Thursday, 30 April 2026

मऊ ट्रेलर ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, 3 गम्भीर रूप से घायल रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा


 मऊ ट्रेलर ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, 3 गम्भीर रूप से घायल



रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा


उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के थाना घोसी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना गोरखपुर-मऊ हाईवे पर बनियापार के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। 


जानकारी के अनुसार, सेकेंड मोबाइल सरकारी वाहन को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन में सवार उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रितम कुमार यादव, चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव और पीआरडी जवान ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने ईसीजी जांच के बाद चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को रात करीब 2 बजे मृत घोषित कर दिया।


 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। फिलहाल अन्य घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ घूस लेने का आरोपी आउटसोर्सिंग कर्मचारी बर्खास्त हाई पावर कमेटी की आपात बैठक में बड़े फैसले सभी सेवाएं होंगी ऑनलाइन, परिसर में बढ़ाई जाएगी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था


 आजमगढ़ घूस लेने का आरोपी आउटसोर्सिंग कर्मचारी बर्खास्त


हाई पावर कमेटी की आपात बैठक में बड़े फैसले


सभी सेवाएं होंगी ऑनलाइन, परिसर में बढ़ाई जाएगी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय प्रशासन ने सतर्कता विभाग द्वारा पकड़े गए आउटसोर्सिंग कर्मचारी संजय के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। इस संबंध में कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में हाई पावर कमेटी की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में कुलपति ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसी को भी सूचित कर दिया गया है।


 संकायाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके तहत सभी सेवाओं को ऑनलाइन करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही मुख्य द्वार पर शिकायत पेटिका, मेटल डिटेक्टर की स्थापना, हेल्पडेस्क शुरू करने और एक सार्वजनिक ईमेल आईडी जारी करने का निर्णय लिया गया है, ताकि छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य कर दी है। बिना अनुमति परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने का भी फैसला लिया गया है। इसके अलावा प्रशासनिक भवन के विभिन्न तल पर चैनल गेट लगाए जाएंगे और पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। संकायाध्यक्षों के सुझावों पर अमल करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही महाविद्यालय स्तर पर ही हेल्पडेस्क व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया है, ताकि विश्वविद्यालय पर अनावश्यक दबाव कम हो सके। कुलपति ने पठन-पाठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराते हुए नई शिक्षा नीति 2020 के तहत आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।


https://www.news9up.com/2026/04/50-187-3.html

आजमगढ़ जीयनपुर शादी में कूलर की हवा को लेकर हुए हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, दो साथी फरार


 आजमगढ़ जीयनपुर शादी में कूलर की हवा को लेकर हुए हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार



पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, दो साथी फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना जीयनपुर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए चर्चित हत्याकांड के एक नामजद अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। 


पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर जीयनपुर पुलिस टीम ने बासूपार-घड़सरा मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त नीरज निषाद के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। गौरतलब है कि 28 अप्रैल 2026 की रात अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा की दिशा बदलने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।


 पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि विवाद के दौरान मारपीट में शामिल था, जिसमें चाकू लगने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और हथियारों को छिपा दिया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


https://www.news9up.com/2026/04/3_29.html


https://www.news9up.com/2026/05/2.html

Wednesday, 29 April 2026

आजमगढ़ एक थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, कई के कार्य क्षेत्र में बदलाव दरवाजे पर लात मारने वाले थानाध्यक्ष हीरेंद्र प्रताप सिंह को मिली मीडिया सेल की जिम्मेदारी

आजमगढ़ एक थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, कई के कार्य क्षेत्र में बदलाव


दरवाजे पर लात मारने वाले थानाध्यक्ष हीरेंद्र प्रताप सिंह को मिली मीडिया सेल की जिम्मेदारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 15 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस दौरान कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं और अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 


निजामाबाद थाने में हाल ही में हुई कार्रवाई के बाद प्रभारी निरीक्षक हीरेंद्र प्रताप सिंह को हटाकर मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह सिधारी थाने में तैनात इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह को निजामाबाद की कमान सौंपी गई है। बता दे कि कुछ दिन पूर्व दबिश के दौरान दरवाजे पर लात मारने का हीरेंद्र प्रताप सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वहीं, मीडिया सेल के प्रभारी रहे राजीव कुमार मिश्रा को सिधारी थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। 


इसके अलावा, विशेष चोरी अनावरण टीम के प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी को गंभीरपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। गंभीरपुर के प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह को मेहनाजपुर भेजा गया है, जबकि मेहनाजपुर के प्रभारी मनीष पाल को एसएसपी का पीआरओ नियुक्त किया गया है। पीआरओ रहे विनय कुमार सिंह को जीयनपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। जीयनपुर के प्रभारी राजकुमार सिंह को साइबर थाने का प्रभारी बनाया गया है। 


कंधरापुर में तैनात अनुराग कुमार को महाराजगंज भेजा गया है, जबकि महाराजगंज के केदारनाथ मौर्य को कंधरापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में बिलरियागंज के प्रभारी सुनील कुमार दुबे को रौनापार थाने का प्रभारी बनाया गया है। रौनापार में तैनात मंतोष सिंह को अहिरौला भेजा गया है, जबकि अहिरौला के प्रभारी अमित कुमार मिश्रा को बिलरियागंज की जिम्मेदारी दी गई है। साइबर थाने के प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह को फूलपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि फूलपुर के प्रभारी सच्चिदानंद यादव को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।

 


आजमगढ़ तहबरपुर पत्तल लाने के बहाने ले जाकर युवक को ईंट से हमला कर की थी हत्या पुरानी रंजिश में रची साजिश, शव छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश 24 घंटे में हत्या का खुलासा, बाल अपचारी पकड़ा गया


 आजमगढ़ तहबरपुर पत्तल लाने के बहाने ले जाकर युवक को ईंट से हमला कर की थी हत्या



पुरानी रंजिश में रची साजिश, शव छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश


24 घंटे में हत्या का खुलासा, बाल अपचारी पकड़ा गया


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। आरोपी ने बारात से बहाने से युवक को ले जाकर उसकी ईंट से हत्या कर दी और शव को छिपा दिया था। 


जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को ग्राम नासिरूद्दीनपुर निवासी रामधारी प्रजापति ने सूचना दी कि उनका भतीजा सूरज प्रजापति, जो बारात में गया था, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसका शव गांव के कब्रिस्तान में झाड़ियों में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नैपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाल अपचारी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।


 पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बारात के दौरान वह मृतक को पत्तल लाने के बहाने सुनसान नहर किनारे ले गया, जहां पहले से पड़ी ईंट से पीछे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले नहर में छिपाया और फिर कब्रिस्तान की झाड़ियों में घसीटकर छुपा दिया। घटना के बाद आरोपी दोबारा बारात में शामिल हो गया और सबूत मिटाने के लिए खून लगे कपड़े व जूते जलाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹310 नगद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, HF Deluxe मोटरसाइकिल, तथा खून लगे कपड़े और जूते बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

आजमगढ़ जीयनपुर जयमाल के दौरान खूनी झड़प, एक की मौत कूलर की हवा को लेकर हुआ विवाद, 3 अन्य घायल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, आरोपियों की तलाश जारी


 आजमगढ़ जीयनपुर जयमाल के दौरान खूनी झड़प, एक की मौत


कूलर की हवा को लेकर हुआ विवाद, 3 अन्य घायल


पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, आरोपियों की तलाश जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना जीयनपुर क्षेत्रांतर्गत इंदिरा नगर, अजमतगढ़ में एक विवाह समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान कूलर की हवा को लेकर घराती और बाराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में आमिर चंद्र साहनी पुत्र मिठाईलाल उम्र 26 साल की मौत हो गई, वहीं राजकुमार साहनी पुत्र परशुराम, अभिलाष साहनी पुत्र प्रहलाद, साहिल यादव पुत्र तारकेश्वर निवासी ग्राम बेलसरी(चेनपुर)पोस्ट टाड़ा, जनपद गोरखपुर घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल गम में बदल गया। सूचना मिलते ही सीओ सगड़ी और थाना प्रभारी जीयनपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


 अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_30.html


https://www.news9up.com/2026/05/2.html

मेरठ दारोगा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार 10 हजार के लालच में नौकरी और शादी दोनों पर लगा ग्रहण कैबिनेट मंत्री के परिवार से तय रिश्ता टूटा, करियर पर भी संकट


 मेरठ दारोगा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


10 हजार के लालच में नौकरी और शादी दोनों पर लगा ग्रहण


कैबिनेट मंत्री के परिवार से तय रिश्ता टूटा, करियर पर भी संकट



उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पल्लवपुरम थाने में तैनात 2023 बैच के दारोगा छत्रपाल सिंह को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद न सिर्फ उनकी नौकरी पर संकट मंडरा रहा है, बल्कि एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में तय उनकी शादी भी टूट गई है। मामले की शुरुआत 17 नवंबर 2025 से हुई, जब पल्लवपुरम पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच दारोगा छत्रपाल सिंह को सौंपी गई थी। 


आरोप है कि एक आरोपी की पत्नी का नाम केस से हटाने के बदले दारोगा ने पहले एक लाख रुपये लिए, लेकिन राहत नहीं दी। इसके बाद उन्होंने 50 हजार रुपये की और मांग की, जो बाद में 10 हजार रुपये पर तय हुई। पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की, जिसके बाद 25 अप्रैल 2026 को इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने थाने के अंदर ही जाल बिछाया। जैसे ही दारोगा ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी का असर उनके निजी जीवन पर भी पड़ा। बरेली के मीरगंज निवासी दारोगा का रिश्ता प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और आंवला विधायक धर्मपाल सिंह के परिवार में तय हुआ था। 5 मई को शादी होनी थी, लेकिन रिश्वतखोरी के खुलासे के बाद मंत्री के परिवार ने तुरंत रिश्ता तोड़ दिया। फिलहाल आरोपी दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटी सी लालच किस तरह किसी का करियर और व्यक्तिगत जीवन दोनों बर्बाद कर सकती है।

Tuesday, 28 April 2026

आजमगढ़ विश्वविद्यालय का लिपिक 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ धराया सतर्कता टीम का जाल सफल, आलमारी से मिले 1.87 लाख रुपये; 3 लाख की मांग का आरोप

आजमगढ़ विश्वविद्यालय का लिपिक 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ धराया



सतर्कता टीम का जाल सफल, आलमारी से मिले 1.87 लाख रुपये; 3 लाख की मांग का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्यरत संविदाकर्मी लिपिक को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संजय पुत्र रामवृक्ष के रूप में हुई है, जिसे 28 अप्रैल 2026 को 50 हजार रुपये लेते समय पकड़ा गया। 


मामला उस समय सामने आया जब रौनापार क्षेत्र के निवासी सुरेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि उनके कॉलेज की स्थायी संबद्धता की अवधि एक वर्ष बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर तीन लाख रुपये की मांग की गई थी। यह रकम लिपिक संजय के माध्यम से देने के लिए कहा गया था। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता अधिष्ठान, गोरखपुर की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। प्रशासनिक भवन स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय के स्टाफ रूम में जाल बिछाया गया, जहां संजय को नकद 50 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में आरोपी की आलमारी से 1,87,500 रुपये अतिरिक्त नकदी भी बरामद हुई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। सतर्कता टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगी जाए तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401870 पर शिकायत दर्ज कराएं।


https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_52.html

 

आजमगढ़ दीदारगंज हल्दी समारोह में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल फायरिंग से मची अफरा-तफरी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ दीदारगंज हल्दी समारोह में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल



फायरिंग से मची अफरा-तफरी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीह कैथौली गांव में सोमवार रात हल्दी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने पिस्टल से फायर कर दूसरे युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीह कैथौली निवासी छोटेलाल पुत्र छेदी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोस में हल्दी रस्म का कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 10:30 बजे गांव का ही रहने वाला आक्रोश गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता मौके पर पहुंचा और ननिहाल आए सत्यम गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता निवासी फुलवरिया, थाना अहरौला को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सत्यम को तत्काल जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दीदारगंज थानाध्यक्ष निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

 

लखनऊ सीएम योगी का बड़ा एलान, इस विभाग में होंगी एक लाख नई भर्तियां सीएम ने कहा आप सभी साफ नीयत से काम कीजिए


 लखनऊ सीएम योगी का बड़ा एलान, इस विभाग में होंगी एक लाख नई भर्तियां


सीएम ने कहा आप सभी साफ नीयत से काम कीजिए


उत्तर प्रदेश लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग एक लाख नई भर्तियों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि योग्य और क्षमतावान युवा बड़ी संख्या में पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहते हैं, जिसके लिए भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम ने बताया कि हाल ही में यूपी होमगार्ड में 41 हजार पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई है, जबकि सिविल पुलिस, उपनिरीक्षक (एसआई) और अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है।


 उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं और भेदभाव की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब बिना किसी सिफारिश या लेनदेन के केवल योग्यता और आरक्षण के आधार पर चयन किया जा रहा है। सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, आज सामूहिक प्रयासों के बल पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

आजमगढ़ जीयनपुर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार पुलिस ने पासपोर्ट, आधार कार्ड और नकदी को लिया कब्जे में


 आजमगढ़ जीयनपुर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार



पुलिस ने पासपोर्ट, आधार कार्ड और नकदी को लिया कब्जे में


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश जाने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने वर्ष 2017 में अपना वास्तविक नाम-पता और आपराधिक मुकदमा छिपाकर फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब नौशहरा निवासी तबस्सूम ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। 


तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादंवि तथा 12(1)(b) पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बेरमा गेट के पास से अभियुक्त नेहाल हासिम (41 वर्ष) निवासी चकसिकठी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक भारतीय पासपोर्ट, एक आधार कार्ड और 200 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Monday, 27 April 2026

आजमगढ़ मेंहनगर गोपालपुर हत्याकांड का खुलासा! आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद शराब के नशे में विवाद के बाद की थी हत्या, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा


 आजमगढ़ मेंहनगर गोपालपुर हत्याकांड का खुलासा! आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद



शराब के नशे में विवाद के बाद की थी हत्या, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में हुए हत्या कांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को संध्या देवी पत्नी रामजी निवासी गोपालपुर द्वारा थाने में तहरीर दी गई थी। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल 2026 की शाम करीब 8:30 बजे गांव का राहुल पुत्र रामजीत शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। उनके पति रामजी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने विवाद के दौरान लोहे की रॉड से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामजी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इस मामले में थाना मेंहनगर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। 


पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर 27 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 3:10 बजे आरोपी राहुल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार के साथ कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल अनुप शामिल रहे।


https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_41.html

आजमगढ़ मेंहनगर घरेलू विवाद में पड़ोसी की हत्या, बीच-बचाव करना पड़ा भारी शराब के नशे में पति ने लोहे की रॉड से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार


 आजमगढ़ मेंहनगर घरेलू विवाद में पड़ोसी की हत्या, बीच-बचाव करना पड़ा भारी


शराब के नशे में पति ने लोहे की रॉड से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बीती आधी रात दलित बस्ती में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी को बचाने गए पड़ोसी की जान चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। 


जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता रहता था। रविवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी के बाद मारपीट करने लगा। शोर सुनकर पड़ोसी रामजी (40) बीच-बचाव के लिए पहुंचे और महिला को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान गुस्से में आए राहुल ने लोहे की रॉड से रामजी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। 


ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर चक्रपानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल राम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक रामजी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।


https://www.news9up.com/2026/04/24.html

आजमगढ़ तहबरपुर दर्दनाक हादसे में शिक्षिका व अधिवक्ता की हुई मौत चारधाम से यात्रा कर वापस लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ हादसा


 आजमगढ़ तहबरपुर दर्दनाक हादसे में शिक्षिका व अधिवक्ता की हुई मौत



चारधाम से यात्रा कर वापस लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में सोमवार की सुबह चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव के पास उनकी कार एक आॅक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में गाजीपुर जनपद के जखनिया थाना क्षेत्र के अल्लीपुर मनरा गांव निवासी 48 वर्षीय सुनीता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह रामपुर मनरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। उनके निधन की खबर से विद्यालय परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव निवासी 50 वर्षीय अधिवक्ता रजनीश पांडेय की भी हादसे में मौत हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के समय कार चला रहे 55 वर्षीय अखिलानंद तिवारी, जो सुनीता सिंह के पति बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा संजय पांडेय और उनकी पत्नी रानी पांडेय भी घायल हुए हैं।


 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और अचानक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहबरपुर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके गांवों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुरादाबाद आपस में शादी की जिद पर अड़ी 2 युवतियां समलैंगिक संबंध ने खड़ा किया सामाजिक और कानूनी सवाल, पुलिस ने भी खड़े किए हाथ


 मुरादाबाद आपस में शादी की जिद पर अड़ी 2 युवतियां



समलैंगिक संबंध ने खड़ा किया सामाजिक और कानूनी सवाल, पुलिस ने भी खड़े किए हाथ


उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सामाजिक मान्यताओं और पारिवारिक परंपराओं को झकझोर कर रख दिया। दो युवतियों के बीच पनपे समलैंगिक प्रेम और शादी की जिद ने परिवारों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी असहज स्थिति में डाल दिया। मामले की शुरुआत रुद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री से हुई, जहां बिलारी क्षेत्र की एक युवती काम करने गई थी। वहीं उसकी मुलाकात आरा की रहने वाली दूसरी युवती से हुई। साथ काम करते-करते दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले कई महीनों से साथ रह रही थीं और एक-दूसरे को जीवनसाथी मान चुकी थीं।


 जब स्थानीय युवती लंबे समय तक घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने उसे शादी का झूठा बहाना बनाकर घर बुलाया। युवती अपनी साथी के साथ घर पहुंची, जहां उनके रिश्ते की सच्चाई सामने आते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने समाज और मान-मर्यादा का हवाला देकर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहीं। रविवार को विवाद बढ़ने पर परिजन दोनों को लेकर थाने पहुंचे, जहां घंटों तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने जब दोनों के दस्तावेज जांचे, तो पता चला कि वे बालिग हैं। युवतियों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का संवैधानिक अधिकार है।


 पुलिस अधिकारियों ने भी कानून का हवाला देते हुए परिजनों को समझाया कि बालिग होने के कारण वे दोनों की इच्छा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जबरन रोकना या कहीं ले जाना कानूनन अपराध होगा। आखिरकार, पुलिस ने दोनों युवतियों को उनकी मर्जी से रहने की अनुमति दे दी। इसके बाद परिजन निराश नजर आए, जबकि दोनों युवतियां एक-दूसरे का हाथ थामे अपनी नई जिंदगी की ओर निकल गईं। यह घटना अब क्षेत्र में सामाजिक और कानूनी बहस का विषय बन गई है।

Sunday, 26 April 2026

बलिया पत्नी-सास का गला काटा, ढाई वर्ष के बेटे व ससुर को भी नहीं छोड़ा पत्नी की विदाई से इनकार पर युवक ने खेला खूनी खेल, पुलिस जांच में जुटी


 बलिया पत्नी-सास का गला काटा, ढाई वर्ष के बेटे व ससुर को भी नहीं छोड़ा



पत्नी की विदाई से इनकार पर युवक ने खेला खूनी खेल, पुलिस जांच में जुटी


उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर स्थित छोटका पूरा गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पत्नी की विदाई न होने से आक्रोशित युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी, जबकि ढाई वर्ष के मासूम बेटे और ससुर पर भी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड की शादी चार वर्ष पूर्व बछईपुर निवासी प्रीति गोंड (22) से हुई थी। दोनों का ढाई वर्ष का एक बेटा भी है।


 बताया जा रहा है कि पति के उत्पीड़न से तंग आकर प्रीति कुछ माह से अपने मायके में रह रही थी। नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। इस दौरान अमित ने धमकी भी दी थी। शनिवार की रात गांव में एक बारात आई हुई थी, जहां नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देर रात अमित ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया। छत पर सो रही पत्नी प्रीति और सास सुशीला देवी (45) पर उसने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने ढाई साल के बेटे पर भी वार किया। चीख-पुकार सुनकर नीचे सो रहे ससुर अंतु गोंड (50) मौके पर पहुंचे और दामाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अमित ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


 एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश शुक्ल और सीओ आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

आजमगढ़ बरदह दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो पलटी, 2 की मौत, एक गंभीर घायल शादी का सामान लेकर लौट रहे थे 3 युवक, टायर फटने से हुआ हादसा, खुशियों का माहौल मातम में बदला


 आजमगढ़ बरदह दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो पलटी, 2 की मौत, एक गंभीर घायल



शादी का सामान लेकर लौट रहे थे 3 युवक, टायर फटने से हुआ हादसा, खुशियों का माहौल मातम में बदला



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गोदाम के पास शनिवार की अपराह्न एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब जौनपुर से लौट रही स्कॉर्पियो का अगला टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान से टकराने के बाद बिजली के पोल से टकराकर पलट गई।


 जानकारी के अनुसार, मेंहनगर थाना क्षेत्र के सपनहर गांव निवासी 30 वर्षीय अभय सरोज उर्फ सोनू सरोज, 40 वर्षीय प्रमोद (निवासी आंवक, थाना रानी की सराय) और 25 वर्षीय दीपक सरोज (निवासी सरायमोहन, थाना बरदह) शनिवार को जौनपुर से फूल और कपड़े लेकर वापस लौट रहे थे। स्कॉर्पियो अभय सरोज चला रहे थे। जैसे ही वाहन भीरा के पास पहुंचा, सड़क पर गड्ढे के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और टायर फटने से हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में अभय सरोज और प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जौनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 बताया जा रहा है कि मृतक अभय सरोज प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। शादी के लिए ही तीनों युवक सामान लेने जौनपुर गए थे। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बरदह थाना प्रभारी राजीव सिंह और ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर और क्रेन की मदद से वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Saturday, 25 April 2026

आजमगढ़ सरायमीर अवैध कब्जे पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर 3 मकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी, प्रशासन सहित भारी पुलिस बल रहा मौजूद


 आजमगढ़ सरायमीर अवैध कब्जे पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर


3 मकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी, प्रशासन सहित भारी पुलिस बल रहा मौजूद




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानपुर ग्राम सभा में उसर (सरकारी) भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद राजस्व और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, खानपुर गांव स्थित गाटा संख्या 257 की उसर भूमि पर राजेश यादव, मोती यादव और हरिश्चंद्र यादव द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप है।


 इस संबंध में प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि भूमि पर करकट (टिन शेड) लगाकर कब्जा किया गया है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से दो स्थानों पर लगे करकट को हटवा दिया। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। गाटा संख्या 257 पर बने तीन मकानों को भी अवैध मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 


इस मामले में एसडीएम निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि धारा 67 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से बने मकानों को भी गिराया जाएगा और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आजमगढ़ उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा केन्द्रों का डीएम व एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष व सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन-पुलिस प्रतिबद्ध


 आजमगढ़ उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा केन्द्रों का डीएम व एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण


उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष व सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन-पुलिस प्रतिबद्ध



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जिले में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी सठियांव एवं श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंडेश्वर का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णत: नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 


जनपद के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जो प्रत्येक दिवस दो पालियों में संचालित हो रही है। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में कुल 5808 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनके लिए सभी केंद्रों पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, जो सतत निगरानी रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। 


जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रबंधकों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे शासनादेश के अनुरूप पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए। जनपद प्रशासन द्वारा समुचित प्रबंधन एवं कड़ी निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराई जा रही है।

आजमगढ़ रानी की सराय, शादी का झांसा देकर शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर पति को भेजा पति ने भी छोड़ा साथ, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार


 आजमगढ़ रानी की सराय, शादी का झांसा देकर शोषण, अश्लील वीडियो बनाकर पति को भेजा


पति ने भी छोड़ा साथ, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में अश्लील वीडियो वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव निवासी युवक ने उसे विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। जब पीड़िता ने युवक से शादी करने के लिए कहा, तो वह हर बार टालता रहा। 


इसी बीच परिजनों ने पीड़िता की शादी दूसरे युवक से कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी युवक ने बनाए गए फोटो और वीडियो महिला के पति को भेज दिए और उन्हें वायरल कर दिया। वीडियो देखने के बाद महिला के पति ने उससे संबंध तोड़ लिया, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से काफी आहत है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी फिलहाल विदेश में है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ फसल अवशेष जलाया तो पड़ेगा भारी, नियम उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना मृदा स्वास्थ्य बचाने और प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन सख्त, किसानों को मशीनों से प्रबंधन की सलाह


 आजमगढ़ फसल अवशेष जलाया तो पड़ेगा भारी, नियम उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना


मृदा स्वास्थ्य बचाने और प्रदूषण रोकने के लिए प्रशासन सख्त, किसानों को मशीनों से प्रबंधन की सलाह



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के किसानों से फसल अवशेष (पराली) न जलाने की अपील की गई है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि फसल अवशेष जलाने से न केवल मृदा की उर्वरता प्रभावित होती है, बल्कि वातावरण भी गंभीर रूप से प्रदूषित होता है। इससे खेतों में मौजूद लाभदायक पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं और मिट्टी की भौतिक, रासायनिक व जैविक संरचना पर प्रतिकूल असर पड़ता है।


अधिकारियों ने बताया कि पराली जलाने से उत्पन्न धुआं व गैसें वायु गुणवत्ता को खराब करती हैं, जिससे आंखों में जलन, त्वचा रोग, श्वसन तंत्र की समस्याएं तथा हृदय व फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही खेतों में मौजूद लाभदायक जीव व मित्र कीट भी नष्ट हो जाते हैं, जिससे कृषि उत्पादन पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल अवशेषों का प्रबंधन आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल ड्रिल, मल्चर आदि के माध्यम से करें और अवशेषों को सड़ाकर खाद में परिवर्तित करें। इसके लिए जनपद में कस्टम हायरिंग सेंटर व फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किए गए हैं, जहां से किसान किराये पर यंत्र प्राप्त कर सकते हैं। 


प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि फसल अवशेष जलाना दंडनीय अपराध है। उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के निर्देशों के तहत सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। नियम उल्लंघन करने पर किसानों पर अर्थदंड लगाया जाएगा। 2 एकड़ से कम भूमि पर 2500 रुपये, 2 से 5 एकड़ पर 5000 रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 15000 रुपये तक का जुर्माना प्रति घटना निर्धारित किया गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे फसल अवशेष न जलाएं, बल्कि उन्हें खाद बनाकर मृदा की उर्वरता बढ़ाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

Friday, 24 April 2026

आजमगढ़ महराजगंज थाना परिसर में ही वृद्ध की अचानक हुई मौत मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, जमीन पर गिरते ही उड़े प्राण पखेरू

आजमगढ़ महराजगंज थाना परिसर में ही वृद्ध की अचानक हुई मौत


मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, जमीन पर गिरते ही उड़े प्राण पखेरू


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक वृद्ध की थाना परिसर में अचानक मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान सुरजीपुर गांव निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है, जो एक मामले की पैरवी के लिए थाने पहुंचे थे।


 जानकारी के अनुसार मोहम्मद सलीम अपने परिचित राजेश यादव निवासी खानपुर भगतपट्टी, थाना बिलरियागंज के साथ बाइक से महराजगंज थाने आए थे। दोनों लोग थाना परिसर में वाहन खड़ा कर गेट के सामने स्थित एक दुकान पर चाय पीने चले गए। चाय पीकर जैसे ही वे वापस लौटे, सलीम अचानक गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उनके साथी ने तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे परिजन शुरू में पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने और दबाव के बाद वे तैयार हो गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 


थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य के अनुसार परिजनों ने बताया कि मृतक लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज चल रहा था। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

 

आजमगढ़ महिला पुलिस प्रशिक्षुओं का दमदार प्रदर्शन, पासिंग आउट परेड की ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न 594 महिला प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में किया शानदार मार्च पास्ट, एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा


 आजमगढ़ महिला पुलिस प्रशिक्षुओं का दमदार प्रदर्शन, पासिंग आउट परेड की ग्रैंड रिहर्सल सम्पन्न


594 महिला प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में किया शानदार मार्च पास्ट, एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को प्रशिक्षणरत 594 महिला पुलिस प्रशिक्षुओं की प्रस्तावित दीक्षांत/पासिंग आउट परेड को लेकर ग्रैंड रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षुओं ने 20 टोलियों में विभाजित होकर आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसमें अनुशासन, तालमेल और दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। 


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने परेड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पासिंग आउट परेड को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी समेत क्षेत्राधिकारी नगर, सदर और बूढ़नपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। रिहर्सल के जरिए परेड की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया और अधिकारियों को तैयारियां पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

आजमगढ़ रानी की सराय आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सामान जलकर राख मंडई में बंधी बछिया भी झुलसी, भारी मात्रा में हुआ आर्थिक नुकसान


 आजमगढ़ रानी की सराय आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सामान जलकर राख



मंडई में बंधी बछिया भी झुलसी, भारी मात्रा में हुआ आर्थिक नुकसान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के अदरशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक मंडई में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। गांव निवासी रामेश्वर चौहान उर्फ गब्बर, जो किराना और सब्जी की दुकान चलाते हैं, ने अपने घर के पास मंडई बना रखी थी जिसमें मवेशियों को बांधा जाता था और अन्य सामान भी रखा जाता था। 


अचानक धुआं उठता देख ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मंडई में रखा भूसा, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। एक बंधी हुई पड़िया (बछिया) भी झुलस गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।

आजमगढ़ कप्तानगंज, थाने में घुसकर महिला सिपाहियों पर हमला बीटीसी छात्रा ने सीओ पर भी किया हमले का प्रयास, सरकारी अभिलेख फाड़े


 आजमगढ़ कप्तानगंज, थाने में घुसकर महिला सिपाहियों पर हमला



बीटीसी छात्रा ने सीओ पर भी किया हमले का प्रयास, सरकारी अभिलेख फाड़े


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक बीटीसी छात्रा पर पुलिस कार्यालय में हंगामा करने, मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कार्यालय बूढ़नपुर में तैनात मुंशी शशिकांत यादव द्वारा थानाध्यक्ष कप्तानगंज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है। कप्तानगंज थाने में आरोपी युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 


प्रार्थना पत्र के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पोखरपुर (मु० जयरामपुर) निवासी निशा पुत्री शिवशब्द बीटीसी की छात्रा है। आरोप है कि वह पिछले करीब छह माह से एक प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के लिए लगातार दबाव बना रही थी और आए दिन विभिन्न आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र देती रहती थी। बताया गया है कि 18 अप्रैल 2026 को वह क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां उस समय सीओ राजकीय कार्य में व्यस्त थे।


 आरोप है कि छात्रा ने वहां मौजूद महिला आरक्षी अंकिता भट्ट और पिंकी पाण्डेय के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और बाल पकड़कर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोप यह भी है कि इसके बाद वह उत्तेजित होकर सीओ के पास पहुंची और गाली देते हुए पास में रखे पेपर वेट से उन पर हमला करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इस दौरान उसने कार्यालय में रखे सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि आरोपी द्वारा अक्सर पुलिसकर्मियों को जान से मारने और आग लगाने की धमकी दी जाती है। उक्त मुंशी ने थानाध्यक्ष कप्तानगंज से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष द्वारा नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

Thursday, 23 April 2026

आजमगढ़ बिलरियागंज बड़ी वारदात, शादी से पहले 4 घरों से रुपये और जेवरात ले उड़े चोर ग्रामीणों में दहशत, छत के रास्ते घुसे बदमाश, बेटी की शादी वाले घर में मातम


 आजमगढ़ बिलरियागंज बड़ी वारदात, शादी से पहले 4 घरों से रुपये और जेवरात ले उड़े चोर


ग्रामीणों में दहशत, छत के रास्ते घुसे बदमाश, बेटी की शादी वाले घर में मातम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित चांदपुर हरिजन बस्ती में 22-23 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। इस घटना ने एक ऐसे परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया, जहां कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होने वाली थी। चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर घरों के पीछे के रास्ते से छत पर चढ़े और फिर सीढ़ियों के सहारे अंदर प्रवेश कर गए। बताया जा रहा है कि सीढ़ियों पर दरवाजा न होने के कारण बदमाशों को घरों में घुसने में कोई विशेष कठिनाई नहीं हुई। पूरी रात चोर घरों में आराम से चोरी करते रहे और परिवार के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस वारदात में सबसे ज्यादा नुकसान गांव निवासी जगदीश राम पुत्र बलदेव राम के घर हुआ। उनकी बेटी की शादी तय है और 25 अप्रैल 2026 को तिलक की रस्म होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन चोरों ने बक्से की कुंडी तोड़कर उसमें रखे दो सोने की अंगूठी, एक घड़ी, एक मंगलसूत्र, एक नथुनी, दो जोड़ी मीना, एक कान का झाला, दो जोड़ी चांदी की छागल, कई नई साड़ियां और तिलक के लिए रखे गए एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित जगदीश राम ने रोते हुए बताया कि नकदी की जानकारी सिर्फ उन्हें और उनकी पत्नी को ही थी। अब सबसे बड़ी चिंता यह है कि बेटी का तिलक और शादी कैसे संपन्न होगी। जिस घर में शादी के गीत गूंजने थे, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है। 


चोरों ने जगदीश राम के सगे भाई श्रीनाथ के घर को भी नहीं बख्शा। वहां से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, चांदी की अंगूठी और दो सेट मीना चोरी कर लिए गए। तीसरे घर कमला राम पुत्र स्व. राजदेव राम के यहां भी चोरों ने जमकर चोरी की। यहां शादी में शामिल होने आई उनकी बेटी गुड्डी के जेवरात भी चोरी हो गए। चोरी हुए सामान में सोने की नथिया, मांगटीका, दो सोने की अंगूठी, पावजेब, कान का झाला, सोने का टप्स, दो मंगलसूत्र, चांदी की माला, सोने का लॉकेट और चांदी की छागल शामिल हैं। इसके अलावा कमला राम के परिवार की अन्य महिलाओं के जेवर भी चोर उठा ले गए। बड़ी बहू मीना के पावजेब, मांगटीका, मंगलसूत्र और कान का झाला, जबकि छोटी बहू मंजू के नथिया, मांगटीका, चांदी का करधन, दो सोने की अंगूठी, चांदी का पावजेब और हाथ की पलानी चोरी हो गई। इसी क्रम में चोरों ने लालमुनि राम के घर में भी घुसकर गोलक में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।


 घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, बिलरियागंज थाने के पुलिसकर्मी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है। गांव में इस सामूहिक चोरी की घटना के बाद दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पीड़ित परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती बेटी की शादी को समय पर संपन्न कराने की है, जिसके लिए वे प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Wednesday, 22 April 2026

जौनपुर थाना लाइन बाजार पुलिस टीम द्वारा अपहरण के अभियोग में वांछित 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, व अपह्रता को सकुशल किया गया बरामद


 जौनपुर थाना लाइन बाजार पुलिस टीम द्वारा अपहरण के अभियोग में वांछित 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, व अपह्रता को सकुशल किया गया बरामद



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा अपराध एवं अपराधियो के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण एवं दिशा निर्देशन में, प्रभारी निरीक्षक थाना लाइन बाजार जौनपुर के नेतृत्व में थाना लाइन बाजार पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 153/26 धारा 87  बीएनएस थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर से सम्बन्धित वांछित अभि0 अरमान अंसारी पुत्र मो0 नईम अंसारी नि0ग्राम लौकरी परियाँव  थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर उम्र करीब उम्र 19 वर्ष को थाना रामलपुर क्षेत्र जनपद अहमदाबाद गुजरात से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के भेजा गया तथा अपह्रता का बरामद कर परिजनो को सुपुर्द कर अग्रिम विधिक कार्यवाही किया जा रहा है।


गिरफ्तार अभियुक्त-

1.अरमान अंसारी पुत्र मो0 नईम अंसारी नि0ग्राम लौकरी परियाँव  थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर।


पंजीकृत अभिय़ोग -  

1.मु0अ0सं0 153/26 धारा 87  बीएनएस थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर।


गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम –

1.उ0नि0 विजय कुमार शर्मा, थाना लाइन बाजार,जौनपुर।

2.हे0का0 अनिल कुमार सिंह,थाना लाइन बाजार।

3.हे0का0 राजेश सिंह सेंगर, थाना लाइन बाजार जौनपुर ।

4.म0का0 रुपा सरकार, थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर।

जौनपुर थाना लाइन बाजार पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से 230 ग्राम नाजायज गांजा बरामद


 जौनपुर थाना लाइन बाजार पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से 230 ग्राम नाजायज गांजा बरामद



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा अपराध एवं अपराधियो के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण एवं दिशा निर्देशन में, प्रभारी निरीक्षक थाना लाइन बाजार जौनपुर के नेतृत्व में थाना लाइन बाजार पुलिस टीम द्वारा मुखबीर की सूचना के आधार पर अभियुक्त पन्नालाल यादव पुत्र रामराज यादव निवासी गड़हा बाघराय थाना तेजीबाजार जनपद जौनपुर के पास से 230 ग्राम  नाजायज गांजा के साथ गिरफ्तार कर मु0अ0सं0-163/26 धारा- 8/20 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कर मा0 न्यायालय भेजा गया।


गिरफ्तार अभियुक्त

1.पन्नालाल यादव पुत्र रामराज यादव निवासी गड़हा बाघराय थाना तेजीबाजार जनपद जौनपुर।


 बरामदगी- 

230 ग्राम  नाजायज गांजा 


गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-

1.उ0नि0 धनजी चौधरी, थाना लाइनबाजार जौनपुर।

2.हे0कां0 धनन्जय प्रसाद, पीआरवी 8791 थाना लाइनबाजार जौनपुर।

3.कां0 विशाल यादव, पीआरवी 8791 थाना लाइनबाजार जौनपुर।

4.हो0गा0चा0 अरविन्द यादव, पीआरवी 8791 थाना लाइनबाजार जौनपुर।

आजमगढ़ बिलरियागंज प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी पुलिस की सूझबूझ से दो घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया युवक, पूछताछ जारी


 आजमगढ़ बिलरियागंज प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, आत्महत्या की दी धमकी


पुलिस की सूझबूझ से दो घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया युवक, पूछताछ जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तोहफापुर गांव में बुधवार सुबह एक युवक द्वारा फिल्मी अंदाज में हाईवोल्टेज ड्रामा करने का मामला सामने आया। गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग के चलते, उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज युवक सुबह करीब 6:30 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर के शीर्ष पर पहुंचकर युवक ने आत्महत्या की धमकी देनी शुरू कर दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। 


सूचना मिलते ही बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने सुबह लगभग 8:30 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसआई योगेंद्र पाल के अनुसार युवक मानसिक तनाव में था, फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tuesday, 21 April 2026

उत्तर प्रदेश, भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग का निर्णय


 उत्तर प्रदेश, भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय



भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग का निर्णय



उत्तर प्रदेश लखनऊ, प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। अब बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि बच्चों को तेज धूप और गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नए समयानुसार विद्यालयों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होगा। इसके बाद नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। विद्यालयों में मध्यावकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करेंगे। 


निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया है कि मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के लिए उनकी प्रबंध समितियां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय निर्धारण करने के लिए अधिकृत होंगी। गौरतलब है कि प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के चलते शिक्षक संगठनों द्वारा लंबे समय से स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की जा रही थी। कुछ जिलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर समय में परिवर्तन किया जा चुका था, जिसके बाद अब प्रदेश स्तर पर यह निर्णय लिया गया है।

Monday, 20 April 2026

आजमगढ़ मुबारकपुर युवकों पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद प्रॉपर्टी विवाद में हुई थी हिंसक झड़प, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा


 आजमगढ़ मुबारकपुर युवकों पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद



प्रॉपर्टी विवाद में हुई थी हिंसक झड़प, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। 


जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को ग्राम सठियांव स्थित त्रिदेव ग्रुप प्लॉटिंग में हिस्सेदारी और निवेश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में मऊ जनपद के सत्यनंद चौबे और विकास चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है। घटना के दौरान कमलेश्वर दूबे उर्फ गोलू ने अवैध तमंचा निकालकर विपक्षी पक्ष को जान से मारने की नीयत से धमकाया। मामले में मुबारकपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने 20 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर दामोदरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी कमलेश्वर दूबे (28) निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।


 पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और रंजिश के चलते अवैध असलहा अपने पास रखता था। घटना के दिन उसी हथियार से उसने विपक्षी पक्ष को धमकाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित मुबारकपुर पुलिस टीम शामिल रही।

आजमगढ़ फूलपुर छात्र की संदिग्ध हालात में मौत, शरीर में जहर मिलने की आशंका बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आजमगढ़ फूलपुर छात्र की संदिग्ध हालात में मौत, शरीर में जहर मिलने की आशंका



बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव में एक 17 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल यादव (17) पुत्र मुन्नीलाल, जनता इंटर कॉलेज अंबारी में कक्षा 12 का छात्र था। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हायर सेंटर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने शरीर में जहर होने की आशंका जताई है। हालांकि, छात्र के शरीर में जहर कैसे पहुंचा, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद जनता इंटर कॉलेज अंबारी में शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गांव में घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

 

आजमगढ़ बरदह खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, जांच में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ बरदह खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी



फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, जांच में जुटी पुलिस



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेकमा बाजार स्थित सादीपुर पोखरा के पीछे रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पराली जलाने से उठी आग ने पास खड़ी एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी और स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। 


ग्रामीणों ने बाल्टी, पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। ग्रामीण रामसकल के अनुसार, ट्रक चालक वाहन खड़ा कर भोजन करने गया था। इसी दौरान पास में जलाई गई पराली से अचानक आग भड़क उठी और तेजी से फैलते हुए ट्रक तक पहुंच गई। कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। 


घटना की जानकारी मिलते ही ठेकमा चौकी से सिपाही पंकज यादव और सुनील सरोज मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक में आग लगने से कुछ नुकसान हुआ है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Sunday, 19 April 2026

आजमगढ़ गम्भीरपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की घटना कारित करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

आजमगढ़ गम्भीरपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की घटना कारित करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार के दिशा निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गम्भीरपुर थाने की पुलिस टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।


 मिली जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक संदीप दुबे ने मय हमराह फोर्स के साथ सक्रियता दिखाते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की घटना कारित करने के मामले में स्थानीय थाने पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 92/2026 अंतर्गत धारा 69 बीएनएस से संबंधित वांछित आरोपी पवन चौहान पुत्र रम्पू चौहान ग्राम परशुरामपुर थाना गम्भीरपुर जनपद आजमगढ़ को दिनाँक 18/04/2026 को सुबह लगभग 9:40 पर उसके घर से गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।

 

आजमगढ़ फूलपुर मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल गिरफ्तार


 आजमगढ़ फूलपुर मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल गिरफ्तार 


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना फूलपुर क्षेत्रों में हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। 


मिली जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के भोरमऊ पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने फरार चल रहे शातिर अभियुक्त केसरी चौहान को घेर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और पकड़ा गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल व नकदी बरामद हुई है। आरोपी की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी रूप में हुई है। आरोपी पर हत्या, चोरी, एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।


https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_19.html

आजमगढ़ फूलपुर प्रेम प्रसंग में युवक को मारी गोली बाइक से महिला के साथ जाते समय पति ने दिया घटना को अंजाम


 आजमगढ़ फूलपुर प्रेम प्रसंग में युवक को मारी गोली



बाइक से महिला के साथ जाते समय पति ने दिया घटना को अंजाम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत वैसाडीह स्थित अमृत सरोवर के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक एक महिला के साथ बाइक से फूलपुर की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार, अंजली चौहान निवासी आखुपुर कतरा कोटिया की शादी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी केशरी चौहान से हुई है।


 बताया जा रहा है कि अंजली का सरायमीर थाना क्षेत्र के पेडरा निवासी राकेश (28) पुत्र लालबहादुर से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी उसके पति को हो गई थी। शनिवार को अंजली अपने मायके से राकेश के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान वैसाडीह गांव के बाहर पंचायत भवन के पास अमृत सरोवर के निकट पीछे से पहुंचे पति केशरी चौहान ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई के दौरान राकेश पर फायरिंग कर दी। गोली राकेश के दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से में लगी। घटना के बाद राकेश और अंजली शोर मचाते हुए मौके से भागे। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 


घायल राकेश टाइल्स लगाने का काम करता है। उसने बताया कि अंजली के भाई के साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच पारिवारिक संबंध बने। आरोप है कि अंजली का पति उससे मारपीट करता था और दो दिन पहले भी उसे बुरी तरह पीटा गया था, जिसके इलाज के लिए वह उसे बाइक से ले जा रहा था। वहीं स्थानीय पुलिसकर्मियों के अनुसार दोनों के बीच अवैध संबंधों की चर्चा पहले से थी। बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी पति आपराधिक प्रवृत्ति का है और हाल ही में जेल से छूटकर आया था। प्रभारी निरीक्षक फूलपुर के अनुसार, घायल के परिजनों को बुलाकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। घटना में शामिल आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_0.html

Saturday, 18 April 2026

आजमगढ़ तरवा कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर युवक की हत्या, 2 महिलाओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार पुरानी रंजिश खत्म करने के बहाने घर बुलाकर पिलाया जहरीला पेय, इलाज के दौरान हुई मौत, तरवा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई


 आजमगढ़ तरवा कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर युवक की हत्या, 2 महिलाओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार


पुरानी रंजिश खत्म करने के बहाने घर बुलाकर पिलाया जहरीला पेय, इलाज के दौरान हुई मौत, तरवा पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र में कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर युवक की हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुवारी गांव निवासी प्रियंका सिंह ने थाना तरवां में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 16 अप्रैल 2026 को पुरानी रंजिश समाप्त करने के बहाने संध्या सिंह (60 वर्ष) और अर्चना सिंह (35 वर्ष) ने उसके भाई को अपने घर बुलाया। वहां उसे कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान 17 अप्रैल 2026 को उसकी मृत्यु हो गई। 


इस मामले में पुलिस ने पहले संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, बाद में मृत्यु होने पर हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे दोनों अभियुक्ताओं को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से की गई। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Friday, 17 April 2026

आजमगढ़ छात्रों से निजी काम करवाना पड़ा महंगा, प्रधानाध्यापक निलंबित वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई, मिड-डे मील में भी वित्तीय अनियमितता के आरोप, जांच शुरू


 आजमगढ़ छात्रों से निजी काम करवाना पड़ा महंगा, प्रधानाध्यापक निलंबित

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई, मिड-डे मील में भी वित्तीय अनियमितता के आरोप, जांच शुरू

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (प्रथम) में पढ़ाई के बजाय छात्रों से सफाई और निजी कार्य कराए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 


मामला उस समय प्रकाश में आया जब 10 अप्रैल 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और वायरल वीडियो के जरिए यह सामने आया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से गैर शैक्षणिक कार्य जैसे सफाई, व्यक्तिगत काम और सामान ढुलवाया जा रहा था। इसके साथ ही विद्यालय में मध्यान्ह भोजन को बाहर चूल्हे पर बनाए जाने को लेकर भी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिली। 


बीएसए कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 अप्रैल 2026 को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य बाल अधिकार शिक्षा अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन है और शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है। निलंबन अवधि में संबंधित प्रधानाध्यापक को जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार दिया जाएगा तथा उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अजमतगढ़ से संबद्ध किया गया है। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी हरैया को मामले की जांच सौंपी गई है और निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र तैयार कर विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत की जाए।

आजमगढ़ सरायमीर रिश्वत लेते रंगे हाथ सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह गिरफ्तार मुकदमे से नाम हटाने के लिए मांगे थे ₹1 लाख, एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार लेते पकड़ा


 आजमगढ़ सरायमीर रिश्वत लेते रंगे हाथ सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह गिरफ्तार



मुकदमे से नाम हटाने के लिए मांगे थे ₹1 लाख, एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार लेते पकड़ा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को 17/04/2026 को एंटी करप्शन यूनिट ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गई, जिसने आरोप लगाया था कि मुकदमे से नाम हटाने के बदले उससे ₹1 लाख की रिश्वत मांगी जा रही थी। 


जानकारी के अनुसार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी अवनीश राय ने एंटी करप्शन यूनिट को शिकायती पत्र देकर बताया कि सब इंस्पेक्टर लगातार उस पर पैसे देने का दबाव बना रहे थे। परेशान होकर उसने मामले की शिकायत संबंधित विभाग से की। शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और योजना के तहत पीड़ित को केमिकल लगे नोट देकर सब इंस्पेक्टर के पास भेजा गया। जैसे ही अभिषेक सिंह ने ₹20,000 की रिश्वत ली, पहले से मौजूद टीम ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सब इंस्पेक्टर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में एंटी करप्शन यूनिट की कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Thursday, 16 April 2026

आजमगढ़ पवई चलती बस में लगी भीषण आग चालक की सूझबूझ और तत्परता से टला बड़ा हादसा


 आजमगढ़ पवई चलती बस में लगी भीषण आग


चालक की सूझबूझ और तत्परता से टला बड़ा हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे माइल स्टोन 188.6 के पास सहेला गांव के निकट हुई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


 प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण संदीप अग्रहरि और रितेश सिंह के अनुसार, बस जैसे ही सहेला गांव के पास पहुंची, उसमें अचानक धुआं उठने लगा। यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी चालक को दी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और तेजी से सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। यात्रियों के सुरक्षित उतरते ही कुछ ही मिनटों में बस में आग भड़क उठी और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह जलने लगी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर सामान्य कराया। 


थानाध्यक्ष पवई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली पुरानी जेल के सामने बंधे पर मिली लावारिश लाश मौके पर फोरेसिंक टीम सहित पुलिस फोर्स पहुंची, शव को लिया कब्जे में


 आजमगढ़ शहर कोतवाली पुरानी जेल के सामने बंधे पर मिली लावारिश लाश



मौके पर फोरेसिंक टीम सहित पुलिस फोर्स पहुंची, शव को लिया कब्जे में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी जेल के सामने बंधे पर आज शाम करीब तीन बजे एक लावारिश लाश मिलने से हड़कंप मच गया।


 सूचना मिलते ही मौके पर शहर कोतवाली, सिविल लाइन पुलिस चौकी, रोडवेज पुलिस चौकी मौके पर पहुंच गयी। मौके पर पहुंची फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव को देखने से यह प्रतीत हो रहा था मृतक की उम्र 36 वर्ष के करीब है। उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। खबर  लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी।

बलिया इंस्पेक्टर ने दुष्कर्म पीड़िता से की अश्लील सौदेबाजी चार्जशीट के नाम पर मिलने का दबाव; वायरल ऑडियो की पुष्टि के बाद एसपी ने की सख्त कार्रवाई


 बलिया इंस्पेक्टर ने दुष्कर्म पीड़िता से की अश्लील सौदेबाजी


चार्जशीट के नाम पर मिलने का दबाव; वायरल ऑडियो की पुष्टि के बाद एसपी ने की सख्त कार्रवाई


उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहां तैनात ‘इंस्पेक्टर क्राइम’ नरेश मलिक पर दुष्कर्म पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाने और अश्लील बातचीत करने का आरोप लगा है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी इंस्पेक्टर के साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने उभांव थाने में तैनात एक वन दारोगा के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दारोगा को जेल भेज दिया था। इसी मुकदमे की विवेचना और चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया के दौरान इंस्पेक्टर नरेश मलिक ने पीड़िता से संपर्क बढ़ाया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने फोन पर पीड़िता से अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं और चार्जशीट जल्द लगाने के नाम पर मिलने का दबाव बनाया।


 वायरल ऑडियो और पीड़िता की शिकायत के अनुसार, इंस्पेक्टर ने कहा, “मुझसे मिल लो, दो मिनट में चार्जशीट लग जाएगी।” इसे लेकर उसने कथित तौर पर अशोभनीय सौदेबाजी की कोशिश की। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया और उच्चाधिकारियों को भेजकर न्याय की गुहार लगाई। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पहले एक अप्रैल को इंस्पेक्टर को उभांव थाने से हटाकर साइबर सेल में स्थानांतरित कर दिया था, ताकि वह जांच को प्रभावित न कर सके। पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक गुप्ता को सौंपी गई थी। जांच में वायरल ऑडियो की पुष्टि होने के बाद एसपी ओमवीर सिंह ने इंस्पेक्टर नरेश मलिक और थाना प्रभारी संजय शुक्ल को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। 


एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें इंस्पेक्टर की बातचीत को अशोभनीय और पद की गरिमा के विपरीत पाया गया। प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्राधिकारी रसड़ा को निर्देशित किया गया है कि पीड़िता से संपर्क कर पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।