आजमगढ़ रानी की सराय, शादी का झांसा देकर शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर पति को भेजा
पति ने भी छोड़ा साथ, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में अश्लील वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव निवासी युवक ने उसे विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। जब पीड़िता ने युवक से शादी करने के लिए कहा, तो वह हर बार टालता रहा।
इसी बीच परिजनों ने पीड़िता की शादी दूसरे युवक से कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक ने बनाए गए फोटो और वीडियो महिला के पति को भेज दिए और उन्हें वायरल कर दिया। वीडियो देखने के बाद महिला के पति ने उससे संबंध तोड़ लिया, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से काफी आहत है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी फिलहाल विदेश में है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment