Saturday, 30 December 2023

आजमगढ़ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई विदाई राजेश कुमार त्रिपाठी एवं जगदीश प्रकाश सिंह अपने दायित्वों के प्रति हमेशा सजग एवं अनुशासित रहें-बीएसए


 आजमगढ़ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी गई विदाई



राजेश कुमार त्रिपाठी एवं जगदीश प्रकाश सिंह अपने दायित्वों के प्रति हमेशा सजग एवं अनुशासित रहें-बीएसए



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ नेहरू हाल स्थित वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय आजमगढ़ में ज्येष्ठ लेखा परीक्षक पद पर कार्यरत राजेश कुमार त्रिपाठी एवं कनिष्ठ सहायक जगदीश प्रकाश सिंह के सेवानिवृत होने पर शनिवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर व विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त एवं लेखाधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद बर्नवाल मौजूद रहे। कर्मचारियों ने उन्हे स्मृति चिन्ह व शाल भेंटकर भावभीनी विदाई दी। संचालन देवाशीष श्रीवास्तव ने किया।


मुख्य अतिथि बीएसए समीर ने बताया कि ज्येष्ठ लेखा परीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी एवं कनिष्ठ सहायक जगदीश प्रकाश सिंह ने अपने दायित्वों के प्रति हमेशा सजग एवं अनुशासित रहे हैं। इनका कार्य व्यवहार अनुकरणीय है। विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद बर्नवाल ने कहाकि राजेश कुमार त्रिपाठी व जगदीश प्रकाश सिंह के कार्याे को याद करते हुए उनकी ईमानदारी व कर्त्तव्य निष्ठा की सराहना की। 


उन्होंने कर्मचारियों से राजेश कुमार त्रिपाठी एवं जगदीश प्रकाश सिंह के कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि यादव सुनील कुमार भारत ने कहा कि ज्येष्ठ लेखा परीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी एवं कनिष्ठ सहायक जगदीश प्रकाश सिंह के अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिला। ज्येष्ठ लेखा परीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी एवं कनिष्ठ सहायक जगदीश प्रकाश सिंह ने कहा कि विभाग के सभी सदस्य मेरे परिवार की तरह रहे। आप सभी द्वारा मुझे जो सम्मान सेवाकाल में तथा अभी दिया गया है वह आजीवन स्मृति में रहेगा।



 इस मौके पर गिरश चंद, यशवंत सिंह, नीरज, एमपी सिंह, रमेश कुमार, अजय कुमार, देवाशीष श्रीवास्तव, अशोक मिश्रा, विजय शंकर विश्वकर्मा, रुदल प्रसाद, महेंद्र कुमार, बृजेश मौर्य, एहतेशाम, विकास वर्मा, रामाश्रय, धर्मेंद्र यादव, अजय सिंह, शशि भान सिंह, सुभाष पांडे, आयुष्मान पंकज, श्रीकांत सिंह, पंकज कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

आजमगढ़ दीदारगंज मफलर के सहारे लटका मिला युवक का शव पिता ने थाने में दी तहरीर, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में


 आजमगढ़ दीदारगंज मफलर के सहारे लटका मिला युवक का शव


पिता ने थाने में दी तहरीर, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के पल्थी (डिहवा) गांव निवासी एक युवक का शनिवार सुबह घर के दरवाजे पर लगे सीमेंट चादर में लगे बांस में मफलर के सहारे लटकता शव पाया गया। मृतक के पिता ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने बेटे के आत्महत्या करने की आशंका जताई।


जानकारी के अनुसार पल्थी डिहवा गांव निवासी राम प्रसाद उम्र 45 वर्ष पुत्र ईश्वर प्रसाद बीती रात खाना खाने के बाद सो गया। शनिवार की सुबह करीब 8 बजे घर के सामने लगे सीमेंट चादर के बस में मफलर के सहारे उसका शव लटकता पाया गया। इस दौरान घर पर सिर्फ मृतक के पिता ईश्वर 72 वर्ष मौजूद थे। पिता ने इसकी सूचना 112 नंबर व स्थानीय पुलिस को दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार व पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 


मृतक तीन भाई व तीन बहने हैं, तीनों बहनों की शादी हो गई है। मृतक के दो भाई मां के साथ वाराणसी में रहते हैं। मृतक की पहली शादी दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर में हुई थी किन्हीं कारणों से पत्नी अपने एक बच्चे के साथ मृतक रामप्रसाद को छोड़कर चली गई। कुछ दिन बाद मृतक ने दूसरी शादी किया, वह भी इस समय घर पर नहीं है। कुछ लोगों ने बताया कि मृतक आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। मृतक के पिता ने थाने पर तहरीर देकर बेटे के आत्महत्या करने की आशंका जताई है।

आजमगढ़ मेहनगर एडीजे के डाक्टर पिता की हृदयगति रूकने से हुई मौत 1999 में स्वास्थ्य विभाग के आंख के डॉक्टर पद से हुए थे रिटायर


 आजमगढ़ मेहनगर एडीजे के डाक्टर पिता की हृदयगति रूकने से हुई मौत


1999 में स्वास्थ्य विभाग के आंख के डॉक्टर पद से हुए थे रिटायर



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेहनगर नगर पंचायत के वार्ड नम्बर 4 लोहिया नगर निवासी डाक्टर अच्छे लाल विश्वकर्मा की 85 साल की उम्र में हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई। डाक्टर विश्वकर्मा कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज गैलेक्सी हॉस्पिटल वाराणसी में चल रहा था जहां इलाज के दौरान बीते शाम करीब 4 बजे हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गयी। 


मौत की सूचना मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। डाक्टर अच्छेलाल विश्वकर्मा क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में गिने जाते थे। वे 1999 में स्वास्थ्य विभाग के आंख के डॉक्टर पद से रिटायर होने के बाद से रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पद बने। इसके साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-कर कर हिस्सा लिया करते थे। डाक्टर विश्वकर्मा के दो पुत्रों में बड़े पुत्र डॉक्टर विमल कुमार जो नगर में सामाजिक कार्य किया करते हैं। छोटे पुत्र विजय कुमार विश्वकर्मा एडीजे वाराणसी में तैनात है। उनके मौत की सूचना मिलने के बाद उनके घर पर नगर से लेकर विभिन्न क्षेत्रों के संभ्रांत लोगों का ताता लगा रहा।


 इस दौरान पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, सुभाष जायसवाल, वीरेंद्र आर्य, कमलेश कुमार मधुकर, काली प्रसाद जायसवाल, मुन्नालाल बरनवाल, प्रकाश आर्य, राम रामबदन कनौजिया, अशोक चौहान, रामानंद यादव, रणवीर सिंह सहित नगर के समस्त व्यवसायी उपस्थित रहे।

मेरठ 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों सिपाही गिरफ्तार एंटी करप्शन टीम ने दर्ज कराया मुकदमा


 मेरठ 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों सिपाही गिरफ्तार


एंटी करप्शन टीम ने दर्ज कराया मुकदमा



उत्तर प्रदेश मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने परीक्षितगढ़ थाने की चितवाना पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी कर टीम सिपाही को भावनपुर थाने ले आई, जहां मुकदमा दर्ज किया। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सौदत्त निवासी एतकाद अली के बेटे मुजीब और रईस का वर्ष 2012 में किसी से झगड़ा हो गया। पुलिस ने धारा 323, 324 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया था। 19 नवंबर को कोर्ट ने मुजीब और रईस का गैर जमानती वारंट जारी कर दिये। वारंट परीक्षितगढ़ थाने पहुंचे और सिपाही फूल कुमार मिल गये।


फूल सिंह ने वारंट दबाकर रख लिये और कोर्ट के शीतकालीन अवकाश होने का इंतजार किया। कुछ दिन पहले न्यायालय में अवकाश घोषित हुआ तो फूल सिंह ने दबाकर रखे वारंट निकाल लिये। 23 दिसंबर को फूल कुमार ने मुजीब से संपर्क किया और चौकी आने का दबाव बनाया। मुजीब को वारंट दिखाकर जेल भेजने की धमकी दी। मौका पाकर सिपाही ने दोनों भाईयों को जेल न भेजने की एवज में 20 हजार रुपये की मांग कर दी। मुजीब ने इतना पैसा होने से इंकार कर दिया। दो दिन बाद सिपाही फिर मिला। इस बार उसने 10 हजार रुपये मांगे। जिस पर मुजीब राजी हो गया। वह सिपाही के चलते मानसिक तनाव झेल रहे थे।


 मौका पाकर वह एंटी करप्शन के दफ्तर आ गये और सिपाही की शिकायत की। एंटी करप्शन की टीम ने छानबीन की और शुक्रवार को ट्रैप की तैयारी कर ली। सुबह मुजीब को बुलाकर पाउडर लगे 500-500 के 20 नोट थमाए और सिपाही के बुलाये स्थान पर भेज दिया। सिपाही फूल कुमार चितवाना शेरपुर चौकी पर मौजूद था।

Friday, 29 December 2023

आजमगढ़ में अखिलेश यादव खुलकर भाजपा पर बरसे कहा भाजपा को हराना है तो यूपी में हराना होगा आने वाले चुनाव में आजमगढ़ से आएगा ऐतिहासिक परिणाम




 

आजमगढ़ में अखिलेश यादव खुलकर भाजपा पर बरसे



कहा भाजपा को हराना है तो यूपी में हराना होगा


आने वाले चुनाव में आजमगढ़ से आएगा ऐतिहासिक परिणाम



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अखिलेश यादव शुक्रवार को आजमगढ़ में पहुंचे थे। वह यहां एक शादी के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे बातचीत की, अखिलेश भी खुलकर बीजेपी पर बरसे। उनका कहना था कि यूपी की 80 सीटें बहुत अहम हैं। अगर देश से बीजेपी को हटाना है तो उसे यूपी में हराना होगा। इसके अलावा अखिलेश ने योगी सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। अखिलेश बोले, समाजवादी पार्टी लगातार कार्यक्रम कर रही है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले चुनाव में आजमगढ़ से ऐतिहासिक परिणाम आएगा। ऐतिहासिक परिणाम का इंतजार पूरे देश को भी है। उत्तर प्रदेश आने वाले चुनाव में सबसे बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। मुझे उम्मीद है कि जनता निर्णय लेगी और भारतीय जनता पार्टी का यूपी से सफाया होगा। इसीलिए कई बार इस बात को समाजवादियों ने भी कहा और गठबंधन ने भी कहा है कि उत्तर प्रदेश से बीजेपी को हटाने का मतलब है देश से बीजेपी को हटाना।


वह आगे बोले, 80 हराइए बीजेपी हटाइए... इस नारे पर समाजवादी लगातार काम कर रहे हैं। पीडीए ही एनडीए का मुकाबला करेगा। भारतीय जनता पार्टी ने जो पिछले वादे किए हैं कि किसानों की आय दोगुनी होगी, नौजवानों को नौकरी मिलेगी तो आज कम से कम इन लोगों को बताना चाहिए कि कितने लोगों को नौकरी दी है इन्होंने, कितने लोगों को रोजगार मिल गया है?


योगी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश ने कहा, मीडिया में तो बड़े-बड़े विज्ञापन छपे हैं। सदन में सीएम योगी ने कहा कि 40 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं। अगर इतने एमओयू हुए हैं तो कम से कम आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, बनारस, गाजीपुर, बलिया या कम से कम गोरखपुर में इन्वेंस्टमेंट तो आया होगा। जिस सरकार के दो साल यों ही गुजर गए हों, तीसरा बजट आने वाला हो, उसके बाद जमीनें चिन्हित कर रहे हों कि हमें जमीनें चाहिए तब इन्वेस्टमेंट आएगा? सरकार ने तैयारी नहीं की है, मुझे नहीं लगता है कि इन्वेस्टमेंट आएगा।


अखिलेश ने नोटबंदी को विफल बताते हुए कहा, आज बाजार में 70 पर्सेंट से ज्यादा कैश फ्लो है। पहले से ज्यादा कैश आज मार्केट में है। नोटबंदी में तर्क दिया था कि इससे भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, लेकिन झारखंड में बड़ी मात्रा में पैसा पकड़ा गया। किसकी नाकामी है यह? सरकार ने नोटबंदी की हो और एक शख्स के पास तीन सौ करोड़ से ज्यादा पैसा निकले? इसी तरह याद कीजिए यूपी में इत्र व्यापारी पर निकला था पैसा? सरकार ने आरोप लगाया कि यह समाजवादियों का है। अब चुनाव आने वाला है अब कम से कम उस इत्र व्यापारी से समाजवादियों की मदद तो कराइए।


पूर्व सीएम ने आगे कहा, आपकी वह पॉलिसी फेल हो गई, किसान का धान नहीं खरीदा गया, घर-घर बेरोजगार बैठे हैं। अखिलेश ने सवाल किया कि जातीय जनगण्ना कब होगी, उन्होंने आगे कहा, सामाजिक न्याय बिना जातीय जनगणना के संभव नहीं है। कुछ लोग सबकुछ पा रहे हैं। वाइस चांसलर की नियुक्ति किन लोगों की हो रही है, ये वीसी जिन्हें नौकरी दे रहे हैं वे लोग कौन हैं? इसका सरकार के पास क्या जवाब है। अखिलेश बोले, देश के आंकड़े दूसरे तरह के हैं, हमारे सीएम कहते हैं कि वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाएंगे। वह अंग्रेजी में तो इसलिए बोलते हैं ताकि किसी को समझ नहीं आए।

लखनऊ 2 दर्जन आईपीएस अधिकारियों का होगा तबादला चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश सरकार करने जा रही कार्रवाई


 लखनऊ 2 दर्जन आईपीएस अधिकारियों का होगा तबादला


चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश सरकार करने जा रही कार्रवाई



उत्तर प्रदेश लखनऊ राज्य सरकार अगले महीने दो जोन के एडीजी समेत करीब दो दर्जन आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर करने की तैयारी में है। मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग के निर्देश पर एक जगह बीते तीन वर्ष से तैनात अधिकारियों को हटाया जाना है। इसके अलावा जोन, रेंज, कमिश्नरेट और जिलों में तैनात ऐसे अधिकारी भी हटाए जाएंगे, जिन्होंने वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव कराया था लेकिन उनका तबादला नहीं किया गया। शासन द्वारा ऐसे अधिकारियों की फेहरिस्त तैयार कर ली गयी है। वहीं, चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक करीब 250 पीपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया जा चुका है।


 जिन आईपीएस का तबादला किया जाना है, उनमें मेरठ के एडीजी जोन राजीव, गोरखपुर जोन के एडीजी अखिल कुमार, अलीगढ़ के एसएसपी कलानिधि नैथानी, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात एसपी पीके तिवारी, रईस अख्तर, एसएम कासिम आबिदी, श्याम नारायण सिंह और नोएडा कमिश्नरेट में तैनात एसपी हरीश चंदर शामिल हैं।


इसके अलावा बीते विधानसभा चुनाव से तैनात जिन अधिकारियों को हटाया जाना है, उनमें वाराणसी के एडीजी जोन रामकुमार, कानपुर के आईजी रेंज प्रशांत कुमार द्वितीय, झांसी के डीआईजी जोगेंद्र कुमार, कानपुर कमिश्नरेट में तैनात सलमान ताज पाटिल, प्रमोद कुमार, आजमगढ़ के एसपी अनुराग आर्य, वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात अमित कुमार प्रथम, विक्रांत वीर, राम सेवक गौतम, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात अपर्णा रजत कौशिक, बदायूं के एसपी ओमप्रकाश सिंह आदि शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस फेहरिस्त में शामिल कई अधिकारियों को बृहस्पतिवार को पदोन्नत भी किया गया है।


बताते चलें कि चुनाव आयोग के निर्देश पर डीजीपी मुख्यालय ने बीते कुछ दिनों के दौरान करीब 250 पीपीएस अधिकारियों का तबादला भी किया है। इनमें से जिन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच अथवा कोई शिकायत थी, उनको फील्ड में तैनाती नहीं दी गयी है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी भी इधर से उधर किए गये हैं।

लखनऊ एसआई और एएसआई के 921 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू जानिए अर्हता और आवेदन का समय


 लखनऊ एसआई और एएसआई के 921 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू


जानिए अर्हता और आवेदन का समय



उत्तर प्रदेश लखनऊ पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने लेखा, लिपिक और गोपनीय संवर्ग के सहायक उप निरीक्षक और उपनिरीक्षक के 921 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। बोर्ड ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 7 जनवरी से 28 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।


भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष डीजी रेणुका मिश्रा ने बताया कि पुलिस उप निरीक्षक (गोपनीय) के 268, सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) के 449 और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के 204 पदों पर पुरुषों एवं महिलाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गये हैं। आवेदन शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके लिए अभ्यर्थी को एक जुलाई 2023 को 21 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो और 28 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण न की हो। अर्थात अभ्यर्थी का जन्म एक जुलाई 1995 से पूर्व तथा एक जुलाई 2002 के बाद न हुआ हो।


ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी : आवेदन पत्रों के परीक्षण के बाद 400 अंकों की ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कुल 200 प्रश्न होंगे। परीक्षा में सामान्य ज्ञान/कंप्यूटर ज्ञान, सामान्य जानकारी/सामयिक विषय, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता परीक्षा तथा मानसिक अभिरुचि परीक्षा/बुद्धिलब्धि परीक्षा/तार्किक परीक्षा संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।


ये होनी चाहिए शैक्षिक अर्हता: उप निरीक्षक (गोपनीय) और सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) के लिए स्नातक, टाइपिंग और कंप्यूटर में ओ लेवल का सर्टिफिकेट होना चाहिए। वहीं सहायक उप निरीक्षक (लेखा) के लिए वाणिज्य में स्नातक की डिग्री, टाइपिंग और कंप्यूटर में ओ लेवल का सर्टिफिकेट होना चाहिए।