Thursday, 19 January 2023

कानपुर कंकाल बना शव, 29 दिन फंदे से लटकी रही युवक की लाश वापस आई पत्नी तो हुआ दिल दहला देने वाला खुलासा


 कानपुर कंकाल बना शव, 29 दिन फंदे से लटकी रही युवक की लाश


वापस आई पत्नी तो हुआ दिल दहला देने वाला खुलासा


उत्तर प्रदेश कानपुर के बिल्हौर में पति से विवाद के बाद ननद के घर चली गई महिला गुरुवार को जब लौटी तो कंकाल बन चुका पति का शव फंदे से लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 29 दिन से फंदे से लटका था। आबादी से दूर स्थित घर में बाहर से ताला लगा था। इस वजह से किसी को घटना की भनक भी नहीं लगी। मामला अरौल थाना क्षेत्र के गिलवट अमीनाबाद गांव का है। 


जानकारी के अनुसार सुदामा शर्मा (30) पत्नी कीर्ति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। पिता शिवकुमार और दो भाइयों से संपत्ति का बंटवारा होने के बाद गांव से थोड़ा दूर नए घर में रहने लगा था। पत्नी कीर्ति ने बताया कि 18 दिसंबर को पति से विवाद हो गया था।


इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ ननद के घर उत्तरीपुरा चली गई थी। 21 दिसंबर तक पति से मोबाइल फोन पर बात होती रही। इसके बाद से पति से कोई बात नहीं हुई। आशंका है कि 21 दिसंबर को ही पति ने घर के बाहर के दरवाजे पर ताला डाल दिया। इसके बाद किसी तरह अंदर जाकर फंदे से लटक गया। कई दिन से बात न होने पर जब वह लौटी तो पति का शव लटकता मिला। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव 25 से 30 दिन पुराना लग रहा है।

अंबेडकरनगर प्रेमिका से पीड़ित प्रेमी ने खाया जहर, मौत प्रेमिका और उसके माता-पिता पर मुकदमा दर्ज


 अंबेडकरनगर प्रेमिका से पीड़ित प्रेमी ने खाया जहर, मौत



प्रेमिका और उसके माता-पिता पर मुकदमा दर्ज


अंबेडकरनगर के आलापुर में उत्पीड़न से तंग एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने ही जहर खा लिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक युवक की मां की तहरीर पर आरोपी युवती और उसके मां बाप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।


आलापुर थाना क्षेत्र के ख्वाजापुर की राजदेई पत्नी बुद्धिराम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पुत्र विकास का प्रेम प्रसंग गांव की ही युवती दीपशिखा से था। दीपशिखा उसके पुत्र को ब्लैकमेल कर आये दिन पैसा वसूलती थी। विकास के शादी से इंकार करने के बाद दीपशिखा ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया था। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोमवार को उसके पुत्र विकास ने लालजी सिंह की बाग में दीपशिखा को सुलह समझौते के लिए बुलाया जहां पर दीपशिखा ने उसे बहुत परेशान किया। इस पर विकास ने दीपशिखा के सामने ही जहर खा लिया। जहर खाने के बाद विकास घर आया तो उसने बताया कि दीपशिखा ने समझौत करने के लिए बुलाया था लेकिन उसके मानसिक रूप से प्रताड़ित करने पर उसने जहर खा लिया है।


परिजन विकास को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां पर उसे मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे अकबरपुर में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की मां ने पुत्र की मौत के लिए युवती दीपशिखा के साथ ही उसके पिता श्यामनारायण तथा माता संगीता को भी जिम्मेदार ठहराया है। थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी

फिरोजाबाद दूसरे के दस्तावेज पर प्रधानाध्यापिका बन गई हाईस्कूल फेल रजनी बर्खास्त, वेतन की वसूली के आदेश


 फिरोजाबाद दूसरे के दस्तावेज पर प्रधानाध्यापिका बन गई हाईस्कूल फेल रजनी


बर्खास्त, वेतन की वसूली के आदेश


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दूसरों के दस्तावेज पर नौकरी करने का एक मामला सामने आया है। रजनी ने आगरा की रहने वाली सोनल के दस्तावेज से प्रधानाध्यापिका बन गई। लेकिन गजब तो ये है कि रजनी हाईस्कूल फेल है। ये मामला एक शिकायत के बाद सामने आया तो कई जांचों के बाद एडी बेसिक ने प्रधानाध्यापिका को बर्खास्त कर उससे अब तक दिए गए वेतन की वसूली के आदेश बीएसए को दिए हैं।


ये मामला हुब्बलाल बालिका विद्यालय का है। शिकायत मिली थी कि स्कूल में तैनात शिक्षिका सोनल यादव किसी दूसरी महिला के दस्तावेज और नाम पर नौकरी कर रही है। उसका असली नाम रजनी है। उसने शैक्षिक प्रमाण पत्रों में हेराफेरी की है। जिस सोनल यादव के दस्तावेज लगाए गए हैं, वह पढ़ाई करने के दौरान ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस टू आगरा में किराए पर रहती थी। मिली जानकारी के अनुसार उसके पिता का नाम भी रजनी के पिता के नाम से मेल खाता है। जबकि रजनी रामकृष्ण नगर जलेसर रोड पर रहती थी। रजनी, प्रबंधक के भतीजे की पत्नी है। इस पर विभाग ने जांच शुरू की तो कई बिंदु सामने आए।


उधर जिस सोनल के दस्तावेज नौकरी में प्रयोग किए गए थे। उसने भी विभाग को अपने प्रमाणपत्र देते हुए कहा कि वह कहीं भी नौकरी नहीं कर रही है। अक्टूबर में तत्कालीन बीएसए अंजली अग्रवाल ने तीन सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका को बर्खास्त कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश भी दिए।


प्रबंध तंत्र ने इस मामले में 18 जनवरी को एडी बेसिक के समक्ष कार्रवाई का उल्लेख न करते हुए कहा कि बीएसए द्वारा गठित कमेटी मामले की जांच कर रही है। एडी बेसिक ने इसे गुमराह करने वाला तथ्य माना और बीएसए फिरोजाबाद को निर्देश दिए कि उक्त शिक्षिका को बर्खास्त कर अवैधानिक वेतन भुगतान की वसूली की जाए।

गाजीपुर नायब तहसीलदार के बिगड़े बोल कहा मन्दिर जाने वाले बेवकूफ, राम मन्दिर दुकानदारी


 गाजीपुर नायब तहसीलदार के बिगड़े बोल


कहा मन्दिर जाने वाले बेवकूफ, राम मन्दिर दुकानदारी


गाजीपुर सेवराई तहसील क्षेत्र के शक्तिपीठ के रूप में विख्यात मां कामाख्या धाम पर दर्शन पूजन करने के लिए डा0 अखिलेश कुमार मिश्रा आई.ए.एस. विशेष सचिव उच्चशिक्षा उ०प्र० शासन एवं नामित नोडल अधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता समेत सेवराई एसडीएम और खुद नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर समेत तमाम लोग भी पहुंचे हुए थे।


 वहां से दर्शन पूजन कराकर लौटने के बाद सेवराई तहसील के सार्वजनिक स्थान पर नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर अपना हिम्मत दिखाते हुए देवी-देवताओं व मंदिरों में पूजा करने वाले लोगों का विरोध करते हुए कहा कि मंदिर में पूजा में आस्था रखने वाले लोग को बेवकूफ बता रहे थे।


बताया जाता है की जब मीडिया की नजर हिम्मत बहादुर के बदजुबानी पर पड़ी तो मीडियाकर्मियों ने उसे अपने कैमरे में कैद करते हुए कुछ सवाल किए। जिसका उन्होंने बेअदबी से जवाब देते हुए कहा कि मंदिर में आस्था रखने वाले लोग बेवकूफ हैं। अयोध्या में बनने वाला राम मंदिर डंके की चोट पर कहता हूं कि दुकानदारी इस बात को जहां भेजना है भेज दीजिए मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं इतना कमजोर नहीं हूं।


 मौके पर उपस्थित लेखपालों ने जब देखा कि नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर काफी देवी देवताओं के ऊपर अनाप-शनाप कर रहे हैं तो उन्हें पकड़कर अंदर कमरे में लेकर चले गए।

Wednesday, 18 January 2023

आजमगढ़ निजामाबाद 9 माह पूर्व प्रेमी संग फरार हुई युवती बरामद, पुलिस देख प्रेमी फरार


 आजमगढ़ निजामाबाद 9 माह पूर्व प्रेमी संग फरार हुई युवती बरामद, पुलिस देख प्रेमी फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ निजामाबाद क्षेत्र से लगभग 9 माह पूर्व प्रेमी के साथ फरार हुई युवती को पुलिस ने बुधवार को दिन में रानी की सराय स्थित शंकरपुर चेकपोस्ट से अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस देख युवती के साथ रहा प्रेमी मौके से भाग खड़ा हुआ। बरामद की गई युवती को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।


अहरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती निजामाबाद क्षेत्र में स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। इस दौरान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मानपुर ग्राम निवासी सचिन पुत्र राजेन्द्र से उसकी आंखें चार हुईं और दोनों के बीच लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया। इस बात की भनक लगने पर जब युवती के ननिहाल वालों ने उसपर पाबंदी लगाई तो बीते वर्ष 15 मई को उक्त युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई। प्रेमी युगल भागकर मध्य प्रदेश के रीवां जिले में चोरी छिपे रहने लगा।


 इधर बहला फुसलाकर कर अगवा की गई युवती के नाना मोतीराम ने स्थानीय थाने में नतिनी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए प्रेमी सचिन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई। बताते हैं कि बुधवार को दोनों प्रेमी युगल जिले में पहुंचे और रानी की सराय क्षेत्र में शंकरपुर चेकपोस्ट पर वाहन से उतरे और वहां किसी अन्य वाहन का इंतजार करने लगे। इसी बीच जरिए मुखबिर सूचना पुलिस को मिली और फरिहां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुल्तान सिंह अपने सहकर्मियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंच गए। पुलिस देख युवती के साथ रहा प्रेमी उसे छोड़कर फरार हो गया। चौकी प्रभारी के साथ रही महिला आरक्षियों ने युवती को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस इस मामले में आरोपित युवक की तलाश में जुट गई है।

आजमगढ़ कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरा बजरंग दल जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी के बाद जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


 आजमगढ़ कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरा बजरंग दल



जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी के बाद जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


आजमगढ़ देश के कई हिस्सों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बजरंगियों का आक्रोश जिला मुख्यालय पर भी देखने को मिला। बुधवार को विहिप की युवा शाखा बजरंग दल द्वारा कलेक्ट्रेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। पहले तो कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान के निकट एकत्रित होकर जय श्री राम का नारा लगाते हुए हाथों में तख्तियां लिए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचे। जहां जमकर जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी की गई।


बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक गौरव रघुवंशी ने बताया कि जिहादी ताकतों द्वारा कभी सर तन से जुदा के नाम पर तो कभी विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की चोरी छिपे हत्या के नाम पर हिन्दू समाज को आतंकित करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। बीते 8 जनवरी को असम के करीमगंज जिले में बजरंग दल के कार्यकर्ता शंभु कोइरी की एक जिहादी द्वारा चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। कर्नाटक में हर्षा की हत्या, दिल्ली में रोहित शर्मा की हत्या समेत पिछले दो वर्षों में बजरंग दल के 9 कार्यकर्ताओं की हत्या के साथ 32 कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले हुए है। सोची समझी साजिश के तहत हमलों के लिए नाबालिगों को आगे किया जा रहा है, जो कि मदरसों की शिक्षा के कारण क्रूरता और घृणा से कूट-कूट कर भरे होते हैं। इसलिए बजरंग दल राष्ट्रपति से मांग करता है कि भड़काऊ भाषण देने वाले मौलवियों और नेताओं पर नियंत्रण करने के लिए एक कठोर कानून बनाया जाए, इन हमलों में शामिल नाबालिगों को बालिग मानकर कठोर सजा दी जाए जिससे कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगे एवं हिंसा के लिए प्रेरती करने वाले सिमी, सिटीजन फोरम जैसे संगठनों को प्रतिबंधित करते हुए मदरसों पर प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था बनाई जाए।


बजरंग दल आर्यमगढ़ के विभाग संयोजक कुंवर गजेंद्र सिंह ने कहा कि बजरंगियों की हत्या के विरोध में देश भर में आज बजरंगदल द्वारा विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन का कार्यक्रम किया जा रहा है, ऐसी घटनाएं हिन्दू समाज को कमजोर कर रही हैं, केंद्र व राज्य सरकारें इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें अन्यथा बजरंगदल और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल आर्यमगढ़ के जिला सह संयोजक उत्कर्ष व फूलपुर जिला संयोजक प्रशांत सिंह ने किया।


ज्ञापन देने वालों में विहिप विभाग अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, संतोष गुप्ता, शंकर यादव, अधिवक्ता मनोज सिंह, अरुण राय, किशन मोदनवाल, अरविंद अग्रवाल, राघवेंद्र मिश्र लड्डू, अरविंद मोदनवाल, हिमांशु राज, सूरज निषाद, आकाश राय, गौरव गुप्ता, संगम मौर्या, अजीत सोनकर, दीपक मौर्या, रत्न गुप्ता, अमन वर्मा, मुनीब, सागर मोदनवाल, मृत्युंजय सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आज़मगढ़ हाफिजे कुरान होने पर पत्रकार के पुत्र सहित 16 हुुए सम्मानित


 आज़मगढ़ हाफिजे कुरान होने पर पत्रकार के पुत्र सहित 16 हुुए सम्मानित


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ तहसील व थाना निजामाबाद के ग्राम खुटहना स्थित मदरसा इस्लामिया नसीरूल उलूम में दिनाँक 17 जनवरी 2023 को जनपद के विभिन्न गांवों के 16 बच्चों द्वारा कुरान करीम का हाफिजा मुकम्मल करने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया॥


 जिसमे मोहम्मद समीर, मोहम्मद सफवान,मोहम्मद नादिर,मोहम्मद माज,मोहम्मद अब्दुर्रहमान,मोहम्मद असजद,मोहम्मद उमैर,मुहम्मद यासिर सहित एक दर्जन से अधिक होनहार साथियों को इस महान उपलब्धि की प्राप्ति पर  फूल माला पहनाकर उनकी हौसला अफजाई की गई और क्षेत्र के मशहूर उलमाओं की उपस्थिति में पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया।


इस मौके पर विश्व व देश प्रदेश में अमन और शांति के लिए खास तौर पर दुआ और प्रार्थना की गई। कार्यकम में मुख्य रूप से मौलाना वसीम शेरवानी,मुफ्ती अब्दुल कुद्दूस,कारी महमूद बल्यावी,मुफ्ती अशरफ खुटाहना,कारी हबीब,मौलाना ओसामा,ग्राम प्रधान गुलाम अंबिया,पत्रकार सरफराज मोहज़्ज़बी के अतिरिक्त क्षेत्र व आस पास के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।



ब्यूरो रिपोर्ट आजमगढ़