Wednesday, 3 January 2024

आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसीलदार अभिषेक कुमार समाज शिरोमणि की उपाधि से सम्मानित


 आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसीलदार अभिषेक कुमार समाज शिरोमणि की उपाधि से सम्मानित 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसील परिसर में आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा एक कार्यक्रम के तहत तहसीलदार मार्टिनगंज अभिषेक कुमार को उनके उत्कृष्ट  एवं सराहनीय कार्य के लिए जिलाध्यक्ष विवेकानंद पांडेय के द्वारा उन्हें माल्यार्पण कर, गुलाब पुष्प व आईडियल जर्नलिस्ट ऐसोशिएसन का प्रशस्तिपत्र भेंट कर समाज शिरोमणि की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।


 अपने स्वागत से अभिभूत होकर तहसीलदार अभिषेक कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है जिनके माध्यम से क्षेत्र की छोटी से छोटी समस्यायों के बारे में खबरों द्वारा जानकारी मिलती है, जिससे शोषितों वंचितों की सहायता करने में मदद मिलती है। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष मार्टिनगंज विनोद कुमार यादव, सरफराज अहमद, प्रवीण यादव, अरविंद कुमार प्रजापति समेत आदि लोग मौजूद थे।



आजमगढ़ दीदारगंज/मार्टिनगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

सुलतानपुर बाप-बेटी एक साथ बने लेखपाल सैनिक के पद से सेवानिवृत हुए थे पिता


 सुलतानपुर बाप-बेटी एक साथ बने लेखपाल


सैनिक के पद से सेवानिवृत हुए थे पिता



उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर पिता-पुत्री का एक साथ लेखपाल के पद पर चयन हुआ है। परिवार में दोहरी खुशी से हर कोई प्रसन्न है। पिता जहां सेना से रिटायर्ड होकर इस जॉब में गए हैं वही बेटी ने पहले प्रयास में ही बाजी मारी है। दरअसल बल्दीराय तहसील अंतर्गत उमरा पूरे जवाहर तिवारी गांव के रवींद्र त्रिपाठी 2019 में सेना से रिटायर्ड हुए हैं। 


सैनिक के पद से सेवानिवृत के बाद उन्होंने घर बैठना मुनासिब नहीं समझा। उन्होंने अपनी बेटी प्रिया त्रिपाठी के साथ पढ़ाई शुरू कर दी। बाप ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) का प्रशिक्षण लिया तो बेटी ने डीएड (डिप्लोमा इन एजुकेशन) किया। फिर बाप-बेटी ने लखनऊ में राजस्व लेखपाल की परीक्षा दी। उत्तर प्रदेश अधीनस्त सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल भर्ती का रिजल्ट आया तो बाप-बेटी एक साथ सफल हुए।

आजमगढ़ अभी लागू नहीं होंगे हिट एण्ड रन कानून सरकार और ट्रासपोर्टरों के बीच बनी सहमति बातचीत के बाद ही लागू होंगे कानून


 आजमगढ़ अभी लागू नहीं होंगे हिट एण्ड रन कानून


सरकार और ट्रासपोर्टरों के बीच बनी सहमति


बातचीत के बाद ही लागू होंगे कानून



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ भारत सरकार ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2) में 10 साल की सज़ा तथा जुर्माने के प्रावधान के बारे में वाहन चालकों की चिंता का संज्ञान लिया तथा ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। मिली जानकारी के अनुसार सरकार यह बताना चाहती है कि ये नए कानून एवं प्रावधान अभी लागू नहीं हुए हैं। हम यह भी बताना चाहते हैं कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2) को लागू करने से पहले ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से विचार-विमर्श करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। हम ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस तथा सभी वाहन चालकों से अपील करते हैं कि आप अपने-अपने कामों पर वापस लौट जाएं।

बता दें कि भारतीय न्याय संहिता के तहत भारत में नया हिट-एंड-रन कानून, दुर्घटनास्थल से भागने वाले ड्राइवरों के लिए सख्त दंड लगाता है। कानून के मुताबिक, हिट-एंड-रन दुर्घटना के बाद मौके से भागने वाले ड्राइवर को 10 साल तक की जेल और 7 लाख का जुर्माना होगा।


 हिट-एंड-रन कानून, जिसका मकसद दुर्घटना के बाद ड्राइवर भागने से रोकना है, इस कानून के चलते ट्रक ड्राइवरों और ट्रांसपोर्ट यूनियन के देशव्यापी हड़ताल को जन्म दे दिया. जिसके चलते ट्रक और टैंकर ड्राइवर्स का तीन दिन का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जिसके बाद सरकार द्वारा बताया गया कि अभी यह कानून लागू नहीं हुआ है। कानून को लेकर कोई भी कदम ट्रासपोर्टरों के साथ वार्ता के बाद बढ़ाया जाएगा

लखनऊ 18 साल से कम उम्र वाले हो जायें सावधान 2-4 पहिया वाहन चलाने पर लगा प्रतिबंध


 लखनऊ 18 साल से कम उम्र वाले हो जायें सावधान


2-4 पहिया वाहन चलाने पर लगा प्रतिबंध



उत्तर प्रदेश लखनऊ प्रदेश में 18 साल से कम आयु के कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थल में दो-चार पहिया वाहन नहीं चलाएगा। शासन की ओर से इसे लेकर जारी निर्देश के बाद परिवहन विभाग के सहयोग से माध्यमिक विद्यालयों में सख्ती की जाएगी। इसके लिए अभियान चलाकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा। साथ ही छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति विभिन्न माध्यमों से जानकारी भी दी जाएगी। इसके तहत हर विद्यालय में एक रोड सेफ्टी क्लब का गठन किया जाएगा। सभी कक्षाओं में एक-एक विद्यार्थी को रोड सेफ्टी कैप्टन बनाया जाएगा। विद्यालय में एक क्लास सड़क सुरक्षा की जानकारी पर भी लगेगी। हर विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल बनाकर परिवहन विभाग के सहयोग से ऑनलाइव व ऑफलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वहीं 18 साल से कम आयु के बच्चे कोई भी मोटर वाहन न चलाएं, इसके लिए जागरूकता के साथ सख्ती भी की जाएगी।


हाल में परिवहन आयुक्त चंद्र भूषण सिंह की ओर से इसे लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कम उम्र में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही माध्यमिक शिक्षा निदेशक से इसके लिए विद्यालयों में अभियान चलाने को कहा गया है। इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने सभी डीआईओएस को इसके लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिक्षकों को भी रोड सेफ्टी नोडल शिक्षक नामित किया जाए।


 प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दें और उन्हें इसकी शपथ भी दिलाई जाए। विद्यालयों में सड़क सुरक्षा के नियमों से संबंधित वॉल पेंटिंग कराई जाए। विद्यार्थियों के वाट्सअप ग्रुप बनाकर इससे संबंधित जानकारी व सुझाव साझा किए जाएं। निदेशक ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी इसके लिए प्रयोग किया जाए। छात्रों को बताया जाए कि बिना लाइसेंस के वाहन चलाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया है कि विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्ल्ब के गठन के लिए प्रति विद्यालय पांच हजार कुल 44.95 लाख रुपये के बजट की और विद्यालय की दीवारों पर यातायात नियमों व स्लोगन लिखवाने के लिए भी प्रति विद्यालय 500 रुपये के बजट की व्यवस्था के लिए परिवहन आयुक्त को पत्र भेजा गया है। निदेशक ने कहा है कि परिवहन विभाग के अधिकारियों से समन्वयक कर इस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

Tuesday, 2 January 2024

आजमगढ़ 4 जनवरी तक बंद रहेंगे जनपद के ये सभी विद्यालय डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश


 आजमगढ़ 4 जनवरी तक बंद रहेंगे जनपद के ये सभी विद्यालय


डीएम के निर्देश पर बीएसए ने जारी किया आदेश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने अत्यधिक ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जनपद में नर्सरी से कक्षा 8 तक के समस्त स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय में 3 जनवरी और 4 जनवरी को शिक्षण कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सभी विद्यालयों के प्रबन्धकों को उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मैनपुरी हिंसक हुई ट्रक चालकों की हड़ताल पुलिस पर पथराव, आंसू गैस छोड़ी, फायरिंग


 मैनपुरी हिंसक हुई ट्रक चालकों की हड़ताल


पुलिस पर पथराव, आंसू गैस छोड़ी, फायरिंग



उत्तर प्रदेश मैनपुरी हिट एंड रन को लेकर बनाए गए नए कानून के खिलाफ ट्रक और बस चालकों की हड़ताल यूपी के मैनपुरी में हिंसक हो गई। यहां हड़ताली चालकों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया। इसी दौरान चालकों की तरफ से पथराव शुरू हुआ तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद भी मामला नहीं संभला को पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद हवा में फायरिंग भी की। पथराव और लाठीचार्ज में कुछ पुलिस वालों और कई चालकों के घायल होने की भी खबर है। आला अधिकारी मामले को शांत करने में जुटे हैं। हालांकि अफसर फायरिंग से इनकार कर रहे हैं।


मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुरी जिले में केन्द्र सरकार के नए कानून के विरोध में ट्रांसपोर्टर की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इस बीच ट्रक ड्राइवरों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने जाम खुलवाया तो मामला उग्र हो गया। आक्रोशित ट्रक ड्राइवरों की भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस ने स्थित को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। स्थिति अनियंत्रित होते देख हवाई फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि करहल बाईपास मार्ग पर जाम के दौरान प्रदर्शनकारी और पुलिस में झड़प हुई। नए कानून के विरोध में ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों ने जाम लगाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों पर लाठियां फटकारीं। सूचना मिलते ही करहल थाने के साथ ही घिरोर और धन्नाहर थाना क्षेत्र की फोर्स भी मौके पर पहुंची है।


केंद्र की मोदी सरकार ने रोड रेज या हिट एंड रन (रोड एक्सीडेंट) करके भागने वालों के खिलाफ कानून में बड़े बदलाव किए हैं। नए कानून के तहत, अगर कोई रोड एक्सीडेंट करके भाग जाता है और घायल को सड़क पर ही छोड़ देता है तो उसे 10 साल की सजा होगी और 7 लाख रुपए तक का जुर्माना किए जाने का प्रावधान है। हालांकि, मानवीयता दिखाने पर कुछ राहत का भी प्रावधान किया गया है। अगर एक्सीडेंट करने वाला ड्राइवर घायल व्यक्ति को हॉस्पिटल तक पहुंचाता है तो उसकी सजा कम कर दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे मौतों की संख्या में कमी आएगी और लोगों को सही समय पर उपचार मिल सकेगा। इसी कानून के खिलाफ बस और ट्रक के चालक हड़ताल कर रहे हैं।


 मंगलवार को हड़ताल का दूसरा दिन है। दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, यूपी, बिहार पंजाब, गुजरात, हिमाचल प्रदेश में ड्रक ड्राइवरों ने चक्काजाम किया हुआ है। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़े लोगों का कहना है कि देश में 95 लाख ट्रक-टैंकर हैं। इनमें से 30 लाख से ज्यादा ट्रक-टैंकर की सेवाएं ठप हो गई हैं। चालकों का कहना है कि हर बार हादसे में उनकी गलती नहीं होती है। अगर वह घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए रुकेंगे तो मॉब लिचिंग का शिकार हो सकते हैं। इसलिए कानून का विरोध कर रहे हैं।

आजमगढ़ सरायमीर नए मोटर व्हीकल एक्ट के विरोध में ट्रक चालकों ने किया चक्काजाम आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर दर्ज कराया अपना विरोध


 आजमगढ़ सरायमीर नए मोटर व्हीकल एक्ट के विरोध में ट्रक चालकों ने किया चक्काजाम



आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर दर्ज कराया अपना विरोध



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ नए मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ मंगलवार को ट्रक चालकों ने दो स्थानों पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ट्रक चालकों के साथ आटो चालकों ने भी सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद मौके पर पहुंच कर दोनों स्थानों पर चक्काजाम खत्म करा दिया। वहीं, रोडवेज की बसें भी आंशिक रूप से प्रभावित रहीं।


 केंद्र सरकार के नए मोटर व्हीकल एक्ट के खिलाफ रोडवेज बस चालक और निजी ट्रांसपोर्टरों ने तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। नए एमवी एक्ट के नियमों में बदलाव को लेकर हड़ताल में शामिल हो गए हैं। राष्ट्रव्यापी इस हड़ताल का असर जिले में भी दूसरे दिन देखने को मिला। रोडवेज की बसें दूसरे दिन मंगलवार को आंशिक रूप से प्रभावित रहीं। वहीं, सरायमीर क्षेत्र के संजरपुर व मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव मुख्य मार्ग पर मंगलवार को पूर्वाह्न ट्रकों चालकों ने नए एमवी एक्ट के विरोध में सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। चालकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संजरपुर में ट्रक चालकों के समर्थन में आटो चालक भी सड़क पर उतर आए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटा कर जाम खुलवा दिया। जाम के चलते दोनों स्थानों पर वाहनों की लाइन लग गई थी।