 शिक्षकों पर गिरी गाज


4 साल से बिना ड्यूटी के ले रहे थे वेतन, बीएसए ने किया बर्खास्त




अमरोहा यूपी के अमरोहा में बगैर ड्यूटी वेतन ले रहे एक मामले के खुलासे के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अनुशासनहीनता के आरोप में 9  शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया है। 


दरअसल, चार साल से बिना ड्यूटी वेतन लेने की आरोपी शिक्षिका के मामले का खुलासा हुआ तो डीएम ने बीएसए के खिलाफ जांच के आदेश दिए। इस पर बीएसए ने भी एबीएसए, प्रधानाध्यापिका, आरोपी शिक्षिका के खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए। साथ ही लंबे समय से स्कूल न पहुंचने वाले 9 शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया। 



बीएसए चंद्रशेखर ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही आरोपी शिक्षिका मीनाक्षी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है।



गौरतलब है कि यूपी सरकार अधिकारियों-कर्मचारियों को तैनाती स्थल पर ही रात में रुकने का फरमान सुनाया है। सरकार ने दो टूक कह दिया है कि यदि तैनाती स्थल पर सरकारी आवास नहीं है तो किराए पर मकान ले कर रहें। तैनाती स्थल से घर भागने की फिराक में रहने वाले अधिकारी-कर्मचारी रोजाना स्कूल-दफ्तर में अनुपस्थित रहते हैं।


 मामले का खुलासा हुआ जब जोया ब्लाक के केशोपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधान अध्यापिका फाजिला नुजहत 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गई थीं। उन्हें कार्यभार सहायक अध्यापिका मीनाक्षी को सौपना था, लेकिन मीनाक्षी के लगातार स्कूल से गैरहाजिर रहने की वजह से वह कार्यभार नहीं सौंप पा रही थीं। 


आरोप है कि मीनाक्षी का पति लखनऊ में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का अपने आप को गनर बता सबको हडकाता रहा है, जिस वजह से मीनाक्षी पिछले चार साल से कभी-कभार ही स्कूल आई है हालांकि वह लगातार लखनऊ में रहकर वेतन ले रही है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद भी मीनाक्षी विद्यालय का चार्ज लेने नहीं आ रही है, जिससे कार्यभार से मुक्त हो सकें।


 सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका की शिकायत मीडिया में उछलने के बाद बीएसए चंद्रशेखर हरकत में आ गए। उन्होंने सहायक अध्यापिका मीनाक्षी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही चार साल में अबतक तैनात रहे संबंधित बीईओ भी जवाब मांगा है। बीएसए के मुताबिक जब शिक्षिका स्कूल नहीं आ रही है, तो उसका वेतन कैसे निकल रहा है। वहीं बीएसए अब, सेवानिवृत हुई फाजिला नुजहत की कार्यशैली को संदिग्ध मान रहे है। बीएसए का कहना है कि प्रधानाध्यापिका 27 दिन पहले सेवानिवृत्त हुई हैं। जब उन्हें कार्यभार से मुक्त होने की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। 



जबकि उन्होंने मीनाक्षी के स्कूल नहीं आने की चार साल में एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई। इससे साफ है कि मीनाक्षी और फाजिला नुजहत के बीच तालमेल ठीक चल रहा था।

आजमगढ़ आरोपी सगे भाइयों की 74 लाख की संपत्ति कुर्क जहरीली शराब मौत मामले में प्रशासन ने की कार्रवाई


 आजमगढ़ आरोपी सगे भाइयों की 74 लाख की संपत्ति कुर्क


जहरीली शराब मौत मामले में प्रशासन ने की कार्रवाई




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहरीली शराब कांड में लिप्त जेल में बंद खान बंधुओं की संपत्तियों को प्रशासन ने गुरुवार को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 74 लाख रुपये बताई गई है। 



जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार को माहुल जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल खान बंधुओं के रुपईपुर गांव स्थित तीन आलीशान मकानों को कुर्क करने का आदेश दिया था। जिसके तहत गुरुवार देर शाम को तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में रुपईपुर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने नदीम खान और उनके भाइयों की संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की। 



20 फरवरी 2022 को माहुल के देशी शराब के ठेके से शराब खरीदकर पीने से दर्जन भर से अधिक की जान चली गई थी और कई लोग के आंखों की रोशनी चली गई थी।



कुल 13 अभियुक्त पकड़े गए थे-घटना के दो दिन बाद पुलिस ने अहरौला थाना क्षेत्र के रुपईपुर गांव में नदीम अहमद पुत्र सईद व उनके भाइयों के घर छापेमारी कर जहरीली शराब फैक्ट्री और नकली कफ सीरप और दवाइयों आदि को बरामद किया था।



 इस मामले में नदीम, फहीम, कलीम, नईम पुत्रगण सईद सहित कुल 13 अभियुक्त पकड़े गए थे। कुछ दिनों पूर्व प्रशासन ने इस मामले में लिप्त सभी अभियुक्तों पर गैगेस्टर एक्ट की कार्यवाही किया था।


उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवम समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम के तहत जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार फूलपुर संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व टीम रुपाइपुर गांव पहुंची। वहा पहुंच कर डुगडुगी बजा कर नदीम और नईम पुत्रगण सईद के घर व संपत्ति को प्रशासन ने कुर्क कर जब्त करने की नोटिस चस्पा कर दिया। 



यहां से दोनों भाइयों के मकान को कुर्क करने के बाद टीम माहुल कस्बे के वार्ड संख्या 9 स्थित आशिया पत्नी कलीम और वार्ड संख्या 3  में स्थित फहीम के मकान को कुर्क कर लिया।



 प्रशासन ने अपराध से अर्जित इन संपत्तियों की कीमत 74 लाख से अधिक बताया है। 



इस मौके पर थानाध्यक्ष अहरौला राजेश सिंह, थानाध्यक्ष अतरौलिया रमेश कुमार चौकी प्रभारी माहुल धीरेंद्र बहादुर सिंह, लेखपाल प्रमोद सिंह, दिवाकर मिश्र और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।

मथुरा जयमाल के बाद दुल्‍हन को मारी गोली मुबारकपुर गांव का मामला, सिरफिरा फरार


 मथुरा जयमाल के बाद दुल्‍हन को मारी गोली


मुबारकपुर गांव का मामला, सिरफिरा फरार




 उत्‍तर प्रदेश के मथुरा में नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान जयमाल के तुरंत बाद दुल्‍हन का कत्‍ल कर दिया गया।



 दुल्‍हन जैसे ही जयमाल स्‍टेज से उतरकर सहेलियों के साथ अपने कमरे में पहुंची, गांव के ही रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने गोली मारकर उसकी हत्‍या कर दी।


 इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद सिरफिरा सबकी आंखों के सामने से फरार हो गया।



मामला नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार गांव में खूबीराम की बेटी काजल की गुरुवार को शादी थी। बारात का स्‍वागत धूमधाम से हुआ। इसके बाद जयमाल की रस्‍म निभाई गई। जयमाल के थोड़ी देर बाद दुल्‍हन की सहेलियां और घर की महिलाएं दुल्‍हन को लेकर उसके कमरे में गईं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक सिरफिरा लड़का वहां पहुंच गया। उसने दुल्‍हन को गोली मार दी। गोली दुल्‍हन के चेहरे पर लगी जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।



गोली की आवाज सुनकर बाहर मौजूद लोग भी भागकर घर में पहुंचे लेकिन गोली मारने वाला युवक सबके सामने से छत से कूद कर भाग गया। मारी गई दुल्‍हन के पिता खूबी राम ने पुलिस को दी तहरीर में पूरी घटना का विवरण दिया है। 


इतनी बड़ी वारदात की सूचना पर जिला पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पूरी जानकारी ली। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में लगातार छापे मार रही है। उधर, इस वारदात के चलते मारी गई दुल्‍हन के घर ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।