Wednesday, 11 November 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर, सड़क हादसे में घायल चिकित्सक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर, एक वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया


 आजमगढ़ गंभीरपुर, सड़क हादसे में घायल चिकित्सक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम


अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर, एक वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय चिकित्सक डॉ. आलोक यादव की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम करीब पांच बजे आजमगढ़ के लाइफ लाइन हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव और गोसाई की बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. आलोक यादव पुत्र डॉ. रामभुवन यादव का गोसाई की बाजार में अपने निजी मकान में चिकित्सालय था। रविवार को करीब 11 बजे दिन में वह किसी कार्य से आजमगढ़ जाने के लिए निकले थे। बरवा मोड़ के पास हाईवे पर बस पकड़ने के लिए वह पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान जिला मुख्यालय की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए आजमगढ़ स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।


 बताया जाता है कि डॉ. आलोक यादव का विवाह महज दो वर्ष पूर्व हुआ था। उनका एक साल का मासूम बेटा है। चिकित्सक की असमय मौत से पत्नी और बच्चे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे, जबकि उनके एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। डॉ. आलोक यादव की मौत की खबर से बहादुरपुर गांव सहित गोसाई की बाजार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

No comments:

Post a Comment