Saturday, 30 August 2025

आजमगढ़ कंधरापुर 22 लाख रूपये मूल्य का गांजा बरामद 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर वाहन बरामद


 आजमगढ़ कंधरापुर 22 लाख रूपये मूल्य का गांजा बरामद



2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर वाहन बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा अवैध गांजा तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कंधरापुर और स्वाट टीम आजमगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 69.812 किलोग्राम अवैध गांजा (अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 22 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर वाहन बरामद किया गया है।


दिनांक 29/30 अगस्त 2025 की रात को कंधरापुर पुलिस और स्वाट टीम आजमगढ़ द्वारा सेहदा अंडरपास, कंधरापुर के पास सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में कोरियर के सामान के बीच छिपाकर रखा गया 69.812 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके पर राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी ली गई और दो अभियुक्तों—अरसद अली (24 वर्ष, निवासी रायमानगला, थाना मीरगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) और सैदुल इस्लाम (22 वर्ष, निवासी खारपुरीहवी, थाना दलगांव, जिला दरांग, असम)—को 29 अगस्त 2025 को रात 11:27 बजे गिरफ्तार किया गया। 



पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे कंटेनर वाहन के मालिक अखिलेश राघव (रुद्रपुर, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड) के निर्देश पर बांस के गठ्ठरों या कंटेनर के केबिन में गांजा छिपाकर तस्करी करते थे। गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर खुदरा मूल्य पर बेचा जाता था। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने असम में लंबे समय तक काम किया, जिससे उन्हें वहां की भौगोलिक स्थिति और गतिविधियों की जानकारी थी। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में सी.ओ. शुभम तोदी (क्षेत्राधिकारी नगर), प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार (थाना कंधरापुर), निरीक्षक अपराध भगत सिंह यादव, स्वाट टीम प्रभारी राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

आजमगढ़ 2 हत्यारोपियों को आजीवन कारावास की सजा हत्या के मामले में सुलह न करने पर गोली मार कर कर दी थी हत्या 30 हजार रूपये का लगा अर्थदण्ड, साक्ष्य के अभाव में 2 आरोपी बरी


 आजमगढ़ 2 हत्यारोपियों को आजीवन कारावास की सजा


हत्या के मामले में सुलह न करने पर गोली मार कर कर दी थी हत्या


30 हजार रूपये का लगा अर्थदण्ड, साक्ष्य के अभाव में 2 आरोपी बरी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने दो आरोपियों को आजीवन कारावास तथा 30-30 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। जबकि पर्याप्त सबूत के अभाव में दो आरोपियों को दोष मुक्त कर दिया। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर एक अजय कुमार शाही ने शनिवार को सुनाया। अभियोजन कहानी के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी रविंद्र सिंह के लड़के की 12 अक्टूबर 2012 को सौदागर पुत्र रामदास देवरा जदीद तथा सागर पुत्र नरेश यादव निवासी सैदपुर अमानी थाना महाराजगंज ने हत्या कर दी थी। इस हत्या में एक आरोपी लक्ष्मण जेल से सुलह करने की धमकी दे रहा था।


 इसी रंजिश को लेकर 22 जनवरी 2016 को दिन में करीब 1 बजे सहदेवगंज बाजार के निकट रविंद्र सिंह के दूसरे लड़के विश्वजीत उर्फ संतोष सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक विश्वजीत सिंह उर्फ संतोष के पिता रविंद्र सिंह ने इस घटना के लिए सागर तथा सौदागर और लक्ष्मण को नामजद करते हुए दो अन्य अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद आरोपी सोनू यादव उर्फ राकेश यादव निवासी मलह पुरवा थाना महाराजगंज, बलवंत यादव निवासी जमालपुर काजी मोहन पुरवा थाना तहबरपुर तथा लक्ष्मण यादव के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित किया। विचारण के दौरान अदालत ने सौदागर यादव तथा सागर यादव को भी बतौर मुलजिम तलब किया। दौरान मुकदमा आरोपी लक्ष्मण यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया।


 अभियोजन पक्ष की तरफ से सहायक शासकीय अधिवक्ता गोपाल पांडेय ने कुल नौ गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी बलवंत यादव उर्फ वाले यादव तथा सोनू यादव उर्फ राकेश यादव को आजीवन कारावास तथा तीस तीस हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। जबकि पर्याप्त सबूत के अभाव में आरोपी सागर यादव तथा सौदागर यादव को दोष मुक्त कर दिया।

आजमगढ़ गंभीरपुर स्कूली बस में डंपर ने मारा टक्कर, 14 छात्रों सहित 16 घायल श्रीरामगंज बाजार तिराहा के पास हुआ हादसा, वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस अस्पताल पहुंची


 आजमगढ़ गंभीरपुर स्कूली बस में डंपर ने मारा टक्कर, 14 छात्रों सहित 16 घायल




श्रीरामगंज बाजार तिराहा के पास हुआ हादसा, वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस अस्पताल पहुंची



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के श्रीरामगंज बाजार तिराहा के पास स्कूल बस को डम्पर ने टक्कर मार दिया। टक्कर में ठाकुर विद्या मन्दिर ग्लोबल स्कूल कैथीशंकरपुर लालगंज के 14 छात्र-छात्रा व ड्राइवर खलासी सहित कुल 16 लोग घायल हो गये। सभी को सौ सैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज में भर्ती कराया गया, जहां सबका इलाज चल रहा है। 


घायलों में कृष्णा पुत्र राकेश सरोज 13 वर्ष निवासी गोमाडीह थाना गंभीरपुर, प्रतीक पुत्र आनंद 8 वर्ष निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, प्रिया कुमारी पुत्री आनंद 8 वर्ष निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, अंजलि पुत्री लालबहादुर निवासी पन्दहा थाना मेहनगर, सागर 18 वर्ष पुत्र इंद्रेश निवासी महगूपुर थाना गंभीरपुर, शिव प्रसाद 13 वर्ष पुत्र आनंद यादव निवासी बहादुरपुर थाना गंभीरपुर, अनन्या राय 8 वर्ष पुत्री प्रदीप राय निवासी गोसाई की बाजार थाना गंभीरपुर, आयुषी राय 12 वर्ष पुत्री हरिओम राय निवासी गोमाडीह थाना गंभीरपुर, अनुज गुप्ता 15 वर्ष पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी गोसाई की बाजार गंभीरपुर, शिव प्रसाद 14 वर्ष पुत्र आनंद निवासी अमेठी थाना गंभीरपुर, प्रिया यादव 15 वर्ष पुत्री लालबहादुर यादव निवासी पन्दहा थाना मेहनगर, सौरभ 15 वर्ष पुत्र इंद्रेश कुमार निवासी मेहनगर, सागर उम्र 17 वर्ष पुत्र इंद्रेश निवासी मेहनगर, तेजस राय 12 वर्ष पुत्र पंकज राय निवासी अमौड़ा थाना गंभीरपुर, ड्राइवर कमलेश राय पुत्र शिव प्रसाद निवासी अमेठी 55 वर्ष थाना गंभीरपुर, कंडक्टर भीम 25 वर्ष पुत्र मूलचंद निवासी मिर्जाआदमपुर थाना देवगांव शामिल हैं। शिव प्रसाद यादव, अनुज गुप्ता, अनन्या राय, दो छात्र एक छात्रा का पैर फैक्चर हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचकर अपने-अपने बच्चों की हाल जानते हुए बच्चों को घर ले गए।


 वहीं दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी लालगंज भूपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश, कोतवाल देवगांव विमल प्रकाश राय, एस आई विनोद सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचकर छात्र छात्राओं के इलाज में सहयोग किये।

आजमगढ़ सिधारी बिना मान्यता के चल रहे करियर प्वाइंट पब्लिक स्कूल पर शिक्षा विभाग का छापा, कक्षाएं सील विभाग द्वारा पूर्व में दी गई थी चेतावनी, संचालक ने कर दिया था अनसुना


 आजमगढ़ सिधारी बिना मान्यता के चल रहे करियर प्वाइंट पब्लिक स्कूल पर शिक्षा विभाग का छापा, कक्षाएं सील



विभाग द्वारा पूर्व में दी गई थी चेतावनी, संचालक ने कर दिया था अनसुना



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के सेनमैक्स सिनेमा हॉल के सामने स्थित करियर प्वाइंट पब्लिक स्कूल पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। स्कूल के बिना मान्यता के संचालित होने की शिकायत पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। इस दौरान बिना मान्यता के चल रही कक्षाओं को सील कर दिया गया।



जानकारी के अनुसार, स्कूल को पहले भी मान्यता के लिए चेतावनी दी गई थी, लेकिन संचालकों ने इसे अनसुना कर दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान स्कूल में पढ़ाई का कार्य चल रहा था, जिसे तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। 


सह जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिना मान्यता के स्कूल संचालन शिक्षा नियमों का उल्लंघन है और इसकी जांच आगे भी जारी रहेगी। संचालकों को नियमों का पालन करने और मान्यता प्राप्त करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध रूप से चल रहे स्कूलों में भी हड़कंप मच गया है। सह जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही दाखिला दिलाएं, ताकि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।

लखनऊ/आगरा एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा, एसडीएम की मौत लखनऊ से आ रहे थे वापस, चालक गंभीर रूप से घायल


 लखनऊ/आगरा  एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा, एसडीएम की मौत



लखनऊ से आ रहे थे वापस, चालक गंभीर रूप से घायल



उत्तर प्रदेश आगरा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में आगरा में तैनात अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार जायसवाल की मौत हो गई। उनके चालक पंकज कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं और सैफई मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार जायसवाल अपनी क्रेटा कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। सुबह जब उनकी कार एक्सप्रेस-वे के 77-किलोमीटर पॉइंट पर पहुंची, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि उनकी कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


हादसे में राजेश कुमार जायसवाल और उनके चालक पंकज कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने राजेश कुमार जायसवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।


हादसे की खबर मिलते ही प्रभारी तहसीलदार संतोष राजौरिया और प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी सैफई अस्पताल पहुंचे। इस दुखद घटना की जानकारी आगरा प्रशासन तक पहुंचने पर अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। आगरा से कई वरिष्ठ अधिकारी मैनपुरी के लिए रवाना हो गए हैं। बता दें कि राजेश कुमार जायसवाल पहले किरावली में एसडीएम के पद पर तैनात थे और वर्तमान में आगरा कलेक्ट्रेट में अपर नगर मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक है।

Thursday, 28 August 2025

आजमगढ़ बरदह गणेश पूजन के दौरान करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत एक माह पहले ही प्रदेश से घर लौटा था मृतक


 आजमगढ़ बरदह गणेश पूजन के दौरान करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत




एक माह पहले ही प्रदेश से घर लौटा था मृतक



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बरदह गांव में गुरुवार सुबह गणेश पूजन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 30 वर्षीय महेंद्र यादव, पुत्र रामआसरे, साउंड मशीन में तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल बरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महेंद्र को मृत घोषित कर दिया।



महेंद्र अपने दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थे। चार साल पहले उनकी मां गोरी देवी का बीमारी के कारण निधन हो चुका था। बताया जाता है कि महेंद्र एक माह पहले ही प्रदेश से घर लौटे थे, जहां वे एक आइसक्रीम कंपनी में ऑपरेटर के रूप में काम करते थे। इस घटना ने परिवार में कोहराम मचा दिया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम जौनपुर में कराया जा रहा है। यह हादसा गणेशोत्सव के बीच हुआ, जिससे गांव का उत्सवी माहौल गमगीन हो गया।

आजमगढ़ देवगांव लालगंज विवादित आर्या हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया जाम


 आजमगढ़ देवगांव लालगंज विवादित आर्या हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत




गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया जाम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के लालगंज क्षेत्र में स्थित कटघर नगर पंचायत के आर्या हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुरुवार को सड़क पर शव रखकर किए गए हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाया।


देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकीहिट गांव निवासी चंद्र बली सरोज की 24 वर्षीय बहू सोनी सरोज, पत्नी बहादुर सरोज, को मंगलवार को चेकअप के लिए आशा कार्यकर्ता द्वारा आर्या हॉस्पिटल लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना उनकी सहमति के सोनी का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालक उन्हें वाराणसी के कुलवंती हॉस्पिटल ले गए, जहां बुधवार देर रात उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही और फर्जी डॉक्टरों द्वारा इलाज का आरोप लगाया है। गुरुवार को ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृतका की ढाई साल की एक बेटी पहले से है, और ऑपरेशन के दौरान एक नवजात बेटी का जन्म हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पहला मौका नहीं है जब आर्या हॉस्पिटल विवादों में आया हो। पहले भी यह अस्पताल तीन बार सील हो चुका है, लेकिन कथित तौर पर स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से यह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।