Friday, 3 April 2026

आजमगढ़ सिधारी, दीदारगंज, मेहनगर, बरदह, आग का कहर शॉर्ट सर्किट से 85 बीघा गेहूं की फसल राख कई थाना क्षेत्रों में लगी आग से किसानों को भारी नुकसान, प्रशासन ने शुरू कराया आकलन


 आजमगढ़ सिधारी, दीदारगंज, मेहनगर, बरदह, आग का कहर शॉर्ट सर्किट से 85 बीघा गेहूं की फसल राख



कई थाना क्षेत्रों में लगी आग से किसानों को भारी नुकसान, प्रशासन ने शुरू कराया आकलन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को आग लगने की घटनाओं से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। शॉर्ट सर्किट और बिजली के तारों से गिरी चिंगारियों के कारण करीब 85 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जबकि एक स्थान पर मड़ई में आग लगने से हजारों रुपये का सामान नष्ट हो गया। 


सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा गांव में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलते हुए करीब पांच बीघा फसल को जला गई। ग्रामीणों ने अरहर की फसल, पेड़ों की डालियों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते आग को फैलने से रोक लिया। इस घटना में पुनवासी विश्वकर्मा, केवल विश्वकर्मा, राधेश्याम विश्वकर्मा, रामबचन विश्वकर्मा सहित कई किसानों की फसल जल गई।


 दीदारगंज थाना क्षेत्र के खेता पट्टी गांव में सुबह करीब 11:30 बजे 11 हजार वोल्ट बिजली के तार से गिरी चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। इस हादसे में करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। प्रभावित किसानों में ध्रुव सिंह, रूपेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, रमाकांत सिंह और हृदय नारायण सिंह शामिल हैं। 


मेहनगर थाना क्षेत्र के गौंरागांव में 132 केवीए विद्युत स्टेशन के पास दोपहर करीब ढाई बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और लगभग 50 से 60 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में रमाशंकर सिंह, रामप्रसाद, भूपेश सिंह राणा, विपिन सिंह टन्नू और डब्लू सिंह समेत कई किसानों को नुकसान हुआ।


 बरदह थाना क्षेत्र के जमुआवा ग्राम पंचायत में राजकुमार यादव की मड़ई में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जल गया। बताया गया कि पास में खरपतवार जलाने के दौरान आग फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। तहसील प्रशासन ने नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम को भेज दिया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। कुछ स्थानों पर पहुंचने में दिक्कतें आती हैं, लेकिन हर संभव प्रयास कर आग पर काबू पाया गया। लगातार हो रही आग की घटनाओं से किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

No comments:

Post a Comment